/financial-express-hindi/media/media_files/2025/11/08/pm-kisan-21th-installment-kab-milegi-4-2025-11-08-02-36-19.jpg)
PM Kisan Samman Yojana: आपदा प्रभावित कुछ राज्य जैसे पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के किसानों के खातों में योजना की 21वीं किस्त सितंबर-अक्टूबर में ही भेजे जा चुके हैं. (Image: X)
PM Kisan Yojana Update: क्या आज देश के 9 करोड़ से ज्यादा किसानों का इंतजार खत्म होने वाला है? क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज किसानों के खातों में 2,000 रुपये की 21वीं किस्त भेज सकते हैं? इन सवालों पर आज देशभर के किसानों की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि शुक्रवार से प्रधानमंत्री मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं. यहां से वह शनिवार की सुबह चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
किसानों को अब भी 21वीं किस्त का इंतजार
आपदा प्रभावित कुछ राज्यों जैसे पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में किसानों के खातों में पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त सितंबर-अक्टूबर में ही पहुंच चुकी है. हालांकि, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र समेत कई अन्य राज्यों के 9 करोड़ से अधिक किसानों को अभी भी 2,000 रुपये की अगली किस्त का इंतजार है.
करीब तीन महीने पहले, वाराणसी में हुए एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर के 9.71 करोड़ किसानों को 20वीं किस्त जारी की थी. अब जब प्रधानमंत्री एक बार फिर वाराणसी से ही वंदे भारत कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं, तो किसान उम्मीद लगाए बैठे हैं कि शायद नई किस्त का ऐलान या ट्रांसफर वहीं से किया जाए.
21वीं किस्त की तारीख को लेकर क्या है अपडेट
हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से 6 नवंबर को जारी नई वंदे भारत ट्रेनों से जुड़ी प्रेस रिलीज में पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है. और न ही अब तक कृषि मंत्रालय की ओर से अगली किस्त की अधिकारिक तारीख को लेकर जानकारी सामने हैं. ऐसे में आज किस्त जारी होगी या नहीं, इस पर अभी कोई औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है.
अगर आप पीएम किसान योजना से जुड़े हैं, तो ये काम तुरंत करें
अगली किस्त में देरी या रुकावट से बचने के लिए किसानों को कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी:
- ई-केवाईसी पूरी करें ताकि योजना का पैसा बिना रुकावट सीधे खाते में आए.
- आधार को बैंक खाते से लिंक करें, वरना किस्त ट्रांसफर नहीं होगी.
- बैंक अकाउंट की डिटेल चेक करें - नाम, खाता नंबर और IFSC कोड सही होना चाहिए.
- जमीन के रिकॉर्ड अपडेट कराएं अगर खतौनी या खसरा में कोई गलती है.
- लाभार्थी स्थिति जांचें - pmkisan.gov.in पर जाकर देखें कि आपका नाम सूची में है या नहीं.
- मोबाइल नंबर अपडेट करें ताकि OTP और किस्त से जुड़ी सूचनाएं समय पर मिलें.
- कुछ राज्यों जैसे यूपी में पीएम किसान योजना की किस्त के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराने की अनिवार्यता की बात सामने आ रही है. ऐसे में अब तक जिन किसानों ने रजिस्ट्री नहीं कराई है वे फटाफट यह जरूरी काम भी निपटा लें ताकि अगली किस्त समय पर मिल सके.
वाराणसी से 4 नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत
आज प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को रवाना करेंगे. ये ट्रेनें देश के चार प्रमुख रूट्स पर चलेंगी:
- वाराणसी–खजुराहो
- लखनऊ–सहारनपुर
- फिरोज़पुर–दिल्ली
- एर्नाकुलम–बेंगलुरु
इन ट्रेनों के शुरू होने से देश के विभिन्न हिस्सों के बीच यात्रा का समय घटेगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, और व्यापारिक कनेक्टिविटी मजबूत होगी. वाराणसी–खजुराहो वंदे भारत धार्मिक शहरों को जोड़ेगी और 2 घंटे 40 मिनट का समय बचाएगी. लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत यूपी के यात्रियों को राहत देगी और हरिद्वार तक पहुंच आसान बनाएगी. फिरोज़पुर–दिल्ली वंदे भारत पंजाब और दिल्ली के बीच सबसे तेज़ रेल सेवा होगी. एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत दक्षिण भारत के आईटी और कारोबारी शहरों को जोड़कर क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार देगी.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us