/financial-express-hindi/media/media_files/2025/11/22/pm-kisan-beneficiaries-bihar-agriculture-ministers-ram-kripal-yadav-2025-11-22-11-26-15.jpg)
बिहार में 86.36 लाख लोग पीएम किसान योजना से लुड़े हैं लेकिन 21वीं किस्त की राशि सिर्फ 73,37,217 पात्र किसानों के खातों में भेजे गए हैं. (Image: X/@ramkripalmp)
PM Kisan Yojana Update: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद किसानों की उम्मीदें नई रफ्तार पकड़ चुकी हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 10वीं बार शपथ लेने के बाद पहले मंत्रिमंडल विस्तार में वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव को कृषि विभाग की कमान सौंपी है, और इसी के साथ राज्यभर के किसानों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आखिर वादा किए गए अतिरिक्त 3000 रुपये उन्हें कब मिलने शुरू होंगे.
राजस्थान जैसी तर्ज पर प्रस्तावित ‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि’ योजना को लेकर किसानों में उत्सुकता चरम पर है, क्योंकि इस योजना के लागू होते ही बिहार में पीएम किसान योजना से जुड़े 86.36 लाख किसान अतिरिक्त लाभ के हकदार होंगे. नई सरकार का आज तीसरा दिन है और शुरूआती दिनों में ही जनता यह देखना चाहती है कि चुनावी मंचों से किए गए वादों को जमीनी हकीकत बनाने की दिशा में सरकार कितनी तेजी दिखाती है.
बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों के 6 दिन बाद यानी इसी 20 नवंबर को नई सरकार का गठन हुआ. इससे ठीक एक दिन पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त जारी की गई. अकेले बिहार में 73,37,217 पात्र किसानों के बैंक खातों में केंद्र सरकार ने 1467 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए. अब राज्य किसानों को बिहार सरकार की प्रस्तावित योजना को हकीकत में बदलने और सालाना 3000 रुपये अतिरिक्त वित्तीय मदद का इंतजार है.
#Bihar#Patna: केंद्रीय वस्त्र मंत्री @girirajsinghbjp ने आईसीएआर सभागार में पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त जारी होने के अवसर पर किसानों को संबोधित किया।
— आकाशवाणी समाचार, पटना (@airnews_patna) November 19, 2025
उन्होंने कहा कि अब बिहार के किसानों को सम्मान निधि के रूप में ₹9,000 की राशि जारी की जाएगी।@airnewsalertspic.twitter.com/c6Lx0uUHSb
हाल ही में जारी पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त के अवसर पर आईसीएआर ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अब बिहार के किसानों को सम्मान निधि के रूप में 9,000 रुपये की राशि जारी की जाएगी. हालांकि राज्य के किसानों को कब एक्स्ट्रा टॉप अप मिलेगी. बिहार सरकार कब प्रस्तावित योजना पर पहल करेगी? इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन केंद्रीय मंत्री के इस बयान के बाद किसानों के बीच उम्मीदें बढ़ गई हैं.
कब शुरू होगी कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि योजना?
बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान एनडीए नेताओं ने लगभग हर रैली में कहा था कि पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाले 6000 रुपये के अलावा बिहार के किसानों को अतिरिक्त 3000 रुपये दिए जाएंगे. अब जब जेडीयू और बीजेपी की एनडीए सरकार वापस सत्ता में आ गई है, किसान उम्मीद कर रहे हैं कि कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि पर जल्दी कोई फैसला होगा. एनडीए के घोषणा पत्र में वादा किया गया था कि राज्य के पीएम किसान लाभार्थियों को अलग से 3000 रुपये की मदद दी जाएगी. इसके लागू होने के बाद किसानों को सालाना कुल 9000 रुपये की सहायता मिलने लगेगी.
28 हजार किसानों की अटकी 21वीं किस्त?
पीएम किसान योजना के तहत 2 अगस्त 2025 को जारी की गई 20वीं किस्त में अकेले बिहार के 73 लाख 65 हजार 327 किसानों को 2000-2000 रुपये मिले थे और सरकार ने 1511 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे. जबकि इस बार 21वीं किस्त के तहत सरकार ने राज्य के 73,37,217 पात्र किसानों के बैंक खातों में दो-दो हजार रुपये भेजे हैं. आंकड़ों को देखें तो लगभग 28 हजार 110 किसानों की 21वीं किस्त रोक दी गई है.
माना जा रहा है कि समय पर जिन किसानों की eKYC, बैंक खाते से आधार लिंकिंग और जमीन रिकॉर्ड वेरीफिकेशन पूरे नहीं हो सके हैं, उन्हें इस किस्त का लाभ नहीं मिला है. हालांकि जैसे ही वे जरूरी काम पूरा कर लेते हैं, उनके खाते में रुकी हुई सभी पिछली किस्तें मिल जाती हैं.
क्या है पीएम किसान योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना पूरे देश में 1 दिसंबर 2018 से लागू है. इसका उद्देश्य किसानों को नियमित आर्थिक मदद देना है ताकि वे खेती से जुड़ी जरूरतें जैसे बीज, उर्वरक, कीटनाशक, उपकरण और अन्य सामग्री बिना परेशानी खरीद सकें. इससे खेती का उत्पादन बढ़ता है और किसानों की आय स्थिर रहती है. इस योजना की पूरी लागत केंद्र सरकार वहन करती है और पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की राशि दी जाती है, जो तीन किस्तों में अप्रैल से जुलाई, अगस्त से नवंबर और दिसंबर से मार्च के बीच सीधे बैंक खाते में जमा की जाती है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us