/financial-express-hindi/media/media_files/2025/01/31/vePzyuj4TarzXHgVZz7G.jpg)
India Q2 GDP hits six-quarter high at 8.2% : भारत की GDP ग्रोथ 8.2% पर पहुंची. (Image : Financial Express)
India Q2 GDP Growth Rate at 6 quarter High : भारत की अर्थव्यवस्था ने जुलाई–सितंबर तिमाही (Q2 FY26) में जबरदस्त उछाल दिखाया है. सरकार द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस तिमाही में GDP ग्रोथ 8.2% रही, जो पिछले छह तिमाहियों में सबसे ऊंचा स्तर है. पिछले साल इसी तिमाही में ग्रोथ सिर्फ 5.6% थी. यह तेजी साफ दिखाती है कि घरेलू मांग, उद्योगों की गतिविधियां और सर्विस सेक्टर लगातार मजबूत हो रहे हैं.
GST रेट कट के बाद बढ़ा उत्पादन
सरकारी डेटा के अनुसार मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर ने इस ग्रोथ में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है.GST रेट कट के बाद खपत बढ़ने की उम्मीद में फैक्ट्रियों ने उत्पादन तेज किया, जिससे सेक्टर 9.1% की दर से बढ़ा. यह पिछले साल की समान अवधि में मात्र 2.2% की ग्रोथ से कई गुना ज्यादा है. मैन्युफैक्चरिंग GDP में लगभग 14% का योगदान देता है, इसलिए इस सेक्टर की मजबूती पूरे आर्थिक माहौल के लिए बड़ी अच्छी खबर है.
कंस्ट्रक्शन सेक्टर ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 7.2% की ग्रोथ दर्ज की. इसका सीधा संकेत है कि इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम हो रहा है और रियल एस्टेट में भी निवेश बढ़ रहा है.
सर्विस सेक्टर का मजबूत सपोर्ट
सर्विस सेक्टर ने भी ग्रोथ को मजबूत सपोर्ट दिया. उपभोग, वित्तीय सेवाओं और बिजनेस गतिविधियों में सुधार की वजह से यह सेक्टर लगातार GDP में बड़ा योगदान देता रहा है. हालांकि इस तिमाही के विस्तृत सर्विस आंकड़े अभी जारी नहीं हुए हैं, लेकिन सरकार ने पुष्टि की है कि सेक्टर की गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं.
एग्रीकल्चरल ग्रोथ धीमी
एग्रीकल्चरल सेक्टर यानी खेती और इससे जुड़े क्षेत्रों में 3.5% की ग्रोथ हुई, जो बाकी सेक्टरों की तुलना में कम है. फिर भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए यह स्टेबल प्रदर्शन राहत की बात है. बिजली, गैस, पानी और अन्य यूटिलिटी सर्विसेज में 4.4% की ग्रोथ रही.
Also read : SBI म्यूचुअल फंड की टॉप 5 स्कीम ने 5 साल में 3 से 4 गुना किए पैसे, लंपसम पर 32% तक रहा CAGR
पहली छमाही में भी अर्थव्यवस्था ने पकड़ी मजबूत रफ्तार
इस वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल–सितंबर) में रियल GDP ग्रोथ 8.0% रही. पिछले साल इसी अवधि में यह 6.1% थी. यह लगातार दूसरी तिमाही है जब भारतीय अर्थव्यवस्था 8% के आसपास बनी हुई है.
नाममात्र GDP (Nominal GDP) पहली छमाही में बढ़कर 171.30 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले 157.48 लाख करोड़ रुपये था. यह 8.8% की ग्रोथ दर्शाता है.
GVA में भी मजबूती
H1 FY26 में वास्तविक ग्रॉस वैल्यू एडेड (GVA) 7.9% बढ़कर 89.41 लाख करोड़ रुपये रहा. यह पिछले साल के 82.88 लाख करोड़ रुपये की तुलना में काफी ज्यादा है. GVA का बढ़ना इस बात का संकेत है कि देश में उत्पादन और सेवाओं की गतिविधियां पूरे सालभर मजबूती से चल रही हैं.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us