/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/14/nitin-nabin-2025-12-14-18-38-22.jpg)
नितिन नबीन फिलहाल बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं. (Image : X/@BJP4Bihar)
भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर एक अहम फैसला लेते हुए बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष यानी नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट नियुक्त किया है. पार्टी नेतृत्व ने नितिन नबीन पर भरोसा जताते हुए कहा है कि उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और समर्पण से भाजपा को नई मजबूती और नई गति मिलेगी. इस नियुक्ति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नितिन नबीन को बधाई दी है.
कौन हैं नितिन नबीन?
नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ और जमीनी नेताओं में गिने जाते हैं. वह वर्तमान में बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं और उनके पास पथ निर्माण एवं नगर विकास जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी है. नितिन नबीन पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से 5 बार विधायक चुने जा चुके हैं, जो उनके मजबूत जनाधार और राजनीतिक पकड़ को दर्शाता है.
वह कायस्थ समाज से आते हैं और मौजूदा बिहार मंत्रिमंडल में इस समाज से वह एकमात्र मंत्री हैं. उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि भी काफी मजबूत रही है. नितिन नबीन के पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के कद्दावर और प्रभावशाली नेता थे. पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाई है.
पार्टी के अहम पद पर नितिन नबीन की नियुक्ति ऐसे समय में की गई है, जब भाजपा आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय है. नितिन नबीन को पार्टी में एक जमीनी, युवा और मेहनती नेता के तौर पर देखा जाता है, जिनका बिहार की राजनीति और संगठन में लंबा अनुभव रहा है.
नितिन नबीन को पीएम मोदी ने बताया जमीनी युवा नेता
प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें एक जमीनी और कर्मठ युवा नेता बताते हुए उनकी सराहना की. एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन ने एक परिश्रमी कार्यकर्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है. वे संगठन का अच्छा अनुभव रखने वाले युवा नेता हैं. बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य प्रभावी रहा है और उन्होंने जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरे समर्पण के साथ काम किया है. पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में पार्टी को और सशक्त बनाएगी.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए माननीय श्री नितिन नबीन जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) December 14, 2025
निश्चित ही आपके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और समर्पण से पार्टी को नई मजबूती और गति मिलेगी। pic.twitter.com/wGAEYYYm55
नितिन नबीन की नियुक्ति पर क्या बोले अमित शाह?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर पोस्ट कर नितिन नबीन को बधाई दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ नेताओं द्वारा उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. अमित शाह ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव से लेकर बिहार में प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी तक, नितिन नबीन ने संगठन के हर दायित्व को निष्ठा और सफलता से निभाया है. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में पांच बार विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री रहने के कारण उनके पास जनता के बीच लंबे समय तक काम करने का अनुभव है. उनका यह पदभार संभालना दिन-रात मेहनत करने वाले हर युवा भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us