/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/22/pm-kisan-20th-installment-18-ai-image-2025-07-22-14-28-15.jpg)
PM-KISAN किसानों के लिए eKYC अनिवार्य है. OTP आधारित eKYC PM-KISAN पोर्टल पर उपलब्ध है, जबकि बायोमेट्रिक eKYC के लिए नजदीकी CSC केंद्र से संपर्क करें. (AI Image)
PM Kisan Yojana Beneficiaries cut : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के 9 करोड़ लाभार्थी किसानों का इंतजार कल, बुधवार को खत्म हो जाएगा. दोपहर 2 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के कोयंबटूर से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) तकनीक के जरिए योजना की 21वीं किस्त जारी करेंगे. इस बार 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी, जिसके तहत हर किसान को 2,000 रुपये की किस्त मिलेगी.
किन किसानों को मिलेगी किस्त?
पीएमओ के मुताबिक बुधवार को देश भर के 9 करोड़ किसानों के खातों में किस्त भेजी जाएगी. इससे पहले आपदा प्रभावित कुछ राज्यों जैसे पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के 35,54,654 किसानों को कुल 711.02 करोड़ की राशि सितंबर-अक्टूबर 2025 में ही एडवांस में जारी की जा चुकी है. कुल मिलाकर 21वीं किस्त का लाभ 9 करोड़ और एडवांस बेनिफिट वाले 35,54,654 लाभार्थी मिलाकर 9 करोड़ 35 लाख 54 हजार किसानों को मिल रहा है. ध्यान रहे 19 नवंबर को जारी हो रही किस्त का लाभ पाने वाले किसानों की संख्या के आधार पर इन आंकड़ों में थोड़ी बहुत बदलाव भी नजर आ सकती है.
इन 35 लाख किसानों को नहीं मिलेगी 21वीं किस्त?
इस बार बड़ी संख्या में किसान पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त से वंचित होने वाले हैं. आंकड़ों पर नजर डालें तो आखिरी यानी 20वीं किस्त का लाभ देश भर के 9,71,33,502 किसानों को मिला था, जिसके लिए कुल 20,843.44 करोड़ रुपये जारी किए गए थे. इस बार, बुधवार को जारी होने वाली और एडवांस किस्त को मिलाकर कुल 9,35,54,654 लाभार्थी किसानों के खातों में 21वीं किस्त के तहत पैसे भेजे जा रहे हैं.
उपलब्ध आंकड़ों पर बारीकी नजर डालें तो 20वीं किस्त के मुकाबले 21वीं किस्त का लाभ पाने वाले किसानों की संख्या 35,78,848 (9,71,33,502 - 9,35,54,654) कम होने की संभावना है. यानी पिछली किस्त पाने वाले लाभार्थियों की तुलना में इस बार करीब 35 लाख किसान 21वीं किस्त का लाभ पाने से बाहर हो जाएंगे.
क्या हो सकती है वजह?
आमतौर पर पात्रता पूरी न होने या जरूरी औपचारिकताएं अधूरी रहने पर पीएम किसान योजना की किस्त रोक दी जाती है. इसके अलावा, योजना की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक किस्त रोकने के कुछ प्रमुख कारण इस प्रकार हैं:
/filters:format(webp)/financial-express-hindi/media/media_files/2025/11/18/pm-kisan-kist-discontinue-2025-11-18-23-19-49.jpg)
फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदना
अगर किसी किसान ने इस तारीख के बाद जमीन अपने नाम कराई है, तो ऐसे मामलों को संदेहास्पद मानते हुए किस्त अस्थायी रुप से रोकने की बात सरकार ने नोटिफिकेशन के जरिए कही है.
एक ही परिवार के कई लोगों को किस्त जाना
यदि पति-पत्नी दोनों, या घर के एक बड़े और एक नाबालिग सदस्य के नाम पर किस्त जा रही है, तो इसे नियमों के खिलाफ माना जाता है. ऐसे मामलों की किस्तें अस्थायी रूप से रोकी जानी है.
उपरोक्त दोनों संदेहास्पद मामलों में जमीन, परिवार और पात्रता की फिजिकल वेरिफिकेशन करने और उपयुक्त जांच पूरी होने तक किस्त रोकने की बात सरकार ने पहले ही की थी.
सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी मौजूदा स्थिति जानने के लिए PM-KISAN वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर मौजूद Know Your Status (KYS) सेक्शन चेक करें, या फिर Kisan eMitra Chatbot का इस्तेमाल करें.
किसानों को यह सलाह भी है कि योजना के पात्र जो लोग आज जारी होने वाली 21वीं किस्त से वंचित रह जाते हैं, वे बिना देर किए अपनी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर लें जैसे बैंक खाते को आधार से लिंक करना, आधार-लिंक्ड बैंक खाते में DBT विकल्प सक्रिय करवाना, e-KYC कराना और जमीन की सत्यापन प्रक्रिया पूरी करना ताकि रुकी हुई और आने वाली दोनों किस्तें समय पर मिल सकें.
eKYC अधूरी है तो इन स्टेप्स की मदद से करें पूरी
- पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in या मोबाइल ऐप PM Kisan App पर जाएं
- ‘किसान कॉर्नर’ में जाएं और e-KYC विकल्प चुनें
- आधार नंबर भर और आधार लिंक मोबाइल पर आए ओटीपी से वेरिफाई करें
- इसके 24 घंटे में आपके पहचान से जुड़ी e-KYC पूरी हो जाएगी.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us