/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/31/hdfc-mutual-fund-top-5-schemes-ai-chatgpt-2025-07-31-15-05-34.jpg)
AMFI November Data: इक्विटी में 21% का उछाल, फ्लेक्सी कैप फंड टॉप पर, डेट फंड्स में बड़ी निकासी. (AI Generated)
AMFI November 2025 Data : नवंबर के महीने में देश के इक्विटी फंड्स में होने वाले नेट इनफ्लो में 21 फीसदी का इजाफा हुआ. इसके साथ ही इक्विटी फंड्स के नेट इनफ्लो में 3 महीने जारी गिरावट का सिलसिला थम गया है. वहीं डेट फंड्स से नवंबर में लोगों ने बड़े पैमाने पर पैसे निकाले हैं, जिससे उनका नेट इफ्लो निगेटिव हो गया. इक्विटी फंड्स की कैटेगरी में फंड्स का सबसे ज्यादा नेट इनफ्लो एक बार फिर फ्लेक्सी कैप फंड्स में देखने को मिला है. ये तमाम बातें गुरुवार को जारी एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के नवंबर 2025 के आंकड़ों में सामने आई हैं. AMFI हर महीने भारतीय म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री (Mutual Fund Industry) में निवेश से जुड़े लेटेस्ट आंकड़े जारी करता है, जिनसे इस सेक्टर की दशा-दिशा का अंदाजा मिलता है.
इक्विटी में नेट इनफ्लो 3 महीने बाद बढ़ा
Equity Mutual Fund Inflows : नवंबर 2025 में ग्रोथ/इक्विटी ओरिएंटेड स्कीम्स में कुल 29,911 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो आया. अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 24,690 करोड़ रुपये था. यानी महीने दर महीने के आधार पर इक्विटी फंड्स में नेट फंड इनफ्लो 21.14% बढ़ा है. इससे पहले जुलाई में यह आंकड़ा 42,702.35 करोड़, अगस्त में 33,430.37 करोड़ और सितंबर में 30,421.69 करोड़ रुपये रहा था. यानी अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में लगातार 3 महीने तक कम होने के बाद नवंबर में नेट-इनफ्लो बढ़ा है.
फ्लेक्सी कैप फिर नंबर 1
नवंबर 2025 में ग्रोथ/इक्विटी ओरिएंटेड स्कीम्स में सबसे ज्यादा नेट इनफ्लो एक बार फिर से फ्लेक्सी कैप फंड्स (Flexi Cap Funds) में आया, जो 8,135 करोड़ रुपये रहा. अक्टूबर में फ्लेक्सी कैप फंड्स में नेट इनफ्लो 8,928.71 करोड़ रुपये रहा था. यह कैटेगरी निवेशकों के बीच लगातार पॉपुलर बनी हुई है, क्योंकि इसमें फंड मैनेजर को लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप स्टॉक्स में अपने हिसाब से निवेश करने की पूरी छूट रहती है. इसके चलते फंड मैनेजर बाजार के माहौल के हिसाब से पोर्टफोलियो में बदलाव कर पाते हैं. लंबी अवधि में इसका फायदा निवेशकों को बेहतर रिटर्न के रूप में मिलता है.
फ्लेक्सी कैप फंड के बाद सबसे ज्यादा नेट इनफ्लो वाली इक्विटी फंड कैटेगरी और नवंबर के महीने में उनमें नेट-इनफ्लो का आंकड़ा इस प्रकार है
लार्ज एंड मिड कैप फंड (Large & Mid Cap Fund) : 4,503 करोड़ रुपये
मिड कैप फंड (Mid Cap Fund) : 4,486 करोड़ रुपये
स्मॉल कैप फंड (Small Cap Fund) : 4,406 करोड़ रुपये
मल्टी कैप फंड (Multi Cap Fund) : 2,462 करोड़ रुपये
फोकस्ड फंड (Focused Fund) : 2,039 करोड़ रुपये
इन सभी कैटेगरीज में मजबूत नेट-इनफ्लो इस बात का संकेत है कि निवेशक इक्विटी फंड्स में डायवर्सिटी के साथ ग्रोथ पर दांव लगा रहे हैं.
हाइब्रिड स्कीम्स में पॉजिटिव रहा निवेश
हाइब्रिड स्कीम्स (Hybrid Mutual Funds) में नवंबर में कुल 13,299 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो आया. अस्थिर बाजार के बीच यह कैटेगरी निवेशकों को रिस्क और रिटर्न में सही बैलेंस्ड के साथ पैसे लगाने का विकल्प देने के कारण लोकप्रिय बनी हुई है.
नवंबर में हाइब्रिड फंड्स में सबसे अधिक 5,314 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो मल्टी एसेट एलोकेशन फंड (Multi Asset Allocation Fund) में और उसके बाद 4,191 करोड़ रुपये का नेट-इनफ्लो आर्बिट्राज फंड (Arbitrage Fund) में रहा. ये ऐसे फंड्स हैं, जो जोखिम को कम रखते हुए स्टेबल रिटर्न देने की क्षमता रखती हैं. इनके अलावा डायनैमिक एसेट एलोकेशन/बैलेंस्ड एडवांटेज फंड (Dynamic Asset Allocation/Balanced Advantage Fund), बैलेंस्ड हाइब्रिड फंड/एग्रेसिव हाइब्रिड फंड्स (Balanced Hybrid Fund/Aggressive Hybrid Fund) में भी फंड्स का अच्छा इनफ्लो देखा गया.
डेट फंड्स में 25,692 करोड़ का आउट-फ्लो
नवंबर का सबसे बड़ा झटका डेट कैटेगरी को लगा. इनकम/डेट ओरिएंटेड स्कीम्स (Income/Debt Oriented Schemes) का कुल नेट फ्लो (-) 25,692 करोड़ रुपये रहा, जबकि अक्टूबर 2025 में इनका नेट इनफ्लो 1,59,958 करोड़ रुपये रहा था.
सबसे बड़ा आउटफ्लो ओवरनाइट फंड (Overnight Fund) से हुआ, जहां से 37,624 करोड़ रुपये निकाले गए. इसके अलावा इन कैटेगरी में भी बड़ी रकम का आउटफ्लो देखने को मिला -
लिक्विड फंड (Liquid Fund) : (-) 14,050 करोड़ रुपये
बैंकिंग एंड पीएसयू फंड (Banking and PSU Fund) : (-) 852 करोड़ रुपये
डायनैमिक बॉन्ड फंड (Dynamic Bond Fund) : (-) 606 करोड़ रुपये
लॉन्ग ड्यूरेशन फंड (Long Duration Fund) : (-) 366 करोड़ रुपये
दूसरी तरफ मनी मार्केट फंड्स (Money Market Fund), अल्ट्रा शॉर्ट ड्यूरेशन (Ultra Short Duration Fund), लो ड्यूरेशन (Low Duration Fund), शॉर्ट ड्यूरेशन (Short Duration Fund ) और कार्पोरेट बॉन्ड (Corporate Bond) फंड्स में इनफ्लो पॉजिटिव रहा, लेकिन यह कुल निकासी की भरपाई नहीं कर सका. इसलिए कुलमिलाकर इनकम/डेट ओरिएंटेड फंड्स की कैटेगरी में फंड फ्लो निगेटिव ही बना रहा.
24 NFO ने जुटाए 3,126 करोड़ रुपये
नवंबर में 24 नए फंड (NFO) ने निवेशकों से कुल 3,126 करोड़ रुपये जुटाए. इनमें - इक्विटी ओरिएंटेड स्कीम्स ने 2,458 करोड़ रुपये जुटाए, जबकि हाइब्रिड फंड्स में 197 करोड़ रुपये का निवेश आया. वहीं ETFs को मिलाकर अन्य फंड्स में कुल मिलाकर 418 करोड़ रुपये का निवेश आया. कुल 24 NFO में सबसे ज्यादा 15 स्कीमें ETFs की रही.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us