/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/28/pm-modi-mann-ki-baat-2025-12-28-11-55-46.jpg)
प्रधानमंत्री ने कहा - इस साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया. दुनिया ने साफ देखा आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता. (Sceenshots : nandurbar.gov.in)
Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने रविवार को अपने मंथली रेडियो प्रोग्राम मन की बात (Mann Ki Baat) के 129वें और साल 2025 के आखिरी एपिसोड में ऑपरेशन सिंदूर को हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता करना नहीं जानता और यह बात पूरी दुनिया ने देखी है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश और विदेश में बसे भारतीयों में मातृभूमि के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना साफ दिखाई दी. उन्होंने कहा कि यही भावना तब भी देखने को मिली जब वंदे मातरम् के 150 साल पूरे हुए.
साल के समापन पर 2025 की उपलब्धियों को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह साल भारत को कई ऐसे पल देकर गया, जिन पर हर सिटिजन को गर्व हुआ. देश की सुरक्षा से लेकर खेल के मैदान तक, विज्ञान की प्रयोगशालाओं से लेकर दुनिया के बड़े मंचों तक, भारत ने हर क्षेत्र में अपनी मजबूत छाप छोड़ी.
प्रधानमंत्री ने बताया कि 2025 में भारत ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं. शुभांशु शुक्ला के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने, पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी पहलों और देश में चीतों की संख्या 30 के पार पहुंचने जैसे उदाहरण उन्होंने गिनाए.
उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ और अयोध्या के राम मंदिर में ध्वजारोहण जैसे आयोजनों का जिक्र करते हुए कहा कि 2025 में आस्था, संस्कृति और भारत की विरासत एक साथ देखने को मिली, जिसने पूरे देश को गर्व से भर दिया.
आगामी 26 जनवरी 2026 को होने वाले 77वें गणतंत्र दिवस का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को याद करने और उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता जताने की अपील की. उन्होंने ओडिशा की स्वतंत्रता सेनानी पार्वती गिरी का विशेष रूप से उल्लेख किया और कहा कि उनकी प्रेरणादायक जीवन यात्रा आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन देती रहेगी.
प्रधानमंत्री ने देश में चल रही तकनीकी और युवा केंद्रित पहलों पर भी बात की. उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है. स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2025 समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं की बढ़ती भागीदारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज का भारत युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए लगातार नए मंच उपलब्ध करा रहा है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us