/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/15/ration-card-online-2025-12-15-19-29-01.jpg)
घर बैठे राशन कार्ड बनवाने के लिए बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट rconline.bihar.gov.in पर जाकर अप्लाई करना होगा. (Image : X/@food_bihar)
No More Office Visits for Ration Card: Apply Online from Home with These Easy Steps : अब राशन कार्ड बनवाने के लिए न तो सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत है और न ही लंबी कतारों में खड़े होने की मजबूरी. बिहार सरकार ने राज्य के लोगों को बड़ी राहत देते हुए राशन कार्ड के लिए पूरी तरह ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू कर दी है. इसके जरिए लोग अब घर बैठे, कभी भी और कहीं से कुछ ही क्लिक में राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं.
इस बारे में जानकारी बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने खुद अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा की है. विभाग के मुताबिक, अब नागरिकों को ऑफलाइन प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं है और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आसानी से राशन कार्ड बनवाया जा सकता है. आवेदन के दौरान कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी, जिनकी सूची पहले से तय कर दी गई है.
अब घर बैठे ऑनलाइन बनाएं अपना राशन कार्ड।@LeshiSingh@IPRDBihar#BiharFoodConsumerProtectionDept#foodsecurity#bihardevelopmentpic.twitter.com/TFsjfMmXzE
— Food & Consumer Protection Dept. Bihar (@food_bihar) December 15, 2025
ऑनलाइन आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
राशन कार्ड के लिए आवेदन करते समय आवेदक को स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक (नाम, खाता संख्या और IFSC सहित), पूरे परिवार का एक फोटो, आवेदक के हस्ताक्षर की फोटो, आवासीय प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र देना होगा. इसके अलावा, यदि लागू हो तो जाति प्रमाण पत्र और दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी अपलोड करना होगा.
ऐसे करें राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन
सबसे पहले rconline.bihar.gov.in वेबसाइट पर जाएं और “New User Sign Up for Meri Pehchaan” पर क्लिक करें. इसके बाद खुले डायलॉग बॉक्स में “To Register Click Here” विकल्प चुनें.
अब परिवार के किसी एक सदस्य के नाम से फॉर्म भरें, मोबाइल नंबर दर्ज करें और OTP के जरिए सत्यापन करें. जरूरी जानकारी भरने के बाद रजिस्ट्रेशन पूरा करें और अपनी Login ID सुरक्षित रख लें.
लॉगिन के बाद आवेदन की प्रक्रिया
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद वेबसाइट पर ID और Password से लॉगिन करें. इसके बाद “New Apply” पर क्लिक कर शहरी या ग्रामीण क्षेत्र का चयन करें, आवेदन पत्र भरें, परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी जोड़ें और जरूरी दस्तावेज स्कैन कर अपलोड करें. आवेदन सबमिट होते ही हर स्टेप की जानकारी मोबाइल पर SMS के जरिए मिलती रहेगी.
बिहार में कितने लोगों के पास है राशन कार्ड
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट epds.bihar.gov.in के अनुसार, बिहार में राशन कार्ड धारकों और लाभार्थियों की संख्या काफी बड़ी है. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में ग्रामीण क्षेत्रों में 1 करोड़ 85 लाख 96 हजार 212 और शहरी क्षेत्रों में 16 लाख 63 हजार 646 राशन कार्ड जारी किए गए हैं.
पात्र गृहस्थी (PHH) श्रेणी में कुल 1 करोड़ 79 लाख 61 हजार 554 कार्ड हैं, जिनसे जुड़े लाभार्थियों की संख्या 7 करोड़ 52 लाख 11 हजार 819 है. वहीं, अन्त्योदय अन्न योजना (AAY) के तहत 22 लाख 98 हजार 304 कार्ड जारी किए गए हैं, जिनसे 88 लाख 58 हजार 069 लोग लाभ उठा रहे हैं.
कुल मिलाकर बिहार में राशन कार्डों की संख्या 2 करोड़ 02 लाख 59 हजार 858 तक पहुंच चुकी है, जबकि इनसे जुड़े कुल लाभार्थियों की संख्या 8 करोड़ 40 लाख 69 हजार 888 बताई गई है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us