/financial-express-hindi/media/media_files/s0Tt7eN0icdoendEOk49.jpg)
Motor car insurance policy: लाखों के नुकसान से बच सकता है आपका वाहन बीमा, जानें कैसे. (Image: FE)
Motor Insurance Benefits: सड़क पर सुरक्षा अब सिर्फ सावधानी से नहीं, बल्कि सही तैयारी से भी तय होती है और इसी तैयारी को मजबूत करने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस परिवहन शोध संस्थान ने वाहन बीमा संबंधी एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है. हाल के वर्षों में सड़क हादसों, कानूनी जटिलताओं और बढ़ते आर्थिक जोखिमों ने साफ कर दिया है कि बिना बीमा सड़क पर उतरना न सिर्फ कानूनन गलत, बल्कि बेहद खतरनाक भी है. हर वाहन के लिए बीमा क्यों जरूरी है और इसके 5 बड़े फायदों के बारे में आइए समझते हैं.
हर वाहन के लिए क्यों जरूरी है बीमा?
मानसिक शांति
बीमा आपके सफर को सुरक्षित और निश्चिंत बनाता है. किसी भी आकस्मिक घटना में यह ढाल की तरह काम करता है, जिससे अनहोनी का डर कम हो जाता है.
दुर्घटना में आर्थिक सुरक्षा
एक सड़क दुर्घटना कभी-कभी कई महीनों की बचत खत्म कर सकती है—मरम्मत, अस्पताल खर्च और अन्य नुकसान बेहद भारी पड़ते हैं. बीमा इन खर्चों को काफी हद तक कवर करता है और वाहनों के मालिकों को आर्थिक संकट से बचाता है.
थर्ड-पार्टी दायित्वों से राहत
यदि दुर्घटना में किसी अन्य व्यक्ति को चोट, मृत्यु या संपत्ति नुकसान होता है, तो उसका पूरा मुआवजा बीमा कंपनी देती है. इससे वाहन मालिक पर कानूनी और आर्थिक बोझ नहीं पड़ता.
अपने वाहन की सुरक्षा (Own Damage)
दुर्घटना, आग, प्राकृतिक आपदा, तोड़फोड़ या चोरी, ऐसी किसी भी स्थिति में बीमा लाखों के संभावित नुकसान से बचाता है. यह एक पूरी तरह से व्यापक सुरक्षा कवच है.
कैशलेस मरम्मत सुविधा
बीमित वाहन होने पर नेटवर्क गैरेज में बिना नगद भुगतान के मरम्मत सेवाएं मिलती हैं. इससे समय भी बचता है और वाहन की गुणवत्ता पूर्ण मरम्मत भी सुनिश्चित होती है.
बिना बीमा वाहन चलाना पड़ सकता है भारी
मध्यप्रदेश पुलिस परिवहन शोध संस्थान द्वारा जारी एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि वाहन चलाने के लिए कम से कम थर्ड पार्टी बीमा अनिवार्य है. मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 146 के तहत बिना बीमा सार्वजनिक स्थान पर वाहन चलाना कानूनन अपराध है.
मध्यप्रदेश पुलिस परिवहन शोध संस्थान द्वारा वाहन बीमा संबंधी एडवाइजरी जारी
— Jansampark MP (@JansamparkMP) November 21, 2025
पुलिस परिवहन शोध संस्थान ने सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों में वाहन बीमा के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। हाल के वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं और उनसे… pic.twitter.com/vxxL4rIlr4
बिना बीमा पकड़े जाने पर भारी जुर्माना
- दोपहिया वाहन: 1000 रुपये
- हल्का वाहन: 3000 रुपये
- मध्यम और भारी वाहन: 5000 रुपये
साथ ही कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है.
दुर्घटना में बीमा नहीं तो सारा खर्च वाहन मालिक पर
अगर बीमा नहीं है, तो पीड़ित को दी जाने वाली पूरी क्षतिपूर्ति वाहन मालिक को अपने पैसे से भरनी पड़ती है.
दुर्घटना में बीमा विवरण देना अनिवार्य
दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित की मांग पर वाहन चालक या स्वामी को बीमा से जुड़ी जानकारी तुरंत देनी होगी.
दुर्घटना की सूचना 24 घंटे में देना जरूरी
अगर मौके पर पुलिस मौजूद न हो, तो वाहन मालिक को निकटतम थाने में घटना की जानकारी 24 घंटे के भीतर देनी चाहिए.
एडवाइजरी से स्पष्ट है कि वाहन बीमा सिर्फ एक कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि सड़क पर हर यात्रा को सुरक्षित बनाने की आवश्यक शर्त है. समय पर बीमा करवाना, उसे नवीनीकृत रखना और वाहन से जुड़े दस्तावेज अद्यतन रखना आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us