scorecardresearch

Bharat Coking Coal IPO : खुल गया 1,071 करोड़ का आईपीओ, क्या आपको करना चाहिए सब्सक्राइब

BCCL IPO Strength : कोकिंग कोल में कंपनी की मजबूत पकड़, बड़े भंडार और भारत के स्टील सेक्टर में इसकी अहम भूमिका के कारण यह इश्यू उन निवेशकों के लिए अच्छा हो सकता है जो लिस्टिंग के समय जल्दी मुनाफा कमाना चाहते हैं.

BCCL IPO Strength : कोकिंग कोल में कंपनी की मजबूत पकड़, बड़े भंडार और भारत के स्टील सेक्टर में इसकी अहम भूमिका के कारण यह इश्यू उन निवेशकों के लिए अच्छा हो सकता है जो लिस्टिंग के समय जल्दी मुनाफा कमाना चाहते हैं.

author-image
Sushil Tripathi
New Update
BCCL IPO, BCCL IPO Review, Brokerage on BCCL IPO, Bharat Coking Coal IPO, BCCL IPO Latest GMP, BCCL IPO Structure, BCCL IPO Price Band and Lot Size, BCCL IPO size

BCCL IPO GMP : कंपनी का अनलिस्टेड स्टॉक ग्रे मार्केट में 11 रुपये के प्रीमियम (48%) पर ट्रेड कर रहा है. : (Pixabay)

Bharat Coking Coal (BCCL) IPO Review : भारत कुकिंग कोल का आईपीओ रिटेल निवेशकों के लिए आज 9 जनवरी को खुल गया है और इसे 13 जनवरी तक सब्‍सक्राइब किया जा सकता है. आईपीओ का साइज 1,071 करोड़ रुपये है, जबकि कंपनी ने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 21 से 23 रुपये प्रति शेयर तय किया है. यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल है. इसमें कंपनी ओएफएस के जरिए करीब 46,57,00,000 इक्विटी शेयर बेचेगी. 

आईपीओ (Bharat Coking Coal IPO) के तहत शेयर अलॉटमेंट 14 जनवरी को होंगे, जबकि रिफंड 15 जनवरी को और स्‍टॉक मार्केट लिस्टिंग 16 जनवरी, 2026 को होगी. लॉट साइज 600 शेयरों का है, यानी रिटेल निवेशकों को कम से कम 13,800 रुपये के साथ आवेदन करना जरूरी है. जबकि वे अधिकतम 14 लॉट के लिए 1,93,200 रुपये की बोली लगा सकेंगे. 

Advertisment

Amagi Media के आईपीओ का प्राइस बैंड 343 से 361 रुपये प्रति शेयर तय, 13 जनवरी को खुलेगा 1,788 करोड़ का इश्यू

GMP : 48 फीसदी

भारत कुकिंग कोल के आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट में क्रेज है. कंपनी का अनलिस्टेड स्टॉक ग्रे मार्केट में 11 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है, जबकि आईपीओ प्राइस 23 रुपये है. इस लिहाज से यह स्टॉक 48 फीसदी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है. यहीं ट्रेंड रहा तो निवेशकों को लिस्टिंग पर 45 से 50 फीसदी के आस पास रिटर्न मिल सकता है. 

ब्रोकरेज की क्या है राय

एसबीआई सिक्योरिटीज के अनुसार, BCCL भारत में कोकिंग कोल (इस्पात बनाने में इस्तेमाल होने वाला कोयला) की सबसे बड़ी उत्पादक कंपनी है. वित्त वर्ष 2025 में देश के कुल घरेलू कोकिंग कोल उत्पादन में इसका लगभग 58.5% हिस्सा है. कंपनी के पास करीब 7.91 अरब टन कोयले का भंडार है और इसके 34 खदानों में काम चल रहा है. इसी वजह से BCCL देश की सबसे बड़ी कोकिंग कोल भंडार वाली कंपनियों में गिनी जाती है.

ब्रोकरेज के अनुसार 23 रुपये के अपर प्राइस बैंड पर, इश्यू का वैल्युएशन EV/EBITDA 6.4 गुना के हिसाब से किया गया है (इश्यू के बाद की पूंजी के आधार पर). कंपनी के बड़े स्तर और भविष्य की ग्रोथ को देखते हुए यह वैल्यूएशन आकर्षक माना जा रहा है.

India Theme : CLSA ने इंडिया थीम पर चुने बेस्ट स्टॉक, लिस्ट में SBI, Infosys, ITC समेत ये शेयर

ब्रोकरेज हाउस Axis Securities के अनुसार कोकिंग कोल में कंपनी की मजबूत पकड़, बड़े भंडार और भारत के स्टील सेक्टर में इसकी अहम भूमिका के कारण यह इश्यू उन निवेशकों के लिए अच्छा हो सकता है जो लिस्टिंग के समय जल्दी मुनाफा कमाना चाहते हैं.

हालांकि, यह इश्यू OFS (ऑफर फॉर सेल) है, इसलिए कंपनी को इससे कोई नया पैसा नहीं मिलेगा. साथ ही, कोल सेक्टर से जुड़े जोखिमों को देखते हुए लॉन्ग-टर्म निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए. फिलहाल ब्रोकरेज ने इस IPO के लिए कोई रेटिंग नहीं दी है.

रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने कुल 66.5 मिलियन मीट्रिक टन कोयला उत्पादन किया, जिसमें से 38.9 मिलियन मीट्रिक टन कोकिंग कोल था. इससे घरेलू कोकिंग कोल बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 58.5% हो जाती है. यह भारत के कुल कोयला उत्पादन का भी करीब 4% है. पिछले कुछ साल में BCCL ने अपने उत्पादन में लगातार बढ़ोतरी की है. वित्त वर्ष 2022 में उत्पादन 30.51 मिलियन टन था, जो वित्त वर्ष 2025 में बढ़कर 40.50 मिलियन टन हो गया. यानी इस दौरान करीब 33% की ग्रोथ हुई है.

IPO 2026 : इस साल RJio, SBI MF, OYO समेत कतार में हैं ये आईपीओ, 2.50 लाख करोड़ का हो सकता है मार्केट

IPO का स्ट्रक्चर

रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के अनुसार, यह पूरा IPO ऑफर फॉर सेल (OFS) है, जिसमें Coal India अपनी 46.57 करोड़ इक्विटी शेयर बेच रही है. प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर इस इश्यू का कुल साइज करीब 1,071.11 करोड़ रुपये है. 

इस IPO में 35% शेयर रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रखे गए हैं. इसके अलावा, Coal India के मौजूदा शेयरधारकों के लिए 10% का अलग शेयरधारक कोटा तय किया गया है. RHP के मुताबिक, जिन निवेशकों के पास 1 जनवरी 2026 या उससे पहले Coal India के शेयर थे, वे इस शेयरधारक कोटा के तहत आवेदन करने के योग्य होंगे.

Titan Company के शेयर नए हाई पर, बिजनेस अपडेट के बाद ज्यादातर ब्रोकरेज ने दी Buy रेटिंग

कंपनी की 5 बड़ी ताकत

भारत में कोकिंग कोल की सबसे बड़ी उत्पादक कंपनी, जिसके पास बड़े कोयला भंडार हैं.

कंपनी की खदानें रणनीतिक जगहों पर स्थित हैं और इनके साथ बड़ी वॉशरी (कोयला साफ करने की इकाइयां) भी हैं.

भारत में कोकिंग कोल की बढ़ती मांग से फायदा उठाने के लिए कंपनी अच्छी स्थिति में है.

कंपनी को कोल इंडिया लिमिटेड जैसी मजबूत पैरेंट कंपनी का समर्थन प्राप्त है. कंपनी का ग्रोथ और वित्तीय प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है.

कंपनी के पास अनुभवी मैनेजमेंट टीम है, जिसे मेहनती और समर्पित कर्मचारियों का पूरा सहयोग मिलता है.

Adani Ports : अडानी पोर्ट्स का स्टॉक दे सकता है 22% रिटर्न, इन 4 वजहों से ब्रोकरेज ने जताया भरोसा

प्रमुख जोखिम (Key Risks)

कंपनी की ज्यादातर माइन्स और वॉशरी, झारखंड के झरिया और पश्चिम बंगाल के रानीगंज क्षेत्र में स्थित हैं. अगर इन इलाकों में भविष्य में कोयले के भंडार खत्म हो जाते हैं, या कंपनी मौजूदा भंडार का सही तरीके से खनन नहीं कर पाती है, तो इससे कंपनी के बिजनेस, ऑपरेशनल नतीजों, वित्तीय स्थिति और कैश फ्लो पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.

कंपनी की कुल आय का एक बड़ा हिस्सा रॉ कोकिंग कोल के उत्पादन से आता है. यह कुल ऑपरेशनल रेवेन्यू का लगभग 75% से ज्यादा हिस्सा बनाता रहा है. किसी एक प्रोडक्ट पर इतनी अधिक निर्भरता होने से कंसन्ट्रेशन रिस्क बढ़ जाता है, यानी अगर इस सेगमेंट में मांग या कीमतों में गिरावट आती है, तो कंपनी की कमाई पर सीधा असर पड़ सकता है.

प्रमुख ग्राहक (Key Customers)

कंपनी के ग्राहकों में थर्मल पावर बनाने वाली कंपनियां, स्टील निर्माता और अन्य औद्योगिक कंपनियां शामिल हैं. ये ग्राहक सरकारी और निजी दोनों सेक्टर से हैं और कंपनी के साथ उनका लंबे समय से भरोसेमंद संबंध रहा है.

रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के अनुसार, कंपनी के ग्राहकों में कई प्रमुख सरकारी उपक्रम (PSU) भी शामिल हैं, जैसे दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC), स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL), उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड, पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (NTPC), झज्जर पावर लिमिटेड और मैथॉन पावर लिमिटेड.

कंपनी के फाइनेंशियल

फाइनेंशियल ईयर 2023 में रेवेन्‍यू, खर्च और मुनाफा (PAT) 13,018.57 करोड़ रुपये, 12,488.38 करोड़ रुपये और 664.78 करोड़ रुपये रहा. 
फाइनेंशियल ईयर 2024 में रेवेन्‍यू, खर्च और मुनाफा (PAT) 14,652.53 करोड़ रुपये, 12,560.86 करोड़ रुपये और 1,564.46 करोड़ रुपये रहा. 
फाइनेंशियल ईयर 2025 में रेवेन्‍यू, खर्च और मुनाफा (PAT) 14,401.63 करोड़ रुपये, 12,698.74 करोड़ रुपये और 1,240.19 करोड़ रुपये रहा. 
फाइनेंशियल ईयर 2026 के पहले 6 महीनों में यह आंकड़े 6,311.51 करोड़ रुपये, 6,112.17 करोड़ रुपये और 123.88 करोड़ रुपये रहा. 

Bharat Coking Coal IPO के बारे में

Bharat Coking Coal Limited (BCCL) की शुरूआत 1972 में हुई थी. यह कंपनी कोकिंग कोल, नॉन-कोकिंग कोल और वॉश्ड कोल के खनन और आपूर्ति करने वाली देश की प्रमुख कंपनियों में से एक है. साल 2014 में कंपनी को स्टील और पावर इंडस्ट्री को कोकिंग कोल सप्लाई करने के लिए मिनी रत्न का दर्जा मिला था. कंपनी की खदान झारखंड के झरिया और पश्चिम बंगाल के रानीगंज कोलफील्ड में स्थित हैं.

31 मार्च 2025 तक, कंपनी कुल 32 खदान संचालित करती है, जिनमें 25 ओपनकास्ट, 3 अंडरग्राउंड और 4 मिक्स्ड माइंस शामिल हैं. FY25 में कंपनी का कोयला उत्पादन बढ़कर 4.05 करोड़ टन हो गया. इसी साल कंपनी ने भारत के घरेलू कोकिंग कोल उत्पादन का लगभग 58.5% हिस्सा उत्पादन किया. 

IPO लीड मैनेजर्स (मर्चेंट बैंकर) : IDBI Capital Markets Services Ltd., ICICI Securities Ltd.

IPO रजिस्ट्रार : Kfin Technologies Ltd.

(Disclaimer: यहां आईपीओ के बारे में जानकारी दी गई है. यह किसी तरह से निवेश की सलाह नहीं है. ना ही यह फाइनेंशियल एक्सप्रेस के निजी विचार है. बाजार में जोखिम होते हैं, इसलिए निवेशके पहले एक्सपर्ट की राय लें.)

Ipo Coal India