scorecardresearch

Bihar Election : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना टॉप ट्रेंड में, कैसे उठा सकती हैं इसका लाभ?

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का उद्देश्य हर परिवार की एक महिला को अपना काम शुरू करने के लिए मदद देना है. पहले 10,000 रुपये दिए जाते हैं और काम शुरू होने के बाद जरूरत अनुसार 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता मिल सकती है.

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का उद्देश्य हर परिवार की एक महिला को अपना काम शुरू करने के लिए मदद देना है. पहले 10,000 रुपये दिए जाते हैं और काम शुरू होने के बाद जरूरत अनुसार 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता मिल सकती है.

author-image
FE Hindi Desk
New Update
mukhyamantri mahila rozgar yojana

बिहार सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ राज्य की 18 से 60 साल की महिलाए उठा सकती है. (Image: mmry.brlps.in)

Mukhyamantri Mahila Rozgar Yojana: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के पीछे महिलाओं को सीधे आर्थिक सशक्तिकरण देने वाली मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को बड़ा फैक्टर माना जा रहा है. चुनाव तारीखों की घोषणा से करीब 10 दिन पहले लॉन्च हुई स्कीम ने वोटिंग पैटर्न पर गहरा असर डाला. 26 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में इस योजना की शुरुआत की गई. 

राज्य में हर परिवार की एक महिला को अपनी पसंद का व्यवसाय शुरू करने के लिए नई योजना को बिहार कैबिनेट ने 29 अगस्त 2025 को मंजूरी दी थी. 2022 बिहार जाति आधारित गणना के मुताबिक राज्य में कुल 2.76 करोड़ परिवार या घर हैं. इनमें से करीब एक तिहाई परिवार गरीबी रेखा के नीचे हैं और उनकी मासिक आय 6,000 रुपये या उससे कम है.

Advertisment

सत्ता पक्ष के दावे के मुताबिक महज डेढ़ महीने के भीतर योजना के तहत 1 करोड़ 51 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये डीबीटी के जरिए भेज दिए गए. महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए दी गई यह तात्कालिक सहायता न सिर्फ आर्थिक राहत साबित हुई, बल्कि इसे चुनावी माहौल में निर्णायक बढ़त दिलाने वाला कदम भी माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि आने वाले 6 महीनों में लाभार्थी महिलाओं को उनके काम के विस्तार के आधार पर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की जाएगी. अगर आप भी इस योजना का लाभ उठाना चाहती हैं, तो यहां जानिए इससे जुड़ी पूरी डिटेल.

Also read : Bihar NDA Victory : बिहार में एनडीए की धमाकेदार जीत के 5 बड़े कारण, क्या महिलाओं को 10,000 रुपये की मदद बनी गेमचेंजर

कब-कब लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजे गए 10-10 रुपये

26 सितंबर 2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहर बिहार की 75 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में 10,000 रुपये प्रति लाभुक की दर से 7500 करोड़ रुपये जमा किए गए.

3 अक्टूबर 2025

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत दूसरी बार और 25 लाख लाभार्थी महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से 2500 करोड़ रुपये भेजे गए.

6 अक्टूबर 2025 (इस दिन चुनाव तारीख की घोषणा से पहले)

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 21 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में 10,000 रुपये प्रति लाभुक की दर से 2100 करोड़ रुपये भेजे गए.

क्या है मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना?

  • यह योजना बिहार के हर परिवार की एक महिला को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए शुरू की गई है. इसके तहत
  • महिलाओं को अपनी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए 10,000 रुपये की पहली किस्त दी जाएगी.
  • व्यवसाय शुरू होने के बाद जरूरत के अनुसार दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
  • उद्देश्य महिलाओं की आय बढ़ाना, परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधारना और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना है.

कौन कर सकता है आवेदन?

परिवार की परिभाषा

  • पति-पत्नी और अविवाहित बच्चे मिलकर एक परिवार माने जाएंगे.
  • अनाथ और अविवाहित वयस्क महिला को एकल परिवार माना जाएगा.

पात्रता

  • आवेदिका की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
  • आवेदिका या उसके पति आयकर दाता नहीं होने चाहिए.
  • आवेदिका या पति किसी भी प्रकार की सरकारी नौकरी (नियमित या संविदा) में नहीं होने चाहिए.
  • योजना का लाभ लेने के लिए स्वयं सहायता समूह से जुड़ना अनिवार्य है.

Also read : Mahila Rozgar Yojana: बिहार की और 21 लाख महिलाओं को सीएम नीतीश कुमार ने भेजे 10-10 हजार रुपये, आपके खाते में पैसै आए या नहीं? ऐसे करें चेक

पहले से SHG से जुड़ी महिलाओं के लिए नियम

  • शहरी क्षेत्रों में जो महिलाएं पहले से SHG की सदस्य हैं, उन्हें ऑनलाइन आवेदन करने की जरूरत नहीं है.
  • वे सीधे ALO या CRP से संपर्क करें. समूह की बैठक में सभी सदस्यों का सामूहिक आवेदन लिया जाएगा.

जो महिलाएं SHG की सदस्य नहीं हैं, वे कैसे जुड़ें

  • वे पहले SHG की सदस्य बनने के लिए आवेदन करेंगी.
  • आवेदन जीविका की वेबसाइट या संबंधित ग्राम तथा नगर संगठन में जमा किया जा सकता है.
  • SHG से जुड़ने के बाद ही योजना का लाभ मिलेगा.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

  • एक्टिव मोबाइल नंबर
  • आधार संख्या
  • बैंक खाता विवरण, जिसमें नाम, खाता संख्या और IFSC शामिल हो
  • आधार कार्ड की स्कैन कॉपी
  • बैंक पासबुक की स्कैन कॉपी
  • फोटोग्राफ
  • खाली पन्ने पर हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी
  • व्यवसाय का प्रकार

शहरी क्षेत्र की महिलाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया

  • जीविका की वेबसाइट mmry.brlps.in पर जाएं.
  • होमपेज पर आवेदन भरने का विकल्प चुनें.
  • पूछा जाए कि क्या आप SHG सदस्य हैं. यदि नहीं हैं तो वही विकल्प चुनें.
  • शर्तों को पढ़कर सहमति दें.
  • आधार नंबर, नाम, पति या पिता का नाम और मोबाइल नंबर भरें.
  • ओटीपी वेरीफिकेशन पूरा करें.
  • अगले चरण में आवश्यक जानकारी भरें और दस्तावेज अपलोड करें.
  • आवेदन के बाद भौतिक सत्यापन किया जाएगा और प्रशिक्षण लेना आवश्यक होगा.

Also read : Ladaki Bahin Yojana: लाडली बहनों के पास e-KYC के लिए बचे हैं सिर्फ 5 दिन, फटाफट निपटा लें जरूरी काम वरना खाते में नहीं आएंगे 1500 रुपये

ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया

  • ग्रामीण SHG से जुड़ी महिलाएं अपने ग्राम संगठन के माध्यम से सामूहिक आवेदन करेंगी.
  • जो महिलाएं अभी SHG की सदस्य नहीं हैं, उन्हें पहले SHG में शामिल होने के लिए आवेदन देना होगा.
  • ग्राम संगठन की बैठक में सभी सदस्यों का सामूहिक फॉर्म भरा जाएगा.

धोखाधड़ी से सावधान रहें

यदि कोई व्यक्ति आवेदन या लाभ दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करे, तो तुरंत नगर निकाय कार्यालय या जीविका जिला कार्यालय में शिकायत करें.

Nitish Kumar Bihar Assembly Elections Bihar Election Bihar Bihar Election 2025