/financial-express-hindi/media/media_files/2025/08/26/mutual-fund-investment-2025-08-26-13-52-24.jpg)
AMFI October 2025 Data : अक्टूबर 2025 में इक्विटी फंड्स के कुल नेट इनफ्लो में गिरावट के बावजूद फ्लेक्सी कैप फंड्स ने पहले से ज्यादा निवेश आकर्षित किया. (AI Generated Image)
Mutual Fund AMFI Data October 2025 : अक्टूबर 2025 का महीना इक्विटी म्यूचुअल फंड्स के लिए कुल मिलाकर थोड़ा ठंडा रहा है. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक इक्विटी म्यूचुअल फंड्स (Equity Mutual Funds) में नेट इनफ्लो 18.8% घटकर 24,690 करोड़ रुपये रह गया, जो सितंबर में 30,421 करोड़ रुपये था. हालांकि, इस गिरावट के बावजूद निवेशकों की दिलचस्पी फ्लेक्सी कैप फंड्स में सबसे ज्यादा रही, जिसने एक बार फिर सभी कैटेगरीज को पीछे छोड़ दिया.
फ्लेक्सी कैप फंड बना निवेशकों की पहली पसंद
AMFI के मंगलवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक फ्लेक्सी कैप फंड्स (Flexi Cap Funds) ने अक्टूबर में शानदार प्रदर्शन किया. इस कैटेगरी में कुल 8,928 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो देखने को मिला, जो सितंबर के 7,029 करोड़ रुपये से करीब 27% ज्यादा है. ये दिखाता है कि निवेशक अभी भी ऐसे फंड्स को प्राथमिकता दे रहे हैं जो मार्केट के सभी सेगमेंट—लार्ज, मिड और स्मॉल कैप—में निवेश की लचीलापन (flexibility) रखते हैं.
फ्लेक्सी कैप फंड्स को निवेशक इसलिए पसंद करते हैं क्योंकि इनमें फंड मैनेजर को हर मार्केट कैप सेगमेंट में निवेश करने की आजादी होती है. बदलते बाजार हालात में यह रणनीति स्थिरता और बेहतर रिटर्न दिलाने में मदद करती है.
मिड कैप और स्मॉल कैप फंड्स में कम हुआ निवेश
अक्टूबर में मिड कैप फंड्स (Mid Cap Funds) में भी नेट इनफ्लो घटकर 3,807 करोड़ रुपये रह गया, जो सितंबर के 5,085 करोड़ रुपये की तुलना में करीब 25% की गिरावट है. वहीं स्मॉल कैप फंड्स (Small Cap Funds) में नेट इनफ्लो 3,476 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले महीने से लगभग 20% कम है.
इस गिरावट का कारण मार्केट में बढ़ती वोलैटिलिटी और निवेशकों की सतर्कता को माना जा सकता है. मिड कैप और स्मॉल कैप सेगमेंट में हाल के महीनों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, जिसकी वजह से कई निवेशक अब बैलेंस्ड या फ्लेक्सी कैप फंड्स की ओर रुख कर रहे हैं.
Also read : EPF VPF Investment 2025 Guide : ईपीएफ के साथ क्यों करें VPF में निवेश? क्या हैं इसके बड़े फायदे और नियम
लार्ज कैप और मल्टी कैप फंड्स की चमक फीकी पड़ी
लार्ज कैप फंड्स (Large Cap Funds) में निवेश में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई. अक्टूबर में इस कैटेगरी में केवल 972 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो हुआ, जो सितंबर के 2,319 करोड़ रुपये से 58% कम है. इसका मतलब है कि बड़े शेयरों में निवेश का आकर्षण फिलहाल घटा है.
इसी तरह, मल्टी कैप फंड्स (Multi Cap Funds) में भी नेट इनफ्लो घटकर 2,500 करोड़ रुपये रह गया, जबकि सितंबर में यह 3,559 करोड़ रुपये था.
नेट इनफ्लो के हिसाब से टॉप 5 इक्विटी फंड कैटेगरी
- फ्लेक्सी कैप फंड (Flexi Cap Fund) : 8,928.71 करोड़ रुपये (सितंबर 2025 : 7,029.26 करोड़ रुपये)
- मिड कैप फंड (Mid Cap Fund) : 3,807.11 करोड़ रुपये (सितंबर 2025 : 5,085.40 करोड़ रुपये)
- स्मॉल कैप फंड (Small Cap Fund) : 3,476.04 करोड़ रुपये (सितंबर 2025 : 4,362.91 करोड़ रुपये)
- लार्ज एंड मिड कैप फंड (Large & Mid Cap Fund) : 3,177.07 करोड़ रुपये (सितंबर 2025 : 3,805.17 करोड़ रुपये)
- मल्टी कैप फंड (Multi Cap Fund) : 2,500.43 करोड़ रुपये (सितंबर 2025 : 3,559.57 करोड़ रुपये)
ग्रोथ/ इक्विटी ओरिएंटेड स्कीम्स का कुल नेट इनफ्लो : 24,690.33 करोड़ रुपये (सितंबर 2025 : 30,421.69 करोड़ रुपये)
(Source : AMFI Data)
Also read : NBFC Merger Explained : पीरामल फाइनेंस की बिना IPO कैसे हुई लिस्टिंग, समझें दो NBFC के मर्जर का पूरा मामला
NFO कलेक्शन में सुधार, जुटाए 6,062 करोड़ रुपये
अक्टूबर 2025 में 18 नए फंड ऑफर (NFO) लॉन्च हुए, जिनमें 2 फ्लेक्सी कैप फंड्स, 4 सेक्टोरल फंड्स, 1 आर्बिट्राज फंड, 2 इंडेक्स फंड्स और 8 ETF शामिल रहे. इन सभी स्कीम्स ने मिलकर 6,062 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया.
NFO लॉन्च का यह आंकड़ा बताता है कि म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में निवेश के नए अवसरों में इनवेस्टर्स की दिलचस्पी बनी हुई है. इक्विटी फंड्स के कुल नेट इनफ्लो में भले ही कमी आई हो, लेकिन नई स्कीम्स में निवेश का जोश बरकरार है.
गिरावट के बावजूद भरोसेमंद बने रहे इक्विटी फंड्स
हालांकि अक्टूबर में म्यूचुअल फंड्स के कुल इक्विटी इनफ्लो में कमी आई है, लेकिन निवेशकों के बीच फ्लेक्सी कैप फंड्स की बढ़ती लोकप्रियता बताती है कि निवेशक अब बाजार के उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखकर अधिक फ्लेक्सिबल और डायवर्सिफाइड ऑप्शन का रुख कर रहे हैं.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us