/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/15/8th-pay-commission-ai-generated-image-2-2025-12-15-12-24-12.jpg)
8th Pay Commission Update 2025 : 8वें वेतन आयोग पर इस साल क्या हुआ और 2026 में क्या होने की है उम्मीद. (AI Generated Image : Gemini)
8th Pay Commission Update : 2025 का साल खत्म होने के साथ ही साथ केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (8th CPC) को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. सोशल मीडिया पर किए जाने वाले दावों की वजह से कई लोगों के मन में अब भी ऐसे सवाल हो सकते हैं कि क्या नया वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से लागू हो जाएगा? लेकिन हकीकत इससे अलग है.
आइए समझते हैं कि 2025 में 8वें वेतन आयोग को लेकर सरकार ने क्या कदम उठाए और 2026 में कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए आगे की राह क्या नजर आ रही है.
2025 में 8वें वेतन आयोग को लेकर क्या-क्या हुआ
साल 2025 में सरकार ने 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर तीन अहम फैसले किए. सबसे पहले, सरकार ने यह घोषणा की कि वह एक नया वेतन आयोग बनाएगी, जो केंद्रीय कर्मचारियों (Central Government Employees) और पेंशनर्स की सैलरी, पेंशन और अन्य भत्तों की समीक्षा करेगा.
इसके बाद सरकार ने औपचारिक रूप से 8वें वेतन आयोग का गठन किया और इसके चेयरमैन एवं अन्य सदस्यों की नियुक्ति भी कर दी. यह एक जरूरी प्रक्रिया होती है, ताकि आयोग अपना काम शुरू कर सके.
तीसरा अहम कदम रहा टर्म्स ऑफ रेफरेंस यानी TOR को अधिसूचित करना. TOR में यह तय किया जाता है कि वेतन आयोग किन-किन मुद्दों पर अध्ययन करेगा और अपनी सिफारिशें देगा. TOR तय करने से पहले सरकार ने अलग-अलग मंत्रालयों, विभागों और कर्मचारी संगठनों से बातचीत भी की. NC-JCM स्टाफ साइड ने भी अपने सुझाव सरकार को सौंपे थे.
Also read : Year Ender 2025: रिटायर्ड लोगों के लिए क्या बदला इस साल, पेंशन और रेगुलर इनकम के मामले में क्या मिली राहत
2026 में कर्मचारियों और पेंशनर्स को क्या मिलेगा
7वें वेतन आयोग (7th Pay Commission) की अवधि 31 दिसंबर 2025 को पूरी हो रही है. इसके बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भविष्य में 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें आने के बाद नई सैलरी और नई पेंशन को 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा? सच ये है कि सरकार ने अब तक इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई वादा नहीं किया है.
संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार ने यह संकेत दिया कि 8वें वेतन आयोग को लागू करने की तारीख पर फैसला तब लिया जाएगा, जब आयोग अपनी सिफारिशें सौंप देगा. इसका मतलब साफ है कि नई सैलरी या पेंशन का 1 जनवरी 2026 से लागू होना तय नहीं है.
सिफारिशें लागू होने पर एरियर की उम्मीद बरकरार
हालांकि आमतौर पर सरकार वेतन आयोग की सिफारिशें पिछली प्रभावी तारीख से लागू करती है, जो 1 जनवरी 2026 ही है. लिहाजा कर्मचारियों और पेंशनर्स यह उम्मीद जरूर कर सकते हैं कि . 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें जब भी स्वीकार होंगी, उन्हें 1 जनवरी 2026 से लागू मानकर बीच की अवधि का एरियर दिया जाएगा.
2026 में आएगी 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट?
8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट 2026 में आने की संभावना काफी कम मानी जा रही है. आयोग का गठन हाल ही में हुआ है और सरकार ने इसे सिफारिशें देने के लिए 18 महीने तक का समय दिया है. अगर आयोग तय समय में अपना काम पूरा करता है, तो रिपोर्ट 2027 में आ सकती है. इसके बाद सरकार की मंजूरी मिलने पर ही इसे लागू किया जाएगा.
तब तक कर्मचारियों और पेंशनर्स को 7वें वेतन आयोग के नियमों के तहत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में बढ़ोतरी मिलती रहेगी.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us