scorecardresearch

Aadhaar App : घर में काम करने वाली मेड हो या फिर डिलीवरी बॉय, आधार ऐप से लोगों की सही पहचान करना है आसान

Aadhaar App Features: घर के काम में हाथ बंटाने वाली मेड, ड्राइवर, सिक्योरिटी गार्ड और डिलीवरी बॉय की डिजिटल तरीके से सही पहचान करना बेहद आसान है. नए आधार ऐप में ऑनलाइन मोबाइल नंबर अपडेट करने के अलावा यह सुविधा भी दी गई है.

Aadhaar App Features: घर के काम में हाथ बंटाने वाली मेड, ड्राइवर, सिक्योरिटी गार्ड और डिलीवरी बॉय की डिजिटल तरीके से सही पहचान करना बेहद आसान है. नए आधार ऐप में ऑनलाइन मोबाइल नंबर अपडेट करने के अलावा यह सुविधा भी दी गई है.

author-image
Mithilesh Kumar
New Update
UIDAI Aadhaar New App 2 UIDAI 2

घर में काम करने वाली मेड, ड्राइवर, सिक्योरिटी गार्ड से लेकर डिलीवरी बॉय, आधार ऐप से सबकी सही पहचान होगी पक्की. (Screenshots : UIDAI)

New Aadhaar App Features : घर के काम में मदद करने वाली मेड हो, ड्राइवर, सिक्योरिटी गार्ड या फिर डिलीवरी बॉय, आज के समय में हर किसी के लिए यह जानना बेहद जरूरी हो गया है कि जो व्यक्ति घर या परिसर में आ-जा रहा है, उसकी पहचान सही और आधिकारिक है या नहीं. अब तक इसके लिए आधार कार्ड की फोटोकॉपी लेना, कागजात संभालकर रखना और उनके दुरुपयोग की चिंता करना आम बात थी. लेकिन अब UIDAI ने इस पूरी प्रक्रिया को आसान, सुरक्षित और डिजिटल बना दिया है.

आधार जारी करने वाली सरकारी संस्था UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि नए आधार ऐप (Aadhaar App) की मदद से हाउस हेल्पर, ड्राइवर, सिक्योरिटी गार्ड और डिलीवरी बॉय की पहचान तुरंत वेरिफाई की जा सकती है. इसके लिए सिर्फ उस स्टॉफ के फोन में मौजूद आधार ऐप (Aadhaar App) में नजर आने वाले QR कोड को स्कैन करना होगा.

Advertisment

Also read : Aadhaar My Contact Card : आधार ऐप में माय कॉन्टैक्ट कार्ड क्या है? कहां और कैसे कर सकेंगे इस्तेमाल

बिना डाक्यूमेंट ऐसे करें अपने स्टॉफ की पहचान

घर में काम करने वाली मेड, ड्राइवर, सिक्योरिटी गार्ड, डिलीवरी बॉय या कोई अन्य स्टॉफ की सही पहचान वेरीफाई करने के लिए किसी भी तरह के डाक्यूमेंट या आधार की फोटोकॉपी की जरूरत नहीं है. Aadhaar App की मदद से यह काम आसानी से मोबाइल पर किया जा सकता है.

  • सबसे पहले अपने मोबाइल फोन में Aadhaar App डाउनलोड करें.
  • इसके बाद आधार नंबर और फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए रजिस्ट्रेशन कर ऐप को एक्टिव करें.
  • रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद ऐप खोलने पर आपको नया और आसान इंटरफेस दिखाई देगा, जिसमें QR कोड का विकल्प होगा.
  • अब जिस व्यक्ति की पहचान सत्यापित करनी है - चाहे वह मेड हो, ड्राइवर, सिक्योरिटी गार्ड या डिलीवरी बॉय - उसके Aadhaar App या आधार कार्ड पर मौजूद QR कोड को अपने Aadhaar App से स्कैन करें.
  • QR कोड स्कैन होते ही उस व्यक्ति की पहचान तुरंत और सुरक्षित तरीके से सत्यापित हो जाएगी.

आधार कार्ड की फोटोकॉपी, फोटो या अन्य विवरण में छेड़छाड़ कर उसके दुरुपयोग के मामलों पर रोक लगाने के मकसद से UIDAI ने आधार ऐप में इस खास फीचर को खास तौर पर जोर देकर शामिल किया है.

UIDAI की ओर से पहले ही एक बयान में कहा गया था कि अब अपनी पहचान शेयर करने के लिए डाक्यूमेंट खंगालने या पूरी आधार फोटोकॉपी देने की जरूरत नहीं है. न्यू आधार ऐप यूजर को सिलेक्टिव शेयर (Selective Share) की सुविधा देता है, यानी यूजर सिर्फ वही जानकारी शेयर करेगा जो जरूरी है, उससे ज्यादा कुछ नहीं. इससे डेटा लीक और गलत इस्तेमाल का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है.

नए आधार ऐप की अभी आधिकारिक लॉन्चिंग होनी बाकी है. इससे पहले UIDAI ने एंड्रॉयड और आईफोन, दोनों यूजर के लिए लिमिटेड फीचर के साथ उपलब्ध करा दिया है. बताया जा रहा है कि अथॉरिटी धीरे-धीरे करके इस नए ऐप में फीचर जोड़ने का काम कर रही है. 

UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार के एक बयान के मुताबिक नए आधार ऐप में फिलहाल दो बड़ी नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं. पहली सुविधा है “Show, Share and Verify”, यानी आप अपना आधार डिजिटल तरीके से दिखा सकते हैं, शेयर कर सकते हैं और उससे पहचान सत्यापित कर सकते हैं. उदाहरण के तौर पर, अगर आप किसी होटल में चेक-इन कर रहे हैं, तो होटल का QR कोड स्कैन करके अपनी ID शेयर की जा सकती है - बिल्कुल UPI पेमेंट की तरह.

दूसरी अहम सुविधा है फेस अथॉन्टिकेशन (Face Authentication) के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट. उन्होंने बताया कि मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा होने की वजह से संवेदनशील होता है, क्योंकि अगर लिंक्ड नंबर गलत हाथों में चला जाए, तो बैंकिंग और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन तक खतरे में पड़ सकते हैं. इसी वजह से अब तक यह सुविधा केवल आधार सेवा केंद्रों तक सीमित थी.

Also read : Aadhaar Update Online Without Visiting Center : अब घर बैठे आधार में बदल सकते हैं मोबाइल नंबर

होटल और इवेंट आयोजकों के लिए नया नियम

UIDAI जल्द ही एक नया नियम लागू करने जा रहा है, जिसके तहत होटल, इवेंट ऑर्गेनाइजर और ऐसी अन्य संस्थाओं को आधार-बेस्ड वेरिफिकेशन के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा. इसका मकसद ग्राहकों से आधार कार्ड की फोटोकॉपी लेकर कागजों में रखने की पुरानी और अवैध प्रथा को पूरी तरह खत्म करना है.

रजिस्टर्ड संस्थाओं यानी एंटीटी को QR कोड या नए आधार ऐप (Aadhaar App) के जरिए ऑफलाइन वेरिफिकेशन की तकनीक दी जाएगी. इसके लिए UIDAI API भी उपलब्ध कराएगा, जिससे संस्थाएं अपने सिस्टम को आधार सत्यापन के अनुरूप अपडेट कर सकेंगी.

UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने बताया कि अब जो भी संस्थाएं आधार से पहचान जांचना चाहेंगी, उन्हें UIDAI में रजिस्टर करना होगा. रजिस्ट्रेशन के बाद उन्हें नई तकनीक की सुविधा दी जाएगी, जिससे वे QR कोड स्कैन करके या नए Aadhaar App के जरिए किसी व्यक्ति की पहचान सत्यापित कर सकेंगी. इससे पहचान जांच का तरीका डिजिटल, सुरक्षित और कागज़-रहित हो जाएगा.

फिलहाल UIDAI इस नए Aadhaar App का बीटा टेस्टिंग कर रहा है. इस फेज में लिमिटेज यूजर्स से फीडबैक लिया जा रहा है, ताकि आम लोगों के लिए पूरी तरह लॉन्च करने से पहले किसी भी तकनीकी कमी को दूर किया जा सके. भविष्य में इसका इस्तेमाल एयरपोर्ट, एज रेस्ट्रिक्टेड प्रोडक्ट ऑउटलेट (Age-restricted product outlets) और अन्य सेंसिटिव लोकेशन (other sensitive locations) पर भी किया जा सकेगा. UIDAI का दावा है कि यह नया ऐप डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के अनुरूप होगा और पहचान सत्यापन को पूरी तरह कागज-रहित, सुरक्षित और यूजर के नियंत्रण में रखेगा.

Also read : SBI ने बदली एफडी की ब्याज दरें, किस टेन्योर के लिए पैसे लगाने पर मिलेगा सबसे अधिक रिटर्न?

नए आधार ऐप की खासियत

  • नया Aadhaar App पहचान प्रबंधन को पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट और सुरक्षित बनाता है.
  • इसमें Biometrics Lock की सुविधा है, जिससे सिर्फ एक टैप में फिंगरप्रिंट और बायोमेट्रिक डेटा लॉक या अनलॉक किया जा सकता है.
  • Family Profiles फीचर के जरिए एक ही स्मार्टफोन से पूरे परिवार के आधार प्रोफाइल मैनेज किए जा सकते हैं.
  • Offline Verification की मदद से बिना इंटरनेट के भी पहचान की पुष्टि संभव है.
  • Face Authentication के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत कम होगी.
Aadhaar Uidai Aadhaar Card