/financial-express-hindi/media/media_files/2025/08/18/gold-rate-today-18-august-2025-freepik-2025-08-18-18-22-17.jpg)
Gold Silver Price Today : रुपये की ऐतिहासिक गिरावट के बीच सोना चढ़ा और चांदी में आई गिरावट. (Image : Freepik)
Gold Rate Today, Sone Chandi Ka Bhav Aaj Ka : बुधवार को सोने की कीमतों में मजबूती देखने को मिली. दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 670 रुपये चढ़कर 1,32,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. वहीं दूसरी ओर सिल्वर में लगातार 6 दिनों से जारी तेजी का सिलसिला टूटा और बुधवार को चांदी 460 रुपये गिरकर 1,80,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. आइए जानेते हैं कि बाजार के इस रुख के बारे में जानकार क्या कह रहे हैं.
सोने में उछाल की वजह
सोने के दाम में बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती और रुपये में तेज गिरावट रही. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक मंगलवार को जहां सोना 1,31,530 रुपये पर बंद हुआ था, वहीं बुधवार को इसमें अच्छी बढ़त दर्ज हुई. ट्रेडर्स के अनुसार रुपये का अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ऐतिहासिक गिरावट पर पहुंचना सोने की घरेलू कीमतों को ऊपर ले गया.
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, “घरेलू बाजार में सोने ने हल्की बढ़त दर्ज की है, जिसे ग्लोबल ट्रेंड में मजबूती और भारतीय मुद्रा की कमजोरी का समर्थन मिला है.” उन्होंने यह भी बताया कि रुपये का 90 प्रति डॉलर के स्तर को पार कर 90.21 पर बंद होना सोने के लिए पॉजिटिव साबित हुआ.
Also read : CEA on Falling Rupee : रुपये में गिरावट से क्यों नहीं उड़ी सरकार की नींद? चीफ इकनॉमिक एडवाइजर ने बताई वजह
अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर
ग्लोबल मार्केट में भी सोने की कीमतों में हल्की बढ़त दिखी और यह 4,207.67 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था. वहीं चांदी 58.47 डॉलर प्रति औंस तक बढ़ी और कारोबारी सेशन के दौरान एक फीसदी उछाल के साथ 58.94 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर तक भी पहुंची.
सौमिल गांधी के मुताबिक “रुपये में तेज गिरावट ने अंतरराष्ट्रीय कीमतों में आई पिछली गिरावट के असर को काफी हद तक कम कर दिया. जैसे ही ग्लोबल लेवल पर कीमतों में सुधार आया, कमजोर रुपये की वजह से घरेलू बाजार में इसका असर और ज्यादा दिखाई दिया. लिहाजा भारत में सोने की कीमतों में ज्यादा तेजी देखने को मिली.”
क्या है आगे का संकेत
सौमिल गांधी का कहना है कि यूएस फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की नरम टिप्पणियों ने अगले हफ्ते होने वाली फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (Federal Open Market Committee) यानी FOMC की बैठक में 25 बेसिस पॉइंट रेट कट की उम्मीदों को मजबूत किया है. इससे डॉलर पर दबाव बढ़ा है, जबकि सोने को सपोर्ट मिला है.
उन्होंने कहा, “निवेशक अब यूएस एडीपी रोजगार डेटा और आईएसएम सर्विसेज पीएमआई रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. ये आंकड़े आर्थिक स्थिति और आने वाली नीतियों की दिशा को और स्पष्ट करेंगे, जिसका असर बुलियन कीमतों के शॉर्ट-टर्म ट्रेंड पर भी पड़ेगा.”
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us