/financial-express-hindi/media/media_files/2025/10/24/aadhaar-aadhar-uidai-2025-10-24-15-26-23.jpg)
UIDAI Aadhaar new rules : आधार फोटोकॉपी की जगह QR कोड से होगा डिजिटल वेरिफिकेशन. (Image : X/@UIDAILucknow)
Aadhaar Photocopy New Rules : देश में आधार कार्ड सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पहचान पत्र है. सरकारी योजनाओं का लाभ लेना हो, बैंकिंग का काम हो या होटल में चेक-इन – हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है. ऐसे में आधार से जुड़ा एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है, जिसकी जानकारी हर नागरिक को होनी चाहिए. यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने साफ कर दिया है कि अब कई जगहों पर आधार की फोटोकॉपी दिए जाने पर रोक लगने वाली है. इसकी जगह एक नए डिजिटल सिस्टम से पहचान की फौरन और सुरक्षित जांच होगी.
आधार फोटोकॉपी पर नए नियम में क्या होगा
सरकार की ओर से जल्द लागू होने वाले नए नियम के मुताबिक होटल, इवेंट ऑर्गनाइजर्स और ऐसे कई बिजनेस द्वारा आधार कार्ड (Aadhaar Card) की फोटोकॉपी लेने पर रोक लगने वाली है. नए नियम के लागू होने के बाद उन्हें केवल डिजिटल तरीके से आधार वेरिफिकेशन करना होगा. यह बदलाव इसलिए जरूरी है क्योंकि किसी भी व्यक्ति के आधार कार्ड की फोटोकॉपी को संभालकर रखना आधार एक्ट के नियमों का उल्लंघन है. इससे डेटा लीक होने का खतरा भी रहता है.
QR कोड से होगा आधार वेरिफिकेशन
UIDAI के CEO भुवनेश कुमार ने हाल ही में पीटीआई को बताया है कि नई व्यवस्था के लागू होने के बाद आधार वेरिफिकेशन करने वाले सभी बिजनेस या अन्य ऑर्गनाइजेशन्स को अलग से रजिस्ट्रेशन करना होगा. इनके लिए एक नया सिस्टम लागू होगा, जिसके तहत वे QR कोड स्कैन करके या नए आधार मोबाइल ऐप के जरिए पहचान की जांच कर पाएंगे. यानी अब किसी भी जगह आधार की फोटोकॉपी देने की जरूरत नहीं होगी. डिजिटल वेरिफिकेशन तेज भी होगा और ज्यादा सुरक्षित भी.
क्यों खत्म की जा रही है आधार फोटोकॉपी की जरूरत?
अब तक होटल, इवेंट कंपनियों समेत कई जगहों पर लोगों को अपनी आधार की फोटोकॉपी देनी पड़ती थी. वहां से कागजों के गलत हाथों में जाने से पहचान की चोरी होने या डेटा का गलत इस्तेमाल किए जाने का डर रहता था. UIDAI का कहना है कि नए नियम का मकसद पेपर-बेस्ड वेरिफिकेशन खत्म करना, गोपनीयता को और मजबूत बनाना और आधार एक्ट के नियमों को सख्ती से लागू करना है.
भुवनेश कुमार के मुताबिक, “ये बदलाव ऑफलाइन वेरिफिकेशन को आसान बनाएगा और बिना कागज के पहचान की जांच की जा सकेगी. इससे यूज़र्स की प्राइवेसी सुरक्षित रहेगी और डेटा लीक का जोखिम भी खत्म होगा.”
कैसे काम करेगा नया आधार ऐप?
UIDAI एक नया मोबाइल ऐप (Aadhaar Mobile App) टेस्ट कर रहा है, जिसकी मदद से किसी सर्वर की जरूरत के बिना ऐप-टू-ऐप वेरिफिकेशन किया जा सकेगा. इसे एयरपोर्ट, रिटेल स्टोर्स और कई जगहों पर इस्तेमाल किया जा सकेगा. ऐप आने वाले डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट को भी सपोर्ट करेगा, जो अगले 18 महीनों में पूरी तरह लागू हो जाएगा.
इस ऐप में यूजर अपने एड्रेस को भी अपडेट कर सकेंगे और परिवार के ऐसे सदस्यों के दस्तावेज भी जोड़ पाएंगे जिनके पास मोबाइल फोन नहीं है.
सरकार का यह कदम आधार डेटा सुरक्षा को और मजबूत करेगा. आने वाले दिनों में आधार की फोटोकॉपी की जरूरत लगभग खत्म हो जाएगी और उसकी जगह QR स्कैन और ऐप-बेस्ड वेरिफिकेशन नया तरीका बन जाएगा.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us