/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/14/gold-rate-today-14-july-2025-freepik-2025-07-14-19-33-21.jpg)
Gold Silver Price Today : सोना और चांदी में तेज उछाल, बाजार में क्यों बढ़ी निवेशकों की दिलचस्पी? (Image : Freepik)
Gold Rate Today, Sone Chandi Ka Bhav Aaj Ka :सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 700 रुपये उछलकर 1,30,160 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी ने 3000 रुपये की बड़ी छलांग लगाई और कीमत 1,71,200 रुपये प्रति किलो हो गई. क्या है इस तेजी की वजह और क्या यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है? सर्राफा बाजार के ताजा हाल के साथ ही आइए जानते हैं एक्सपर्ट्स की राय
सोने में बढ़त की बड़ी वजह
दिल्ली के बाजार में 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 700 रुपये चढ़कर 1,29,560 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने में मजबूती देखने को मिली, जिससे घरेलू दामों को सहारा मिला. माना जा रहा है कि ग्लोबल मार्केट में मजबूत रुझान और निवेशकों के बढ़ते भरोसे ने दोनों कीमती मेटल्स को सपोर्ट दिया है.
HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज़) सौमिल गांधी का कहना है कि “सोने में तेजी इसलिए बनी हुई है क्योंकि बाजार को उम्मीद है कि दिसंबर में US फेडरल रिज़र्व ब्याज दरों में कटौती कर सकता है.” उनका कहना है कि पूरे हफ्ते गोल्ड की कीमतों पर यूएस फेड की संभावित कटौती और स्टेबल अमेरिकी डॉलर का असर नजर आता रहा.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 12.44 डॉलर बढ़कर 4,169.88 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जो यह दिखाता है कि निवेशकों की दिलचस्पी अब भी बनी हुई है. मिरे एसेट शेयरखान के कमोडिटीज़ हेड प्रतीक सिंह का कहना है कि “यूएस फेड के अधिकारियों के हाल के नरम रुख के बाद रेट कट की उम्मीदों ने गोल्ड को मजबूती दी है.”
चांदी में क्यों जारी है तेजी
चांदी पिछले चार दिनों से लगातार तेजी दिखा रही है. सिर्फ चार सेशन्स में चांदी 16,200 रुपये उछल चुकी है. शुक्रवार को यह 3,000 रुपये चढ़कर 1,71,200 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. इंटरनेशनल मार्केट में भी चांदी 0.77 प्रतिशत मजबूत होकर 53.81 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी और दिन में एक बार यह 54.31 डॉलर प्रति औंस के ऊपरी स्तर को भी छू गई.
Also read : 8th Pay Commission की किस बात से परेशान हैं 69 लाख पेंशनर? राज्यसभा में पूछे गए सवाल ने क्यों बढ़ाई चिंता
ऑगमोंट की हेड ऑफ रिसर्च रेनीशा चैनानी के मुताबिक, “चांदी अपने ऑल-टाइम हाई 54.49 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच रही है. बाजार में उम्मीद है कि अमेरिकी फेड आगे भी ब्याज दरों में कटौती करेगा, जिससे चांदी को सपोर्ट मिल रहा है.” वह बताती हैं कि चीन की इन्वेंट्री दशक के सबसे निचले स्तर पर गिर गई है, जबकि इसी दौरान लंदन की किल्लत दूर करने के लिए वहां भारी मात्रा में चांदी का एक्सपोर्ट किया गया है. ऐसा अक्टूबर में चीन से होने वाले सिल्वर एक्सपोर्ट में भारी बढ़ोतरी के बाद हुआ है, जो बढ़कर 660 टन से ज्यादा के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था.
Also read : SBI म्यूचुअल फंड की टॉप 5 स्कीम ने 5 साल में 3 से 4 गुना किए पैसे, लंपसम पर 32% तक रहा CAGR
आगे का रुझान
PL कैपिटल के सीईओ संदीप रायचूरा का कहना है कि, “गोल्ड जल्द ही 4,400 डॉलर के स्तर को टेस्ट कर सकता है, जो इसका ऑल-टाइम हाई भी है. सेंट्रल बैंकों की लगातार जारी खरीद और कमजोर डॉलर सोने को 4,000 डॉलर के आसपास मजबूत सपोर्ट दे रहे हैं.”
LKP सिक्योरिटीज़ के वीपी रिसर्च (कमोडिटी एंड करेंसी) जतिन त्रिवेदी का कहना है, “कॉमेक्स गोल्ड 16 डॉलर बढ़कर 4,175 डॉलर हो गया है और 4,200 डॉलर के स्तर के करीब पहुंच रहा है. अमेरिका से आर्थिक डेटा अभी आना बाकी है. 10 दिसंबर को होने वाली फेड की अंतिम मीटिंग बेहद अहम होगी. रेट कट की उम्मीदें सोने को सपोर्ट दे रही हैं.” उनके अनुसार यह सपोर्ट 1,24,000 रुपये के आसपास और रेजिस्टेंस 1,27,500 रुपये के पास दिख रहा है.
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने और अपने इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेने के बाद ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us