/financial-express-hindi/media/media_files/2025/10/09/atal-pension-yojana-new-registration-form-2025-10-09-11-53-12.jpg)
मई 2015 में शुरू हुई इस योजना का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर असंगठित क्षेत्र के कामगारों को सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा प्रणाली के माध्यम से सशक्त बनाना है. (Image: X/@PFRDAOfficial)
Atal Pension Yojana, APY, Govt Pension Scheme: देश की सबसे लोकप्रिय सोशल सिक्योरिटी स्कीम्स में से एक अटल पेंशन योजना (Atal Pension Yojana) लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है. संसद के मानसून सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि मई 2015 में शुरू हुई इस सरकारी पेंशन योजना (Pension Scheme) से 8 करोड़ 34 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं. खास बात यह है कि इसमें 48 फीसदी महिलाएं शामिल हैं, जो दिखाता है कि वित्तीय सुरक्षा को लेकर देश की महिलाओं में जागरूकता और भरोसा तेजी से बढ़ रहा है.
बढ़ती सदस्यता, आसान योगदान और गारंटीड पेंशन वाली इस स्कीम के प्रति जनता की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए सरकार ने कई महत्वपूर्ण बदलाव भी लागू किए हैं. ऐसे में यह समझना जरूरी है कि APY क्या है? इसमें नए नियम क्या हैं और पति-पत्नी मिलकर कैसे घर बैठे 10,000 रुपये की मासिक पेंशन सुनिश्चित कर सकते हैं.
क्या है अटल पेंशन स्कीम?
अटल पेंशन योजना 2015 में असंगठित क्षेत्र के कामगारों को रिटायरमेंट में आर्थिक सुरक्षा देने के लिए शुरू की गई थी. इसमें 18 से 40 वर्ष तक का कोई भी भारतीय नागरिक शामिल हो सकता है, बशर्ते उसके पास बैंक या पोस्ट ऑफिस खाता हो और वह आयकरदाता न हो. सब्सक्राइबर को 60 वर्ष की उम्र के बाद 1,000 से 5,000 रुपये तक की गारंटीड पेंशन मिलती है. आधार और मोबाइल नंबर लिंक करने पर पेंशन संबंधी अपडेट और स्टेटमेंट भी आसानी से मिलते रहते हैं.
एपीवाई से आपके घर कैसे आएगी 10,000 मंथली पेंशन?
यह सरकारी गारंटीड पेंशन स्कीम इसलिए खास है क्योंकि नियमित रूप से किया गया छोटा-सा मंथली कॉन्ट्रीब्यूशन भी बुढ़ापे में सम्मानजनक पेंशन में बदल जाता है. योजना में 1,000 से 5,000 रुपये तक पांच पेंशन स्लैब हैं. भविष्य में इन्हें बढ़ाकर 2,000, 4,000, 6,000, 8,000 और 10,000 रुपये करने के संकेत भी मिल रहे हैं. उम्र के आधार पर योगदान तय होता है. उदाहरण के लिए, 18 वर्ष में 5,000 रुपये पेंशन स्लैब के लिए योगदान 210 रुपये है, जबकि 30 साल की उम्र में यह 577 रुपये और 39 साल की उम्र में 1,318 रुपये होता है.
योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पति और पत्नी अलग-अलग APY अकाउंट खोल सकते हैं. यदि दोनों 5,000 रुपये पेंशन स्लैब चुनते हैं और रेगुलर कॉन्ट्रीब्यूशन करते हैं, जैसे 25 साल की उम्र में दोनों 376 रुपये योगदान करें, तो 60 साल पर दोनों को 5,000-5,000 रुपये यानी कुल 10,000 रुपये की गारंटीड मासिक पेंशन मिलेगी.
APY अकाउंट कैसे खोलें?
APY अकाउंट खोलना भी आसान है. अपने बैंक या पोस्ट ऑफिस की ब्रांच में जाकर, आधार और मोबाइल नंबर के साथ, खाता खोला जा सकता है. कई बैंक इंटरनेट बैंकिंग के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी देते हैं.
नॉमिनी और सुरक्षा नियम
नॉमिनी नियमों के तहत, यदि सब्सक्राइबर विवाहित है तो पति या पत्नी स्वतः नॉमिनी बन जाते हैं. यदि सब्सक्राइबर की मृत्यु 60 वर्ष से पहले हो जाती है, तो स्पाउस योगदान जारी रख सकता है या 60 वर्ष पूरे होने पर वही पेंशन प्राप्त कर सकता है.
समय से पहले निकासी
जरूरत पड़ने पर समय से पहले निकासी भी संभव है. स्वैच्छिक निकासी में सरकार का अंशदान और उस पर मिलने वाला ब्याज वापस नहीं किया जाता. जबकि गंभीर बीमारी या मृत्यु के मामले में कोई कटौती नहीं होती.
SSY : 22.50 लाख निवेश के बदले मिलेंगे 72 लाख रुपये, सुकन्या स्कीम की 5 सबसे बड़ी खासियत
टैक्स बेनेफिट
APY में निवेश पर टैक्स लाभ भी मिलता है. इनकम टैक्स की धारा 80CCD(1) के तहत टैक्स छूट मिलती है, जो सेक्शन 80C की सीमा 1.5 लाख रुपये के भीतर ही आती है.
हाल में हुए ये बदलाव
ध्यान देने वाली बात है कि इस साल 1 अक्टूबर 2025 से अटल पेंशन योजना में रजिस्ट्रेशन के लिए नया फॉर्म लागू किया गया. यानी पुराने फॉर्म के जरिए पंजीकरण अब संभव नहीं है. PFRDA के निर्देशों के तहत FATCA और CRS डिक्लेरेशन अब जरूरी हो गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सब्सक्राइबर विदेशी टैक्स रेसिडेंट न हो. फीस स्ट्रक्चर में भी बदलाव किया गया है.
सरकारी क्षेत्र में ई-PRAN किट 18 रुपये, फिजिकल कार्ड 40 रुपये और वार्षिक मेंटेनेंस 100 रुपये होगा. APY या NPS-Lite के लिए अकाउंट ओपनिंग और मेंटेनेंस फीस 15 रुपये तय की गई है. निजी क्षेत्र में AMC 100 से 500 रुपये के बीच है और सभी ट्रांजैक्शन चार्ज खत्म कर दिए गए हैं.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us