/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/20/dense-fog-safe-drive-pti-file-2025-12-20-07-38-43.jpg)
कोहरा ही कोहरा, फिर भी निकलना है सड़क पर? इन नियमों को न करें नजरअंदाज. (Image : PTI File)
उत्तर भारत में सर्दी के साथ ही घना कोहरा और गंभीर स्मॉग लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. शुक्रवार रात दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और आसपास के इलाकों में हालात बेहद खराब रहे. कई जगहों पर विजिबिलिटी लगभग शून्य तक गिर गई, जिससे सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया.
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह 7 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 380 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है. ऐसे हालात में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. इसी को देखते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने सभी वाहन चालकों के लिए फॉग सेफ्टी अलर्ट (Fog Safety Alert) जारी किया है. घने कोहरे में धीमी और सतर्क ड्राइविंग बेहद जरूरी है. मंत्रालय ने वाहन चालकों को तेज रफ्तार, ओवरटेकिंग और अचानक लेन बदलने से बचने की सलाह दी है.
Also read : बैंक अकाउंट नंबर की जगह 11111111111, बंद ट्रेनिंग सेंटर और एक ही फोटो का कई बार इस्तेमाल, PMKVY में CAG को मिलीं चौंकाने वाली गड़बड़ियां
वाहन चालकों के लिए क्या है सलाह?
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कोहरे के मौसम को देखते हुए वाहन चालकों के लिए सुरक्षा सलाह जारी की है. मंत्रालय ने कहा है कि कोहरे के दौरान दृश्यता कम हो जाती है, ऐसे में वाहन धीमी रफ्तार और पूरी सावधानी के साथ चलाएं. ओवरस्पीडिंग, ओवरटेकिंग और अचानक लेन बदलने से बचें.
मंत्रालय ने लो-बीम हेडलाइट या फॉग लैंप के इस्तेमाल, आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और ब्रेक धीरे-धीरे लगाने की सलाह दी है. साथ ही कहा गया है कि कैरिजवे पर वाहन न रोकें और यदि मजबूरी में पार्क करना पड़े तो हैज़र्ड लाइट और डिपर का इस्तेमाल जरूर करें.
कोहरे में सेफ ड्राइविंग के लिए अपनाएं ये जरूरी टिप्स
सुरक्षित दूरी बनाए रखें
कोहरे में सामने चल रहे वाहन की सही दूरी समझना मुश्किल हो जाता है. इसलिए अपनी गाड़ी और आगे वाले वाहन के बीच पर्याप्त फासला रखें. इससे अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में प्रतिक्रिया देने का समय मिल जाता है और टक्कर का खतरा कम होता है.
लेन में अनुशासन बनाए रखें
घने कोहरे में लेन बदलना खतरनाक साबित हो सकता है. बिना जरूरत ओवरटेक न करें और अपनी लेन में ही गाड़ी चलाएं. सड़क के रिफ्लेक्टर और लेन मार्किंग को गाइड की तरह इस्तेमाल करें ताकि दिशा का अंदाजा बना रहे.
चलती गाड़ी में हैजर्ड लाइट का इस्तेमाल न करें
कई लोग कोहरे में लगातार हैजर्ड लाइट जलाकर गाड़ी चलाते हैं, जो भ्रम पैदा कर सकता है. इससे पीछे चल रहे ड्राइवर को आपकी दिशा या गति समझने में दिक्कत होती है. हैजर्ड लाइट केवल तभी इस्तेमाल करें जब वाहन खराब हो या सड़क किनारे खड़ा हो.
फॉग लाइट और लो बीम का सही इस्तेमाल करें
कोहरे में हाई बीम लाइट नुकसानदायक होती है क्योंकि रोशनी कोहरे से टकराकर वापस आंखों में आती है. हमेशा फॉग लाइट या लो बीम का इस्तेमाल करें ताकि सड़क साफ दिखे और दूसरे वाहन आपको समय पर देख सकें.
शीशे पूरी तरह साफ रखें
कोहरे में विंडशील्ड और खिड़कियों पर धुंध जम जाती है. माइक्रोफाइबर कपड़े से शीशे साफ करते रहें और जरूरत पड़ने पर डिफॉगर या एसी का इस्तेमाल करें. साफ शीशे सड़क संकेतों और पैदल यात्रियों को समय पर देखने में मदद करते हैं.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us