/financial-express-hindi/media/media_files/2025/11/18/pm-kisan-yojana-21th-installment-to-9-crore-farmers-2025-11-18-01-15-14.jpg)
PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवम्बर को तमिलनाडु के कोयंबटूर जाएंगे. वह तमिलनाडु के किसान संघों द्वारा आयोजित दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे. (Image: X/@OfficeofSSC)
PM Kisan Samman Nidhi: देश के 9 करोड़ किसानों के लिए अच्छी खबर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार, 19 नवंबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर से पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी करने वाले हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री करीब 18,000 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे. हर लाभार्थी किसान को इस बार भी 2,000 रुपये की किस्त भेजी जाएगी.
कोयंबटूर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम पीएम किसान उत्सव दिवस (PM Kisan Utsav Diwas) के रूप में मनाया जाएगा, जहां से प्रधानमंत्री देशभर के किसानों को संबोधित भी करेंगे. इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देश के सभी जिलों में, कलेक्ट्रेट सभागारों, पंचायतों, कृषि विज्ञान केंद्रों, मंडियों और किसान समृद्धि केंद्रों में किया जाएगा, ताकि किसान सीधे प्रधानमंत्री का संदेश सुन सकें.
किन किसानों को नहीं मिलेगी 21वीं किस्त?
कृषि मंत्री के मुताबिक यह किस्त पहले ही आपदा प्रभावित कुछ राज्यों जैसे पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के किसानों को सितंबर–अक्टूबर 2025 में भेजी जा चुकी है. चारों राज्यों के कुल 35.54 लाख किसानों को एडवांस में यह राशि मिल चुकी है. इस वजह से 19 नवंबर को इन राज्यों के किसानों के खातों में 2,000 रुपये की किस्त नहीं आएगी. बाकी सभी राज्यों के पात्र किसानों को कल यह राशि मिलेगी.
किसान इस खास दिन का हिस्सा बन सकते हैं अगर वे अपने पास के किसी भी आयोजन स्थल जैसे कृषि विज्ञान केंद्र, जिला या राज्य स्तरीय कार्यक्रम, पंचायत स्तर के आयोजन, स्थानीय मंडियां, किसान समृद्धि केंद्र या कृषि विश्वविद्यालयों में होने वाले कार्यक्रम में पहुंचकर जुड़ें. सरकार ने किसानों से आग्रह किया है कि वे अवश्य शामिल हों, क्योंकि यह दिन अन्नदाताओं के सम्मान में मनाया जा रहा है और यहां वे लाइव किस्त अंतरण के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन भी सुन सकेंगे..
माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त 19 नवंबर, बुधवार को जारी की जाएगी।
— Doordarshan Kisan - दूरदर्शन किसान (@DDKisanChannel) November 17, 2025
इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित भी करेंगे। @PMOIndia@AgriGoI@ChouhanShivraj@RNK_Thakur@PIBAgriculture@MIB_India@Agri_Exportspic.twitter.com/D8upSH2VZy
19 नवम्बर को तमिलनाडु के कोयंबटूर में होंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी के तमिलनाडु दौरे को लेकर बताया जा रहा है कि वह 19 नवंबर को कोयंबटूर में दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वह किसान संघों द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और दक्षिणी राज्यों के प्राकृतिक एवं जैविक कृषि विशेषज्ञ 50 वैज्ञानिकों से बात करेंगे. इस सम्मेलन का लक्ष्य प्राकृतिक और पुनर्योजी खेती को बढ़ावा देने के लिए नीतियां बनाना है. कार्यक्रम में 300 स्टॉलों वाली प्रदर्शनी, वैज्ञानिकों व नीति-निर्माताओं के साथ संवाद, लाइव डेमो और युवाओं व महिलाओं की विशेष भागीदारी होगी. इंडियन नेचुरल फार्मिंग राइस (Indian Natural Farming Rice) और पारंपरिक कृषि विकास योजना जैसी राष्ट्रीय पहलें भी मुख्य आकर्षण होंगी.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us