/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/30/gold-rate-today-30-july-2025-ai-2025-07-30-18-29-16.jpg)
Gold Silver Price Today : सोना 1200 रुपये और चांदी 2300 रुपये ऊपर. क्या है वजह? (AI Generated Image)
Gold Rate Today, Sone Chandi Ka Bhav Aaj Ka : सोना और चांदी दोनों के दाम बुधवार को जोरदार तेजी के साथ बंद हुए. दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 1200 रुपये उछलकर 1.30 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो करीब दो हफ्ते का सबसे ऊंचा स्तर है. वहीं, चांदी भी लगातार दूसरे दिन चमकी और 2300 रुपये बढ़कर 1,63,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर जा पहुंची. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेजी, अमेरिका में ब्याज दरों पर नए संकेत और डॉलर में कमजोरी जैसे कारणों ने दोनों कीमती मेटल्स को मजबूत सपोर्ट दिया.
दो हफ्ते के हाई पर क्यों पहुंचा सोना?
राष्ट्रीय राजधानी में सोना बुधवार को 1200 रुपये की तेजी के साथ 1,30,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार यह उछाल अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आई तेजी के कारण देखने को मिला. एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस उछाल की सबसे बड़ी वजह यह उम्मीद है कि अमेरिकी सेंट्रल बैंक यानी यूएस फेडरल रिजर्व आने वाले महीने में ब्याज दरों में कटौती कर सकता है.
HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, “बुधवार को सोने ने अपनी तेजी को आगे बढ़ाया और दो हफ्ते के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. यूएस फेडरल रिजर्व द्वारा दरों में कटौती की बढ़ती उम्मीदें बाजार में पॉजिटिव माहौल बना रही हैं. अमेरिकी मैक्रोइकॉनॉमिक डेटा की नरमी ने अगले महीने संभावित कटौती की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है.”
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने की कीमत 33.50 डॉलर बढ़कर 4,164.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जिसने घरेलू कीमतों को और भी मजबूती देने का काम किया.
चांदी में भी जोरदार तेजी
चांदी ने भी बुधवार को दूसरी बार जोर पकड़ा और 2,300 रुपये उछलकर 1,63,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. विदेशी बाजार में स्पॉट सिल्वर का भाव 1.71 प्रतिशत बढ़कर 52.37 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था, जिससे घरेलू बाजार में खरीदारी की रुझान मजबूत रहा.
अंतरराष्ट्रीय संकेतों का असर
कोटक सिक्योरिटीज की कायनात चैनवाला ने अंतरराष्ट्रीय संकेतों की ओर इशारा करते हुए कहा, “यूएस के महत्वपूर्ण आर्थिक डेटा जैसे ड्यूरेबल गुड्स ऑर्डर्स और जॉबलेस क्लेम्स आने से पहले गोल्ड 4165 डॉलर प्रति औंस तक चढ़ा. फेड गवर्नर्स मीरन और वॉलर की हालिया टिप्पणियों से भी अतिरिक्त रेट कट की उम्मीद बढ़ी है.”
मिरे एसेट शेयरखान के प्रवीण सिंह ने बताया कि अमेरिकी आर्थिक डेटा में नरमी के साथ-साथ व्हाइट हाउस के नेशनल इकोनॉमिक काउंसिल डायरेक्टर केविन हैसेट के फेड चेयर बनने की उम्मीद से बाजार में रेट कट की अटकलों को और हवा मिल रही हैं. उन्होंने कहा, “हैसेट राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लो-रेट नीति के काफी करीब माने जाते हैं, जिससे दरों में कटौती की संभावना तेज हो गई है.”
Also read : Top 5 Multi Asset Funds : 1, 3 और 5 साल में किसने दिया सबसे ज्यादा रिटर्न? क्या अभी करना चाहिए निवेश
ऑगमॉन्ट की हेड ऑफ रिसर्च रेनिशा चैनानी ने कहा, “सोने की कीमतों में लगातार बढ़त पर इस उम्मीद की वजह से थोड़ी लगाम लगी हुई है कि रूस-यूक्रेन के बीच शांति समझौते की संभावनाएं बढ़ सकती हैं. इसके बावजूद मौजूदा आर्थिक माहौल बताता है कि सोने के लिए ऊपर की तरफ जाने का रास्ता ज्यादा आसान है.”
आने वाले दिनों में क्या रहेगी सोने की दिशा?
LKP सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा, “सोना पॉजिटिव मोड में ट्रेड कर रहा है. कॉमेक्स गोल्ड 4,150 डॉलर के ऊपर है, जबकि एमसीएक्स पर सोना 650 रुपये बढ़कर 1,25,900 रुपये पर जा पहुंचा. सोमवार की ओपनिंग से अब तक कीमतें करीब 2.5 प्रतिशत बढ़ चुकी हैं. अब बाजार की नजर यूएस जीडीपी और कोर पीसीई प्राइस इंडेक्स जैसे महत्वपूर्ण डेटा पर है, जो सोने की शॉर्ट-टर्म दिशा तय करेंगे. सोना 1,24,000 से 1,27,500 रुपये के दायरे में उतार-चढ़ाव के साथ चल सकता है.”
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने और अपने इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेने के बाद ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us