/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/01/lodo-laxmi-yojana-2nd-installment-2025-12-01-01-48-10.jpg)
दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना योजना लाभ उठाने के लिए आज ही प्ले स्टोर से आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें और पंजीकरण करें. (Screenshot: DDLLY App)
Deendayal Lado Laxmi Yojana 2nd Installment Date soon: हरियाणा की 5.22 लाख से ज्यादा महिलाओं की निगाहें आज अपने बैंक खाते पर टिकी हुई हैं. वजह भी खास है. पिछले महीने 1 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिर्फ एक क्लिक में दीनदयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी की थी. ठीक एक महीना पूरा होने पर आज महिलाओं में यह उम्मीद जोर पकड़े हुए है कि क्या सरकार फिर से 2100 रुपये की दूसरी किस्त उनके खाते में भेज देगी?
क्यों बढ़ी महिलाओं की उम्मीद?
योजना की पहली किस्त 1 नवंबर हरियाणा दिवस के खास मौके पर 5,22,162 पात्र बहन-बेटियों के खातों में 2100-2100 रुपये की वित्तीय मदद भेजी थी. इस दौरान कुल 109.65 करोड़ रुपये लाभार्थियों के खातों में जमा कराई गई. पिछले महीने पहली तारीख को किस्त जारी होने की वजह से कई लाभार्थियों को लग रहा है कि सरकार महीने की शुरुआत में ही अगली किस्त भेजने की परंपरा बना सकती है. लेकिन अभी तक राज्य सरकार की ओर से दूसरी किस्त की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है.
योजना की शुरुआत कब और कैसे हुई?
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने यह महत्वाकांक्षी योजना 25 सितंबर, दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर लॉन्च की थी. इसके बाद पहली आधिकारिक किस्त 1 नवंबर 2025 को जारी की गई. तब से पात्र महिलाओं में योजनाबद्ध मासिक किस्तों की उम्मीद बढ़ गई है.
इस बार खाते में आएंगे 1100 रुपये, खास प्लानिंग कर रही है सरकार
लाड़ो लक्ष्मी योजना फिलहाल उन परिवारों के लिए लागू की जा रही है जिनकी सालाना आय 1 लाख रुपये से कम है. इस पात्रता के दायरे में राज्य के लगभग 20–21 लाख लोग आते हैं. योजना का पहला चरण शुरू हो चुका है, जबकि बाकी चरण आगे चलकर लागू किए जाएंगे. हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संकेत दे चुके हैं कि योजना की 12 किस्तों के बजाय अब साल में दो किस्तें देने पर विचार किया जा रहा है.
इसी बीच सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार ने बताया कि सरकार ने योजना के तहत मिलने वाले 2100 रुपये मंथली के वितरण का नया मॉडल तय किया है. प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, पात्र महिलाओं के खातों में हर महीने 1100 रुपये सीधे भेजे जाएंगे, जबकि 1000 रुपये उनकी बचत (सेविंग) के रूप में जमा किए जाएंगे.
मंत्री के मुताबिक, यदि कोई लाभार्थी महिला 5 साल तक स्कीम से जुड़ी रहती है, तो उसके नाम पर कुल 60,000 रुपये की बचत तैयार हो जाएगी, जिसे वह अपने किसी महत्वपूर्ण काम में उपयोग कर सकती है. यह मॉडल इसलिए चुना गया है ताकि महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता भी मिले और उनके नाम पर ठोस बचत भी बनती रहे.
क्या आज आएगी दूसरी किस्त?
लाड़ो लक्ष्मी योजना के लिए ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन जारी है. मंत्री ने बताया कि अब तक 9 लाख से ज्यादा महिलाएं आवेदन कर चुकी हैं, और दूसरी किस्त का लाभ लगभग 7 लाख लाभार्यी महिलाओं को मिल सकती है. बता दें कि पहली किस्त के तहत राज्य की 5.22 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में 2100-2100 रुपये की राशि भेजी गई थी. लाभार्थी महिलाएं सुबह से बैंक SMS और ऐप नोटिफिकेशन चेक कर रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई पुष्ट सूचना जारी नहीं की गई है. वहीं सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार ने अपने एक बयान में दूसरी किस्त की तारीख को लेकर 1 दिसंबर के बाद जानकारी साझा करने की बात कही है..
DDLLY : लाडो लक्ष्मी योजना क्या है?
लाडो लक्ष्मी योजना की शुरूआत 25 सितंबर 2025, दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर की गई थी. इस योजना के तहत हरियाणा सरकार पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की मदद देती है. इसकी पहली किस्त इसी महीने की पहली तारीख को 5 लाख 22 हजार 162 महिलाओं के खातों में भेज दी गई. इस योजना का मकसद महिलाओं को आर्थिक तौर पर मजबूत बनाना और उनकी रोजमर्रा की जरूरतों में मदद करना है. यह योजना खास तौर पर बीपीएल और कम आय वाले परिवारों की महिलाओं के लिए है. सरकार ने इस योजना के लिए चालू वित्त वर्ष के बजट में 5,000 करोड़ रुपये का बजट रिजर्व कर रखा है.
इस योजना के लिए कौन-कौन एलिजिबल हैं?
यह योजना उन महिलाओं के लिए है:
जिनकी उम्र 23 साल या उससे ज्यादा है.
जिनके परिवार की सालाना आय 1 लाख रुपये से कम हो, और यह आय FIDR (Family Information Database Repository) में दर्ज हो.
जो खुद हरियाणा की निवासी हों, या जो शादी होकर दूसरे राज्य से हरियाणा आई हों और उनके पति पिछले 15 साल से हरियाणा में रह रहे हों.
नोट - एक ही परिवार की चाहें कितनी भी महिलाएं हों, सभी इस योजना का फायदा ले सकती हैं. कोई संख्या सीमा नहीं है.
कौन इस योजना का फायदा नहीं ले पाएगा?
जो महिलाएं पहले से ही नीचे दी गई किसी भी सरकारी आर्थिक सहायता योजना का लाभ ले रही हैं, वे DDLLY के लिए एलिजिबल नहीं होंगी:
- ओल्डएज सम्मान भत्ता
- विधवा और बेसहारा महिलाओं की आर्थिक सहायता
- दिव्यांग भत्ता
- लाड़ली सामाजिक सुरक्षा भत्ता
- कश्मीरी प्रवासी परिवारों की आर्थिक सहायता
- बौनापन भत्ता
- एसिड अटैक पीड़ितों की सहायता
- विधुर और अविवाहित व्यक्तियों की सहायता योजना
- पद्म पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों का हरियाणा गौरव सम्मान या सरकार द्वारा समय-समय पर जारी अन्य समान योजनाएं
लेकिन, नीचे दी गई योजनाओं का लाभ लेने पर लाडो लक्ष्मी योजना का फायदा भी मिल सकता है.
- स्टेज 3 और स्टेज 4 कैंसर मरीजों की वित्तीय सहायता
- रेयर डिजीज से पीड़ित व्यक्तियों की सहायता
- हीमोफीलिया, थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित व्यक्तियों की सहायता
- या सरकार द्वारा बाद में जारी की जाने वाली कोई भी इसी तरह की स्वास्थ्य-संबंधी योजना
कैसे करें अप्लाई
बता दें कि हरियाणा सरकार ने चालू वित्त वर्ष के बजट में लाड़ो लक्ष्मी योजना के लिए अलग से 5 हजार करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया है. योजना के तहत 23 साल से अधिक आयु की सभी महिलाएं चाहें विवाहित हों या अविवाहित, दोनों ही पात्र हैं. पहले चरण में 1 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले परिवारों की सभी महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है. एक परिवार की सभी पात्र महिलाओं को मिल रहा है.
पहले चरण में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना से 20 लाख महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य है. 25 सितंबर 2025 को शुरू हुई इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन जारी है. 23 से 60 साल की विवाहित और अविवाहित, दोनों पात्र महिलाएं दीनदयाल लाडोलक्ष्मी ऐप’ के जरिए पंजीकरण करा सकती है. 5,22,162 पात्र महिलाएं पहली किस्त का लाभ उठा चुकी है. दूसरी किस्त में इस संख्या में बदलाव देखने को मिलेगा ज्यादा संभावना है कि लाभार्थी महिलाओं की संख्या बढ़ जाएगी. ऐप’ के जरिए पंजीकरण के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर लाभार्थी मदद के लिए टोल-फ्री नंबर 1800 180 2231 या हेल्पलाइन नंबर 0172-4880500 पर संपर्क कर सकती हैं. योजना का लाभ उठाने के लिए आज ही प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड करें और पंजीकरण करें.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us