scorecardresearch

Gold Rate Today : सोना 4000 रुपये की छलांग के साथ 1.37 लाख की नई ऊंचाई पर, 2025 में अब तक कितना महंगा हुआ गोल्ड ?

Gold Price Today : दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 4000 रुपये बढ़कर 1.37 लाख रुपये के ऑल टाइम हाई पर पहुंचा. चांदी का भाव 1,99,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर फ्लैट रहा.

Gold Price Today : दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 4000 रुपये बढ़कर 1.37 लाख रुपये के ऑल टाइम हाई पर पहुंचा. चांदी का भाव 1,99,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर फ्लैट रहा.

author-image
FE Hindi Desk
New Update
Gold Price Today :  Gold Rate Today India, Gold price at all-time high in Delhi market

Gold Silver Price Today : दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 1.37 लाख रुपये की नई ऊंचाई पर पहुंचा. (Image : Freepik)

Gold Rate Today, Sone Chandi Ka Bhav Aaj Ka :दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना एक ही दिन में 4000 रुपये उछलकर 1.37 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम की नई ऊंचाई पर पहुंच गया. यह अब तक का ऑल टाइम हाई है. जहां सोने ने नई छलांग लगाई, वहीं चांदी में कारोबार लगभग सपाट रहा और इसके दाम 1,99,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर टिके रहे. सवाल यही है कि सोने में आई इस तेज रफ्तार की बड़ी वजह और आगे का संकेत क्या है.

सोने ने बनाया नया रिकॉर्ड

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाला सोना सोमवार को 4000 रुपये बढ़कर 1,37,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इससे पहले शुक्रवार को गोल्ड का भाव 1,33,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था. यानी सिर्फ एक कारोबारी सेशन में ही सोने ने जबरदस्त छलांग लगाई. इससे पहले 17 अक्टूबर को सोना 3200 रुपये की तेजी के साथ 1,34,800 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचा था, लेकिन इस बार उसने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया.

Advertisment

Also read : NPS New Rules Impact : गोल्ड और सिल्वर की एंट्री से कितना बदला एनपीएस, आपको क्या होगा फायदा

सोने की तेजी पर एक्सपर्ट्स की राय

एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, “अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 4350 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गया है, जिसकी वजह से घरेलू बाजार में भी सोने में तेज रैली देखने को मिली. MCX गोल्ड ने ग्लोबल लेवल की मजबूती को फॉलो करते हुए करीब 1700 रुपये की तेजी दिखाई और 1,35,250 रुपये के आसपास नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया.”

उन्होंने आगे कहा कि यह तेजी सेफ हेवन डिमांड के लौटने और अमेरिका के अहम आर्थिक आंकड़ों की उम्मीदों से जुड़ी है. इस हफ्ते नॉन-फार्म पेरोल्स और कोर पीसीई प्राइस इंडेक्स आने वाले हैं, जिससे बाजार का फोकस पूरी तरह अमेरिकी मैक्रो इंडिकेटर्स पर टिका हुआ है और उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है.

Also read : Investment Strategy : नए नियमों से लिखें निवेश की नई कहानी - आपकी इनवेस्टमेंट स्टोरी को हिट बनाने के लिए ये 5 बातें जरूरी

साल 2025 में अब तक कितना महंगा हुआ सोना

अगर पूरे साल की बात करें, तो सोने की चमक और भी ज्यादा चौंकाने वाली है. 31 दिसंबर 2024 को सोने का भाव 78,950 रुपये प्रति 10 ग्राम था. अब यह बढ़कर 1,37,600 रुपये तक पहुंच चुका है. यानी इस साल अब तक सोना 58,650 रुपये या करीब 74.3 फीसदी मजबूत हो चुका है. यही वजह है कि असमंजस के माहौल में निवेशकों का भरोसा एक बार फिर सोने पर बढ़ा है.

चांदी का सालाना रिटर्न चौंकाने वाला

डोमेस्टिक मार्केट में सोमवार को सोने ने रिकॉर्ड बनाया, वहीं घरेलू बाजार में चांदी के दाम (Silver Rate Today) 1,99,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर फ्लैट बने रहे. लेकिन सिल्वर में रिटर्न के सालाना आंकड़े धमाकेदार रहे हैं. 31 दिसंबर 2024 को चांदी का भाव 89,700 रुपये प्रति किलोग्राम था, जो अब तक 1,09,800 रुपये यानी करीब 122.41 फीसदी बढ़ चुका है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में  सोमवार को स्पॉट सिल्वर का भाव 3.24 फीसदी बढ़कर 63.96 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि शुक्रवार को यह 64.65 डॉलर के लाइफटाइम हाई तक गया था. 

Also read : HDFC फ्लेक्सी कैप फंड ने 5 साल में 3 गुना, 10 साल में 5 गुना किए पैसे, SIP पर भी हाई रिटर्न

अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिल रहा सपोर्ट

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने में तेजी साफ दिख रही है. स्पॉट गोल्ड लगातार पांचवें सेशन में तेजी दिखाते हुए 49.83 डॉलर यानी 1.16 फीसदी की तेजी के साथ 4350.06 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. पिछले पांच ट्रेडिंग सेशन्स में ही सोना करीब 159 डॉलर मजबूत हो चुका है.

मिरे एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट प्रवीण सिंह के अनुसार, “स्पॉट गोल्ड पॉजिटिव बायस के साथ ट्रेड कर रहा है क्योंकि अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Federal Reserve) ने ऊंची महंगाई दर के बावजूद ब्याज दरों में कटौती की है और ट्रेजरी बिल्स खरीदकर सिस्टम में लिक्विडिटी भी बढ़ा रहा है.”

(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने और अपने इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेने के बाद ही करें.)

Gold Rate Today Silver Rate Today Silver Rate Gold Rate