/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/13/haj-house-dd-news-2025-12-13-17-32-50.jpg)
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि अगर 15 जनवरी 2026 तक बुकिंग पूरी कर ली जाती है, तो आखिरी समय की भागदौड़ और परेशानियों से बचा जा सकता है. (Image : DD News)
हज यात्रा मुस्लिम समुदाय के लिए अत्यंत पवित्र और जीवन की सबसे महत्वपूर्ण आध्यात्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है. ऐसे में हज 2026 पर जाने की योजना बना रहे लोगों के लिए सरकार की ओर से एक अहम अलर्ट जारी किया गया है. सरकार ने यात्रियों से समय रहते आवेदन करने और हज ग्रुप ऑर्गेनाइज़र या प्राइवेट टूर ऑपरेटर (PTO) का चयन पूरी सावधानी से करने की अपील की है.
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए एक पोस्ट के जरिए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने यह अपील की. अपने पोस्ट में उन्होंने प्राइवेट हज यात्रियों से समय रहते आवेदन करने और केवल सरकार द्वारा अधिकृत हज ग्रुप ऑर्गेनाइज़र (HGO) या प्राइवेट टूर ऑपरेटर (PTO) चुनने को कहा. केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि अगर 15 जनवरी 2026 तक बुकिंग पूरी कर ली जाती है, तो आखिरी समय की भागदौड़ और परेशानियों से बचा जा सकता है. इससे हज की पवित्र यात्रा के लिए रहने, आने-जाने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर और बेहतर तरीके से सुनिश्चित हो सकेंगी.
Important circular for #Hajj2026
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) December 13, 2025
For the convenience of Indian private Haj pilgrims, I urge everyone to apply early & choose only authorised Haj Group Organisers (HGOs)/PTOs.
Timely booking by 15 January 2026 will help avoid last-minute difficulties & ensure smooth,… pic.twitter.com/yJnElzmCc0
इस पोस्ट के साथ हज 2026 को लेकर सऊदी अरब की ओर से जारी एडवाइजरी का स्क्रीनशॉट भी साझा किया गया है, ताकि यात्रियों को समयसीमा और जरूरी दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी मिल सके.
हज यात्रियों के लिए सऊदी सरकार की अहम एडवाइजरी
हज 2026 यात्रियों के लिए जारी सऊदी अरब की एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि हज के दौरान रहने, परिवहन और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े सभी कॉन्ट्रैक्ट 1 फरवरी 2026 तक फाइनल करना अनिवार्य होगा.
जारी एडवाइजरी के मुताबिक, हज पर जाने वाले यात्रियों की सुविधा और व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ये सभी इंतजाम समय पर पूरे किए जाना जरूरी हैं. ऐसे में जो भारतीय यात्री हज ग्रुप ऑर्गेनाइज़र (HGO) या प्राइवेट टूर ऑपरेटर (PTO) के जरिए हज पर जाना चाहते हैं, उन्हें आखिरी वक्त का इंतजार नहीं करने की सलाह दी गई है.
सऊदी सरकार की समयसीमा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को कहा गया है कि वे 15 जनवरी 2026 तक अपनी बुकिंग से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें. समय पर बुकिंग होने से आवास, ट्रांसपोर्ट और अन्य व्यवस्थाएं तय करने में आसानी होगी और आखिरी समय की परेशानियों से बचा जा सकेगा.
एडवाइजरी में यात्रियों को यह भी आगाह किया गया है कि बुकिंग से पहले संबंधित HGO या PTO की रजिस्ट्रेशन स्थिति, मंजूरी और कोटा जरूर जांच लें. हज यात्रा के लिए सिर्फ सरकार द्वारा अधिकृत ऑपरेटरों के जरिए ही बुकिंग करें, ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी या अव्यवस्था से बचा जा सके.
हर साल भारत से बड़ी संख्या में लोग हज यात्रा पर जाते हैं और समय पर सही प्रक्रिया अपनाने से ही यह पवित्र यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और तनावमुक्त बन सकती है. सरकार और हज प्रशासन की यही अपील है कि हज 2026 की तैयारी अभी से शुरू करें और तय समयसीमा का पालन करें.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार प्राइवेट टूर ऑपरेटरों के जरिए हज पर जाने वाले यात्रियों के लिए PTO कोटा बहाल किया गया है, जिसके तहत करीब 52,000 सीटें तय की गई हैं. पिछले साल तकनीकी दिक्कतों के कारण PTO कोटे से सिर्फ 10,000 यात्री ही हज कर पाए थे. कुल 1,75,000 भारतीय कोटे में से 52,000 यात्री PTO के जरिए, जबकि बाकी हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से हज यात्रा पर जाएंगे.
सऊदी अरब की तय समयसीमा के अनुसार 1 फरवरी 2026 तक सभी जरूरी कॉन्ट्रैक्ट फाइनल करना अनिवार्य होता है, जिसके लिए यात्रियों की संख्या पहले से तय होना जरूरी है. यही वजह है कि प्राइवेट हज यात्रियों को समय रहते बुकिंग कर लेने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि मक्का में ठहरने की दूरी और अन्य व्यवस्थाएं यात्रियों के अनुभव को काफी हद तक प्रभावित करती हैं.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us