/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/20/kisan-id-farmer-id-2025-12-20-18-23-14.jpg)
सब्सिडी हो, बीमा हो या किसी नई कृषि योजना का लाभ, हर सुविधा की एक ही चाबी है आपका फार्मर आईडी. आज ही पंजीकरण कराएं और अपनी खेती को सुरक्षित और मजबूत दिशा दें. (Image : Insta/agrigoi)
अब सरकारी योजनाओं, सब्सिडी और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी (Farmer ID) एक अहम पहचान बनती जा रही है. सरकार का मकसद है कि किसानों की पहचान, उनकी जमीन और बैंक से जुड़ी जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रहे, ताकि योजनाओं का फायदा सही किसान तक समय पर पहुंच सके.
फार्मर आईडी क्या है?
फार्मर आईडी किसानों के लिए एक डिजिटल पहचान पत्र है. इसके जरिए किसान केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं, सब्सिडी, बीमा और अन्य सुविधाओं का आसानी से लाभ उठा सकते हैं. इस आईडी में किसान की व्यक्तिगत जानकारी, भूमि से जुड़ा विवरण, बैंक अकाउंट की डिटेल्स और संपर्क जानकारी दर्ज होती है. इससे बार-बार दस्तावेज देने की झंझट भी खत्म हो जाती है.
फार्मर आईडी के लिए कैसे करें अप्लाई?
सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए फार्मर आईडी बनवाने की प्रक्रिया को आसान रखा है. किसान चाहें तो ऑनलाइन या ऑफलाइन, दोनों तरीकों से आवेदन कर सकते हैं.
ऑनलाइन आवेदन का तरीका
किसान अपने राज्य के कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फार्मर आईडी के लिए आवेदन कर सकते हैं. यहां ऑनलाइन फॉर्म भरना होता है, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होते हैं और फॉर्म सबमिट करना होता है.
ऑफलाइन आवेदन का तरीका
जो किसान ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाते, वे अपने नजदीकी CSC सेंटर या कृषि कार्यालय जाकर फार्मर आईडी के लिए आवेदन कर सकते हैं. वहां जरूरी दस्तावेज जमा कर फॉर्म भरकर आवेदन किया जा सकता है.
फार्मर आईडी के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?
फार्मर आईडी बनवाने के लिए कुछ बुनियादी दस्तावेजों की जरूरत होती है, जिनमें—
- आधार कार्ड
- पासपोर्ट साइज फोटो
- बैंक पासबुक
- मोबाइल नंबर
- भूमि के कागजात (खतौनी या खसरा-खतौनी)
कुल मिलाकर, फार्मर आईडी किसानों के लिए एक एकल पहचान है, जो सरकारी योजनाओं तक पहुंच को आसान बनाती है. समय रहते फार्मर आईडी बनवाकर किसान न सिर्फ सरकारी सुविधाओं का पूरा लाभ उठा सकते हैं, बल्कि भविष्य में आने वाली नई योजनाओं से भी सीधे जुड़ सकते हैं.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us