/financial-express-hindi/media/media_files/2025/11/19/nitish-kumar-arif-khan-ani-2025-11-19-13-50-06.jpg)
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के साथ नीतीश कुमार. (ANI)
Nitish Kumar named as JD(U) Legislature Party Leader: नीतीश कुमार को बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) विधायक दल का नेता चुन लिया गया. इसके साथ ही उनका 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेना तय हो गया है. इससे पहले नीतीश कुमार की पार्टी JDU ने भी एक बार फिर से उन्हें पार्टी विधायक दल का नेता चुना. यह भी साफ हो गया है कि बिहार चुनाव (Bihar Election 2025) में जबरदस्त सफलता हासिल करने वाले NDA की नई सरकार का शपथ ग्रहण 20 नवंबर को होने जा रहा है, जिसमें बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी समेत गठबंधन की तमाम पार्टियों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है.
जेडीयू की बैठक में नीतीश कुमार को फिर मिली कमान
पटना में नवनिर्वाचित जेडीयू विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया. यह फैसला एनडीए की उस बड़ी बैठक से ठीक पहले हुआ, जिसमें गठबंधन की ओर से भी नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जाना है.
Also read : ‘मुस्लिम और क्रिश्चियन भी हिंदू हैं अगर…’ RSS चीफ मोहन भागवत ने दी हिंदू की बड़ी परिभाषा
बीजेपी ने भी चुने अपने नेता
एनडीए के भीतर केवल जेडीयू ही नहीं, बल्कि बीजेपी ने भी अपने नेताओं का चयन कर लिया. पार्टी ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता बनाया वहीं, विजय कुमार सिन्हा को उपनेता की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इन नियुक्तियों को इस बात का संकेत माना जा रहा है कि इस बार भी बीजेपी की तरफ से यही दोनों नेता उप-मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं.
गुरुवार को होगी शपथ, कई मंत्री भी लेंगे शपथ
तैयारियों के बीच यह तय हो चुका है कि नीतीश कुमार गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उनके साथ कई मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी. एनडीए में शामिल सहयोगी दलों - जेडी(यू), बीजेपी, चिराग पासवान की एलजेपी (आरवी), जीतन राम मांझी की HUM-S और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम को नए मंत्रिमंडल में जगह मिलने की उम्मीद है. नीतीश कुमार के साथ बीजेपी के लगभग 16 और जेडी(यू) के 14 नेताओं के मंत्री के तौर पर शपथ लेने की संभावना है. वहीं, एलजेपी (आरवी) को तीन मंत्री पद मिलने की संभावना है, जबकि HUM-S और RLM को एक-एक पद मिल सकता है.
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री समारोह में शामिल होने वाले हैं. पटना में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है, खासकर गांधी मैदान के आसपास, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा.
Also read : Income Tax Planning : सीनियर सिटिजन कैसे कर सकते हैं मैक्सिमम टैक्स सेविंग? बहुत काम आएंगे ये टिप्स
बिहार में एनडीए की दमदार वापसी
बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) में इस बार एनडीए ने शानदार प्रदर्शन करके भारी बहुमत के साथ फिर से सत्ता वापसी की है. 243 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन को कुल 202 सीटें मिलीं. सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली बीजेपी समेत गठबंधन में शामिल दलों की सीटों की संख्या इस प्रकार है.
बीजेपी – 89
जेडीयू – 85
एलजेपी (आरवी) – 19
हम (HAM) – 5
आरएलएम – 4
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us