/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/28/update-mobile-number-on-vahan-sarathi-portal-2-2025-12-28-17-33-28.png)
कार और बाइक मालिकों को आरटीओ में जाए बिना पोर्टल में मोबाइल नंबर अपडेट करने की ऑनलाइन सुविधा दी गई है.(Image : Canva, NIC)
Update Mobile Number on Vahan and Sarathi Portals : मिनिस्ट्री ऑफ रोड एंड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे (MoRTH) ने देशभर के सभी वाहन मालिकों, ड्राइविंग लाइसेंस धारकों और नए आवेदकों से अपील की है कि वे तुरंत अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर अपडेट कर लें. यह अपडेट वाहन (Vahan Portal) और सारथी पोर्टल (Sarathi Portal) पर करना होगा. मंत्रालय का कहना है कि ऐसा करने से वाहन रजिस्ट्रेशन, रिन्यूअल, मालिकाना हक बदलने, ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े काम और परमिट जैसी ऑनलाइन सेवाएं बिना रुकावट मिलती रहेंगी.
सरकार के मुताबिक, डिजिटल इंडिया के तहत ट्रांसपोर्ट सेवाएं तेजी से ऑनलाइन हो रही हैं. ऐसे में हर वाहन और लाइसेंस धारक का मोबाइल नंबर सही और अपडेट होना बेहद जरूरी है. पुराने या बंद मोबाइल नंबर की वजह से अक्सर OTP नहीं आता, जरूरी अलर्ट मिस हो जाते हैं, रिन्यूअल या चालान से जुड़ी जानकारी नहीं मिल पाती और काम में बेवजह देरी होती है.
मंत्रालय ने बताया कि आज भी कई लोगों के रिकॉर्ड में सालों पुराने मोबाइल नंबर दर्ज हैं, जो अब इस्तेमाल में नहीं हैं. इन्हें अपडेट करने से न सिर्फ आपका काम आसान होगा, बल्कि सरकारी ट्रांसपोर्ट डेटा की सुरक्षा और भरोसेमंद व्यवस्था भी मजबूत होगी.
मोबाइल नंबर अपडेट करना क्यों है जरूरी
अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर किए पोस्ट में भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कार और बाइक मालिकों और डीएल होल्डर्स को अहम सलाह दी है. मंत्रालय ने कहा है कि लोग Vahan और Sarathi पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर जरूर अपडेट रखें, ताकि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन और रिन्यूअल से जुड़े रिकॉर्ड सही और अपडेटेड बने रहें.
Stay informed and keep your records such as Driving License, Vehicle Registration information and renewal reminders accurate by updating your mobile number on the Vahan and Sarathi portals.#Parivahan#Sarathi#DigitalIndia#TransportServicespic.twitter.com/HliOUK90YJ
— MORTHINDIA (@MORTHIndia) November 22, 2025
मोबाइल नंबर अपडेट रहने से रिन्यूअल रिमाइंडर, जरूरी अलर्ट और OTP समय पर मिलते रहते हैं और किसी तरह की परेशानी नहीं होती. अच्छी बात यह है कि अब इसके लिए RTO जाने की जरूरत नहीं है, आप यह काम पूरी तरह ऑनलाइन घर बैठे कर सकते हैं.
Vahan और Sarathi पोर्टल पर OTP और सभी जरूरी सूचनाएं रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ही आती हैं. अगर नंबर गलत या बंद है, तो:
- लॉग-इन या ऑनलाइन आवेदन पूरा नहीं हो पाता
- एक्सपायरी डेट, चालान या नियमों से जुड़े अलर्ट नहीं मिलते
- सेवाओं में देरी और परेशानी होती है
मोबाइल नंबर अपडेट रखने से दूसरे सरकारी प्लेटफॉर्म्स के साथ तालमेल बेहतर होता है और शिकायतों का समाधान भी जल्दी होता है. कार, SUV, कमर्शियल वाहन और दोपहिया वाहन (बाइक–स्कूटर) के मालिकों को मोबाइल नंबर अपडेट करना जरूरी ह.
मोबाइल नंबर कैसे अपडेट करें
वाहन पोर्टल पर कार-बाइक मालिक ऐसे करें अपडेट
- सबसे पहलेे vahan.parivahan.gov.in पर जाएं
- स्क्रीन पर नजर “Update Mobile Number” विकल्प चुनें
- वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर के आखिरी 5 अंक डालें
- नया मोबाइल नंबर दर्ज करें
- नए नंबर पर आए OTP से वेरिफिकेशन करें
- आवेदन सबमिट करें और रसीद/एक्नॉलेजमेंट सेव कर लें
Sarathi पोर्टल पर DL होल्डर्स ऐसे करें अपडेट
- सबसे पहले sarathi.parivahan.gov.in खोलें
- अपना राज्य चुनें और डिटेल अपडेट सेवा पर जाएं
- ड्राइविंग लाइसेंस नंबर, जन्मतिथि और जरूरी जानकारी भरें
- नया मोबाइल नंबर डालें
- OTP से वेरिफिकेशन करें
- आवेदन सबमिट करें और कन्फर्मेशन रसीद डाउनलोड करें
मंत्रालय की सलाह है कि प्रक्रिया के दौरान RC या ड्राइविंग लाइसेंस पास रखें और नए मोबाइल नंबर पर OTP पाने की सुविधा सुनिश्चित करें. सरकार ने लोगों से अपील की है कि भविष्य की परेशानी से बचने के लिए यह छोटा-सा अपडेट जल्द से जल्द पूरा कर लें और डिजिटल ट्रांसपोर्ट सेवाओं का पूरा लाभ उठाएं.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us