scorecardresearch

Bhopal Metro Launch : भोपाल मेट्रो शनिवार को होगी लॉन्च, इस दिन से लोग कर सकेंगे सफर, किराया, रूट समेत हर डिटेल

शनिवार 20 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल मेट्रो का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद 21 दिसंबर से आम लोग भोपाल मेट्रो में सफर कर सकेंगे, जहां किराया 20 रुपये से शुरू होगा.

शनिवार 20 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल मेट्रो का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद 21 दिसंबर से आम लोग भोपाल मेट्रो में सफर कर सकेंगे, जहां किराया 20 रुपये से शुरू होगा.

author-image
FE Hindi Desk
New Update
Bhopal Metro launch

भोपाल मेट्रो की ऑरेंज लाइन पर सुभाष नगर से एम्स तक 7 किमी लंबा रूट रविवार से जनता के लिए खुलेगा. इस रूट पर मिनिमम किराया 20 रुपये और अधिकतम 40 रुपये होगा. (Image : X/@OfficialMPMetro)

Bhopal Metro Launch Date, Route, Fare and more : भोपाल वालों का मेट्रो में सफर करने का लंबा इंतज़ार अब खत्म होने जा रहा है. करीब छह साल पहले, वर्ष 2018 में शुरू हुआ भोपाल मेट्रो का सपना आखिरकार साकार होने की दहलीज़ पर है. राजधानी को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का औपचारिक उद्घाटन शनिवार, 20 दिसंबर को किया जाएगा. 

मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ करेंगे. भोपाल मेट्रो के शुभारंभ की जानकारी शुक्रवार को इसके आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए साझा की गई.

Advertisment

कब से शुरू होगा सफर

आम लोग रविवार 21 दिसंबर से मेट्रो में सफर कर सकेंगे. शुरुआती चरण में मेट्रो सेवा प्रायोरिटी कॉरिडोर पर चलाई जाएगी, जहां यात्री सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मेट्रो का लाभ ले सकेंगे. यह सेवा सुभाष नगर से भोपाल एम्स तक संचालित होगी.

क्या होगा किराया और कौन-सा रहेगा रूट

ऑरेंज लाइन पर चलने वाली यह मेट्रो सुभाष नगर से शुरू होकर केंद्रीय विद्यालय, बोर्ड ऑफिस चौराहा, एमपी नगर, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, डीआरएम ऑफिस और अलकापुरी जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए भोपाल एम्स पहुंचेगी. पूरे रूट का अधिकतम किराया 40 रुपये तय किया गया है, जबकि न्यूनतम किराया 20 रुपये रखा गया है. यानी भोपाल में मेट्रो यात्रा की शुरुआत 20 रुपये से होगी. फिलहाल यात्रियों को मैन्युअल टिकट के जरिए ही सफर करना होगा.

रविवार से जनता के लिए खुलेगा 7 किमी लंबा रूट

भोपाल मेट्रो की ऑरेंज लाइन पर सुभाष नगर से एम्स तक 7 किमी लंबा रूट रविवार से जनता के लिए खुलेगा. इस रूट पर मिनिमम किराया 20 रुपये और अधिकतम 40 रुपये होगा.

ऑरेंज लाइन के 7.4 किलोमीटर लंबे इस प्राथमिक कॉरिडोर का काम जुलाई 2025 तक पूरा होना था, लेकिन इसमें करीब छह महीने की देरी हुई है. भविष्य की योजना की बात करें तो भोपाल मेट्रो को आगे चलकर बिना ड्राइवर चलाने की तैयारी की जा रही है. हालांकि शुरुआती दौर में मेट्रो का संचालन ड्राइवर द्वारा ही किया जाएगा. 

पार्किंग को लेकर भी स्थिति साफ कर दी गई है. भोपाल मेट्रो की ओर बताया गया है कि मेट्रो की डीपीआर में पार्किंग का कोई प्रावधान नहीं था. यही वजह है कि भोपाल और इंदौर, दोनों शहरों में बने मेट्रो स्टेशन फिलहाल बिना पार्किंग सुविधा के ही तैयार किए गए हैं. हालांकि आगे चलकर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है. इंदौर की तरह भोपाल में भी मेट्रो के पहले हफ्ते मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं दी जाएगी.

बता दें कि भोपाल मेट्रो का पहला ट्रायल अक्टूबर 2023 में किया गया था. उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक मेट्रो में सफर कर परियोजना का निरीक्षण किया था. अब औपचारिक उद्घाटन के साथ भोपाल मेट्रो शहर के परिवहन तंत्र में एक नया अध्याय जोड़ने जा रही है.

Madhya Pradesh Manohar Lal Khattar Mohan Yadav Metro