/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/14/sydney-attack-2025-12-14-16-21-52.jpg)
सिडनी के मशहूर बोंडी बीच पर हुई फायरिंग की घटना के बाद इमरजेंसी वर्कर्स एक घायल शख्स को स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाते हुए. (Image : AP Photo)
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर रविवार को हुई भीषण फायरिंग की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. समुद्र तट पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अचानक गोलियां चलने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. चश्मदीदों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी.
अधिकारियों ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस सेवाएं मौके पर पहुंचीं और घायलों की जान बचाने के प्रयास शुरू किए गए. न्यू साउथ वेल्स एंबुलेंस के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की कि 13 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि उनकी चोटों की गंभीरता को लेकर तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए न्यू साउथ वेल्स (NSW) पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में ही सुरक्षित रहें और बॉन्डी बीच की ओर न जाएं. सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल पर कई लोग जमीन पर घायल अवस्था में पड़े नजर आए, जबकि हालात को काबू में करने के लिए बड़ी संख्या में आपातकालीन टीमें तैनात की गईं.
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने इस घटना को भयावह आतंकी हमला यानी पूरे देश को झकझोर देने वाला आतंकी हमला (devastating terrorist incident) करार दिया है. उन्होंने कहा कि यह हमला हनुक्का के पहले दिन यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया बताया जा रहा है. प्रधानमंत्री के शब्दों में, यह “नफरत, यहूदी-विरोध और आतंकवाद का कृत्य है, जिसने देश के दिल पर हमला किया है.” हालांकि, जांच एजेंसियां सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही हैं.
पुलिस के अनुसार, बॉन्डी बीच पर हनुक्का कार्यक्रम के दौरान हुई इस गोलीबारी में कम से कम 12 लोगों की जान गई. अब तक दो संदिग्धों की पहचान की गई है—एक की मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. NSW पुलिस फोर्स ने बताया कि दो पुलिसकर्मियों समेत कुल 29 लोगों को सिडनी के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. साथ ही, इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या इस हमले में कोई तीसरा हमलावर भी शामिल था.
इस दर्दनाक घटना के बाद दुनियाभर के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दी हैं. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की “जीरो टॉलरेंस” नीति दोहराते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में समर्थन की बात कही.
सिडनी आतंकी हमले की पीएम मोदी ने की कड़ी निंदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है. सोशल मीडिया पर किए गए अपने ताज़ा पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि हनुक्का पर्व के पहले दिन जश्न मना रहे लोगों को निशाना बनाकर किया गया यह हमला बेहद भयावह और दुखद है. प्रधानमंत्री ने भारत की जनता की ओर से इस हमले में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुख की घड़ी में भारत, ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है. पीएम मोदी ने दोहराया कि भारत आतंकवाद के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति रखता है और आतंकवाद के हर रूप और स्वरूप के खिलाफ वैश्विक लड़ाई का समर्थन करता है.
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने जारी अपने बयान में सिडनी में हुई हिंसक घटना पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने इस घटना को झकझोर देने वाला और बेहद दुखद बताया और कहा कि पुलिस व आपातकालीन सेवाएं मौके पर मौजूद हैं तथा लोगों की जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने बताया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस के कमिश्नर और न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर से बात की है. सरकार राज्य पुलिस के साथ लगातार संपर्क में है और स्थिति से जुड़ी पूरी जानकारी मिलते ही उसे साझा किया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने बॉन्डी बीच और आसपास के लोगों से न्यू साउथ वेल्स पुलिस के निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us