/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/22/bihar-sir-2025-07-22-09-29-16.jpg)
Draft List : इन पांचों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक क्लेम और ऑब्जेक्शन दाखिल किए जा सकेंगे. इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की फाइनल वोटर लिस्ट 14 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी. (Image : IE File)
ECI to release Draft Voter list Soon : वोटर लिस्ट की स्क्रूटनी के लिए चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के तहत 12 में से तीन राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट आज जारी की जाएगी. सेकेंड फेज के रिविजन के दौरान चुनाव आयोग राजस्थान, पश्चिम बंगाल और गोवा के साथ पुडुचेरी व लक्षद्वीप की ड्राफ्ट सूची प्रकाशित करेगा. इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाताओं का एन्यूमरेशन आज पूरा हो जाएगा और तय कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होगी.
जैसे ही चुनाव आयोग की ओर से ड्राफ्ट वोटर लिस्ट होगी संबंधित राज्य जैसे राजस्थान, पश्चिम बंगाल, गोवा, पुडुचेरी और लक्षद्वीप के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) और जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को इसकी हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराएंगे. इसके अलावा पारदर्शिता के लिए ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के साथ-साथ अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे नाम वाले मतदाताओं की सूची भी CEO और DEO की आधिकारिक वेबसाइट पर डाली जाएगी, ताकि आम लोग भी इसे देख सकें.
Also read : Adani Power : अडानी ग्रुप के शेयर में कमाई का मौका, अभी खरीदें तो मिल सकता है 30% रिटर्न
आपका नाम जुड़ा या छूटा? यहां से करें चेक
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 4 नवंबर से 11 दिसंबर के बीच चली वेरिफिकेशन प्रक्रिया के बाद तैयार की गई होगी. मतदाता चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या फिर राज्य चुनाव विभाग की वेबसाइट या अपने जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम ऑनलाइन देख सकते हैं.
इसके लिए पोर्टल्स पर एक विशेष लिंक उपलब्ध कराया जाएगा, जिस पर क्लिक करके आप अपनी जानकारी आसानी से जांच सकते हैं.
लिंक खोलने पर एक पेज खुलेगा, जहां चार विकल्प दिखाई देंगे.
यहां सबसे पहले आपको अपना राज्य चुनना पड़ सकता है, फिर अपने जिले और विधानसभा क्षेत्र का चयन करना होगा.
इसके बाद भाषा चुनने का विकल्प मिल सकता है.
फिर वोटर लिस्ट की श्रेणी चुननी होगी, जिसमें कई विकल्प दिए गए हैं. इनमें से उपयुक्त विकल्प चुनने के बाद आप अपने बूथ के अनुसार वोटर लिस्ट में अपना नाम देख सकते हैं.
चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जल्द ही ड्राफ्ट वोटर लिस्ट देखने के लिए लिंक उपलब्ध कराई जाएगी. उसके बाद मतदाता अपना नाम देख पाएंगे. लिंक सामने आने के बाद ही सही ड्राफ्ट लिस्ट में नाम देखने की सही प्रक्रिया बताई जा सकेगी. फिलहाल यहां बिहार एसआईआर के एक्सपीरियंस के आधार पर संभावित तरीकों का जिक्र किया गया है.
बड़ी संख्या में वोटर्स ड्राफ्ट लिस्ट से किए जा सकते हैं बाहर
बताया जा रहा है कि SIR के दूसरे चरण से गुजर रहे इन पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने का अनुमान 7.5 से 8.5 फीसदी तक हो सकता है. हालांकि लक्षद्वीप में यह आंकड़ा काफी कम, लगभग 2.5 फीसदी रहने की संभावना है.
पश्चिम बंगाल में स्थिति सबसे बड़ी मानी जा रही है. यहां करीब 58 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं. ये वे मतदाता हैं जो या तो अब जीवित नहीं हैं, स्थायी रूप से कहीं और चले गए हैं, जिनका पता नहीं चल रहा है या जिनके नाम एक से ज्यादा जगह दर्ज पाए गए हैं. यह भी कहा जा रहा है कि जिन मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे, उनकी संख्या 58 लाख से कहीं ज्यादा हो सकती है.
दरअसल, कई मतदाताओं ने एन्यूमरेशन फॉर्म में पूरी जानकारी नहीं दी है. खासकर पिछली SIR सूची से अपने नाम के लिंक का जिक्र नहीं किया गया. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि इस बार नियमों में बदलाव कर दिया गया था और फॉर्म भरते समय दस्तावेज जमा करना जरूरी नहीं रखा गया. अब बूथ लेवल अधिकारियों ने इन खामियों की पहचान कर ली है.
अब आगे यह इस बात पर निर्भर करेगा कि नोटिस पाने वाले कितने मतदाता जरूरी दस्तावेज दिखाकर चुनाव अधिकारियों को अपनी नागरिकता और पात्रता साबित कर पाते हैं. इसके बाद ही चुनाव आयोग तय करेगा कि अंतिम वोटर लिस्ट से कितने नाम हटाए जाएंगे.
गोवा की बात करें तो यहां कुल 11.8 लाख मतदाताओं में से करीब एक लाख नाम यानी लगभग 8.5 फीसदी हटाए जाने की संभावना है. राजस्थान में भी कुल 5.46 करोड़ मतदाताओं में से 7.5 से 8 फीसदी नाम काटे जा सकते हैं. वहीं लक्षद्वीप में सबसे कम असर दिखेगा, जहां कुल 57,813 मतदाताओं में से करीब 2.5 प्रतिशत नाम हट सकते हैं.
कब आएगी फाइनल वोटर लिस्ट?
चुनाव आयोग के SIR शेड्यूल के मुताबिक, इन पांचों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक क्लेम और ऑब्जेक्शन दाखिल किए जा सकेंगे. इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की फाइनल वोटर लिस्ट 14 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी.
नवंबर 2025 के आख़िरी दिनों में जारी एक अधिसूचना के ज़रिए चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) की समयसीमा बढ़ा दी थी. यह फैसला राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के अनुरोध पर लिया गया था. इसके तहत चुनाव आयोग ने राजस्थान, पश्चिम बंगाल, गोवा, पुडुचेरी और लक्षद्वीप के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, तमिलनाडु, गुजरात और अंडमान एवं निकोबार के लिए भी SIR की समयसीमा में बदलाव किया था.
पहले इन सभी जगहों पर एन्यूमरेशन का काम 4 दिसंबर तक पूरा होना था और ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 9 दिसंबर को जारी की जानी थी. लेकिन मतदाता सत्यापन के लिए अतिरिक्त समय देने के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने शेड्यूल में बदलाव किया. संशोधित कार्यक्रम के तहत अब केवल पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ही एन्यूमरेशन का काम आज पूरा हो रहा है और तय कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी.
यूपी, एमपी और इन राज्यों की ड्राफ्ट लिस्ट कब होगी जारी
अन्य राज्यों में यह प्रक्रिया आगे तक चलेगी. उत्तर प्रदेश में एन्यूमरेशन 26 दिसंबर तक जारी रहेगा और वहां ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 31 दिसंबर को प्रकाशित होगी. तमिलनाडु और गुजरात में एन्यूमरेशन 14 दिसंबर को पूरा हुआ, जहां ड्राफ्ट सूची 19 दिसंबर को आएगी. वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल और अंडमान एवं निकोबार में एन्यूमरेशन 18 दिसंबर 2025 को पूरा होगा और ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 23 दिसंबर को जारी की जाएगी.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us