/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/20/epstein-files-released-reuters-image-2025-12-20-16-43-53.jpg)
नए दस्तावेजों में एपस्टीन और मैक्सवेल मामलों से जुड़ी एफबीआई की फाइल्स, तस्वीरें और अन्य सबूत शामिल हैं. (Image : Reuters)
Epstein files released : अमेरिका के न्याय विभाग (US Justice Department) ने शुक्रवार, 19 दिसंबर को जेफ्री एपस्टीन और उसकी सहयोगी घिस्लेन मैक्सवेल से जुड़े हजारों दस्तावेज सार्वजनिक किए. एपस्टीन पर यौन अपराध और सेक्स ट्रैफिकिंग के गंभीर आरोप थे. ये दस्तावेज़ ऐसे समय सामने आए हैं, जब पिछले महीने अमेरिकी संसद ने एक कानून पास किया था, जिसके तहत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को ये फाइलें जारी करनी थीं.
हालांकि, न्याय विभाग ने साफ किया है कि यह पूरा रिकॉर्ड नहीं है. एपस्टीन से जुड़े और भी कई दस्तावेज़ अभी बाकी हैं, जिन्हें आने वाले हफ्तों में चरणबद्ध तरीके से सार्वजनिक किया जाएगा. पहली खेप में सामने आए दस्तावेज़ों से जुड़ी पांच अहम बातें इस तरह हैं -
ज्यादातर जानकारी ब्लैक आउट, कोई बड़ा खुलासा नहीं
इन दस्तावेजों में FBI की फाइलें, तस्वीरें और कुछ सबूत शामिल हैं, लेकिन इनमें ऐसा कोई नया बड़ा खुलासा नहीं हुआ है, जिससे यह साफ हो कि एपस्टीन के अमीर कारोबारियों, सेलेब्रिटीज़ या नेताओं से रिश्ते किस हद तक थे.
कई दस्तावेज़ों में जानकारी को भारी मात्रा में ब्लैक आउट कर दिया गया है. एक 119 पन्नों की फाइल, जिसका नाम “Grand Jury NY” है, पूरी तरह काली कर दी गई है. कई जगह एक ही जानकारी कहीं छुपाई गई है, तो कहीं खुली छोड़ दी गई. यानी रेडैक्शन भी एक जैसा नहीं है.
बिल क्लिंटन की तस्वीरों पर सबसे ज्यादा ध्यान
इन फाइलों में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की कुछ ऐसी तस्वीरें हैं, जो पहले कभी सार्वजनिक नहीं हुई थीं. कम से कम दो तस्वीरों में वह स्विमिंग पूल में दिखते हैं, जिनमें से एक में मैक्सवेल भी उनके साथ नजर आती है.
कई तस्वीरों में क्लिंटन ही अकेले ऐसे व्यक्ति हैं, जिनकी पहचान साफ हो पाती है. एक तस्वीर में वह सफेद कपड़ों में एक महिला के साथ दिखते हैं, लेकिन उस महिला का चेहरा छुपा दिया गया है. इन तस्वीरों के पीछे का संदर्भ या समय भी साफ नहीं किया गया है.
क्लिंटन के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि पूर्व राष्ट्रपति ने एपस्टीन से बहुत पहले ही नाता तोड़ लिया था, जब उसके अपराध सार्वजनिक भी नहीं हुए थे. प्रवक्ता ने यह भी कहा कि पुरानी तस्वीरें जारी करना असल मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश है.
ट्रंप का नाम बहुत कम जगह
13,000 से ज्यादा दस्तावेज़ों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम या तस्वीरें बहुत कम नजर आती हैं. जबकि यह बात पहले से ज्ञात है कि 1990 और 2000 के शुरुआती सालों में ट्रंप और एपस्टीन कई सामाजिक कार्यक्रमों में साथ देखे गए थे.
जो तस्वीरें जारी हुई हैं, वे पहले से ही सार्वजनिक थीं. ट्रंप का नाम फोन बुक, मैसेज रिकॉर्ड और फ्लाइट लिस्ट में पहले की तरह दर्ज है, लेकिन कोई नया खुलासा सामने नहीं आया.
कुछ मशहूर हस्तियों की झलक
इन दस्तावेज़ों में अब तक की सबसे ज़्यादा सेलेब्रिटी मौजूदगी दिखती है. कुछ तस्वीरों में माइकल जैक्सन, मिक जैगर और डायना रॉस नजर आते हैं. एक तस्वीर में एपस्टीन मशहूर पत्रकार वॉल्टर क्रोनकाइट के साथ टेबल पर बैठे दिखते हैं.
हालांकि, इन तस्वीरों से यह साबित नहीं होता कि इन लोगों को एपस्टीन की गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी थी. बस इतना साफ होता है कि एपस्टीन अमीर और मशहूर लोगों के बीच पहुंच बनाने में माहिर था.
धीरे-धीरे करके आएंगे बाकी डाक्यूमेंट्स
न्याय विभाग ने साफ किया है कि एपस्टीन से जुड़ी फाइलों का खुलासा अभी खत्म नहीं हुआ है. डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा है कि आने वाले हफ्तों में हज़ारों और दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएंगे.
हालांकि, एक विवाद यह भी है कि ट्रंप प्रशासन को कानून के तहत 30 दिनों के भीतर सभी गैर-गोपनीय दस्तावेज़ जारी करने थे. अगर ऐसा नहीं होता, तो इसे कानून का उल्लंघन माना जा सकता है.
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कानून न्याय विभाग को यह छूट देता है कि अगर कोई रिकॉर्ड गोपनीय हो या किसी चल रही जांच को नुकसान पहुंचा सकता हो, तो उसे रोका जा सकता है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us