/financial-express-hindi/media/media_files/2025/11/08/pm-modi-flag-off-four-new-vande-bharat-form-varanasi-2025-11-08-09-20-06.jpg)
New Vande Bharat Trains : शनिवार को बनारस स्टेशन से पीएम मोदी ने 4 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. (Screengrab: YT/@PBSHABD)
PM Modi Flags Off 4 New Vande Bharat Trains: देश की रेल यात्रा आज एक और ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंच गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी से चार नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया. इस मौके पर पीएम मोदी ने एक ट्रेन को खुद वाराणसी स्टेशन से रवाना किया, जबकि बाकी तीन ट्रेनों का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया गया. इन ट्रेनों के शुरू होने के साथ ही न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी बल्कि कई महत्वपूर्ण शहरों के बीच तेज़ और आरामदायक कनेक्टिविटी भी मिलेगी.
रेलवे बोर्ड ने सभी चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का पूरा रूट और शेड्यूल जारी कर दिया है. खास बात यह है कि इनमें से तीन ट्रेनें उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेंगी, जिससे राज्य के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. नई ट्रेनों में लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली, वाराणसी-खजुराहो और बेंगलुरु-एर्नाकुलम रूट शामिल हैं.
लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत का शेड्यूल
26504/26503 लखनऊ जंक्शन- सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस: उत्तर प्रदेश को मिली दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में से एक है लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (26504/26503), जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों को जोड़ते हुए तेज़ और आरामदायक सफर का नया विकल्प लेकर आई है.
रेलवे बोर्ड के अनुसार, यह ट्रेन सुबह 5:00 बजे लखनऊ जंक्शन से रवाना होगी और रास्ते में सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, नजीबाबाद और रुड़की स्टेशनों पर रुकेगी. ट्रेन दोपहर 12:45 बजे सहारनपुर पहुंचेगी.
वापसी यात्रा में यह ट्रेन दोपहर 3:00 बजे सहारनपुर से चलेगी और रात 11:00 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन सोमवार को छोड़कर हर दिन चलाई जाएगी.
वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत ट्रेन
26422/26421 वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत ट्रेन: उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस (26422/26421) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह ट्रेन न केवल तीर्थस्थलों को जोड़ती है, बल्कि पर्यटन और व्यापारिक यात्राओं के लिए भी एक नया हाई-स्पीड विकल्प लेकर आई है.
रेलवे बोर्ड के अनुसार, यह ट्रेन सुबह 5:25 बजे वाराणसी से रवाना होगी और रास्ते में विंध्याचल, प्रयागराज, छिवकी, चित्रकूट धाम, बांदा और महोबा स्टेशनों पर रुकेगी. यह ट्रेन दोपहर 1:10 बजे खजुराहो पहुंचेगी.
वापसी यात्रा में, ट्रेन दोपहर 3:20 बजे खजुराहो से चलेगी और रात 11:00 बजे वाराणसी पहुंचेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन गुरुवार को छोड़कर सप्ताह के सभी छह दिन चलेगी.
Also read : Bank Holiday Update: महीने का दूसरा शनिवार है आज, बैंक खुलेंगे या बंद रहेंगे?
फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
26462/26461 फिरोजपुर कैंट -दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस: पंजाब से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को लॉन्च की गई चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में से एक है फिरोजपुर कैंट–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस (26462/26461). इस ट्रेन की शुरुआत से पंजाब की राजधानी दिल्ली से कनेक्टिविटी और भी तेज़, आरामदायक और समयबद्ध हो गई है.
रेलवे बोर्ड के अनुसार, यह हाई-स्पीड ट्रेन सुबह 7:55 बजे फिरोजपुर कैंट स्टेशन से रवाना होगी और फरीदकोट, बठिंडा, धुरी, पटियाला, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र और पानीपत स्टेशनों पर रुकेगी. यह ट्रेन दोपहर 2:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी.
वापसी यात्रा में, यही ट्रेन शाम 4:00 बजे दिल्ली से चलेगी और रात 10:35 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी. यह सेवा बुधवार को छोड़कर हर दिन संचालित की जाएगी.
बेंगलुरु–एर्नाकुलम वंदे भारत
26651/26652 बेंगलुरु-एर्नाकुलम वंदे भारत एक्सप्रेस: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को शुरू की गई चार नई वंदे भारत ट्रेनों में से एक KSR बेंगलुरु से एर्नाकुलम वंदे भारत एक्सप्रेस (26651/26652) भी शामिल है. यह ट्रेन अब कर्नाटक और केरल के बीच तेज, आरामदायक और आधुनिक सफर का नया विकल्प लेकर आई है.
रेलवे बोर्ड के अनुसार, यह ट्रेन सुबह 5:10 बजे केएसआर बेंगलुरु स्टेशन से रवाना होगी और कृष्णराजपुरम, सलेम, इरोड, तिरुप्पुर, कोयंबटूर, पलक्कड़ और थ्रिसुर स्टेशनों पर ठहरेगी. इसके बाद ट्रेन दोपहर 1:50 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी.
वापसी यात्रा में यह ट्रेन दोपहर 2:20 बजे एर्नाकुलम से चलेगी और रात 11:00 बजे केएसआर बेंगलुरु पहुंचेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर हफ्ते में छह दिन चलेगी.
इस नए रूट के शुरू होने से केरल और कर्नाटक के बीच सफर न केवल तेज़ होगा बल्कि पर्यटकों और व्यवसायिक यात्रियों के लिए भी बेहद सुविधाजनक साबित होगा. रेलवे का कहना है कि इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत दक्षिण भारत में तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा के नए युग की शुरुआत है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us