/financial-express-hindi/media/media_files/WVmntHZKOwSW6XRF2kHu.jpg)
Sthree Suraksha Scheme में महिलाओं और ट्रांस महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये पेंशन दी जाती है. (File Photo : PTI)
Sthree Suraksha Scheme | Pension Scheme : स्त्री सुरक्षा स्कीम महिलाओं और ट्रांस महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शुरू की गई है. इस योजना के तहत उन महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की पेंशन दी जाती है, जिन्हें किसी दूसरी सामाजिक पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है.
केरल सरकार ने यह स्कीम खास तौर पर उन महिलाओं के लिए पेश की है, जो बेरोजगार हैं और जिनके पास सीमित संसाधन हैं. सरकार का मकसद है कि ऐसी महिलाओं को सम्मान के साथ जीवन जीने में मदद मिल सके.
Sthree Suraksha Scheme क्या है
Sthree Suraksha Scheme केरल सरकार की एक सामाजिक सुरक्षा योजना है. इसके तहत 35 से 60 साल की उम्र की बेरोजगार महिलाओं और ट्रांस महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक मदद (Pension) दी जाती है. यह रकम सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है.
Online Application Process : इस स्कीम के लिए एप्लीकेशन प्रॉसेस ऑनलाइन रखी गई है. जिसे KSMART पोर्टल का इस्तेमाल करके पूरा किया जा सकता है.
किन महिलाओं को मिलेगा इस योजना का लाभ
इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं महिलाओं और ट्रांस महिलाओं को मिलेगा, जो कुछ तय शर्तों को पूरा करती हों. सबसे जरूरी शर्त यह है कि आवेदक के पास अंत्योदय अन्न योजना का पीला राशन कार्ड (Antyodaya Anna Yojana - Yellow Ration Card) या प्रायोरिटी कैटेगरी का गुलाबी राशन कार्ड (Priority Categories - Pink Ration Card) होना चाहिए.
अगर किसी महिला का राशन कार्ड बाद में नीले या सफेद कार्ड में बदल दिया जाता है, तो वह इस योजना के लिए अयोग्य (ineligible) मान ली जाएगी.
Sthree Suraksha Scheme की 7 बड़ी बातें
इस योजना के तहत 35 से 60 साल की उम्र की बेरोजगार महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की पेंशन मिलती है. आवेदन सिर्फ KSMART पोर्टल के जरिए ही स्वीकार किए जाते हैं.
जो महिलाएं विधवा पेंशन, अविवाहित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, सेवा पेंशन, फैमिली पेंशन या EPF पेंशन जैसी किसी पेंशन का लाभ पहले से ले रही हैं, उन्हें इस योजना का फायदा नहीं मिलेगा.
केंद्र या राज्य सरकार की नौकरी में काम करने वाली महिलाएं इस योजना के लिए एलिजिबल नहीं हैं. इसके अलावा, जो महिलाएं स्थायी या कॉन्ट्रैक्ट आधार पर काम कर रही हैं, उन्हें भी इस स्कीम के तहत पेंशन नहीं दी जा सकती.
आवेदन करते समय उम्र का प्रमाण, आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, राशन कार्ड और एक सेल्फ-डिक्लेरेशन पत्र देना जरूरी है. अगर कोई गलत जानकारी देकर पेंशन लेता पाया गया, तो उससे 18 फीसदी ब्याज के साथ रकम वापस ली जाएगी.
एलिजिबिलिटी की शर्तें क्या हैं
Eligibility Criteria : स्त्री सुरक्षा स्कीम के लिए आवेदन करने वाली महिला या ट्रांस महिला की उम्र 35 से 60 साल के बीच होनी चाहिए. आवेदक को केरल का स्थायी निवासी होना चाहिए.
इसके साथ ही आवेदक को किसी भी दूसरी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभार्थी नहीं होना चाहिए और न ही उसके पास किसी तरह की नौकरी होनी चाहिए.
Sthree Suraksha Scheme के लिए आवेदन कैसे करें
आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है.
सबसे पहले https://ksmart.lsgkerala.gov.in/ वेबसाइट पर जाना होगा. वहां मोबाइल नंबर की मदद से लॉग इन करें.
अगर पहले से रजिस्ट्रेशन नहीं है, तो Register विकल्प पर क्लिक करके नया अकाउंट बनाएं.
लॉग इन करने के बाद Apply पर क्लिक करें और फिर Sthree Suraksha Scheme को चुनें.
इसके बाद अपने स्थायी निवास वाले लोक सेल्फ गवर्नमेंट संस्था (Local Self Government Institution) को सेलेक्ट करें.
अब अपना नाम और आधार नंबर दर्ज करें, बाकी जरूरी जानकारी भरें और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें.
सारी जानकारी भरने के बाद आवेदन सबमिट कर दें.
आवेदन पूरा होने पर आपको एक पावती रसीद (Acknowledgement Receipt) मिलेगी, जिसे भविष्य के लिए संभालकर रखें.
पेंशन कैसे मिलेगी
योजना के तहत मिलने वाली 1000 रुपये की पेंशन सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी. इसके लिए बैंक खाता और आधार का लिंक होना (Aadhaar Bank Account Linking) जरूरी है.
Sthree Suraksha Scheme कब शुरू हुई
केरल सरकार ने इसी साल अक्टूबर में इस योजना की घोषणा की. मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने हाल ही में कहा था कि इस योजना के तहत राज्य की करीब 31.34 लाख महिलाओं को फायदा मिलेगा. सरकार ने इसके लिए हर साल करीब 3,800 करोड़ रुपये का बजट तय किया है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us