/financial-express-hindi/media/media_files/2025/09/17/gold-silver-price-down-today-17-september-2025-ai-2025-09-17-18-14-28.jpg)
Gold Silver Price Today : यूएस फेडरल रिजर्व की पॉलिसी से पहले सोने और चांदी के दाम में तेज गिरावट. (AI Generated Image)
Gold Rate Today, Sone Chandi Ka Bhav Aaj Ka :सोने और चांदी के दाम में मंगलवार को तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों में हल्की चिंता देखने को मिली. दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 1,000 रुपये सस्ता होकर 1,31,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 4,500 रुपये टूटकर 1,80,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई. जानकारों का कहना है कि ये गिरावट अमेरिकी फेडरल रिजर्व की पॉलिसी मीटिंग से पहले बाजार में बढ़ी सतर्कता का नतीजा है.
फेडरल रिजर्व की मीटिंग से पहले सावधानी बढ़ी
सोमवार को सोना 1,32,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, लेकिन मंगलवार को इसकी कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली. HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने बताया कि सोने की कीमतें हालांकि एक दायरे में ही रहीं, लेकिन अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fed) की पॉलिसी को लेकर बाजार में सतर्कता बनी हुई है. उन्होंने कहा कि, “सोना मंगलवार को दबाव में रहा, क्योंकि निवेशक फेड की पॉलिसी घोषणा का इंतजार कर रहे थे.”
उन्होंने आगे कहा कि ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद पहले से ही बाजार में शामिल है, इसलिए अब नजर फेड चेयर जेरोम पॉवेल की प्रेस कॉन्फ्रेंस और पॉलिसी स्टेटमेंट पर है, जिनसे डॉलर और बुलियन के अगले ट्रेंड पर संकेत मिलेंगे.
चांदी भी लुढ़की, घरेलू मांग कमजोर
सोने की तरह चांदी में भी भारी गिरावट देखने को मिली. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार चांदी की कीमत 1,85,000 रुपये से गिरकर 1,80,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. घरेलू मांग कमजोर रहने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिलेजुले संकेतों का असर चांदी पर भी पड़ा.
ऑगमोंट की हेड–रिसर्च रेनीशा चैनानी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हल्की मजबूती के साथ ट्रेड कर रही है, लेकिन फेड की बैठक से पहले निवेशकों का रुख सतर्क है. उन्होंने कहा, “चांदी की कीमतें स्थिर हैं और बाजार 25 बेसिस प्वाइंट की दर कटौती की उम्मीद कर रहा है.”
अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव बरकरार
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्पॉट गोल्ड 0.35% की तेजी के साथ 4,205.57 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था. मिरे एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट प्रवीण सिंह ने बताया कि सोना इस समय कंसोलिडेशन मोड में है. उन्होंने कहा, “ग्लोबल बॉन्ड यील्ड बढ़ने से कमोडिटी पर दबाव बना है. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल के पीछे सरकार का 119 अरब डॉलर के बॉन्ड जारी करने का प्लान है, जिससे सोने पर भी असर दिखा है.”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि निवेशक अब जोल्ट्स जॉब ओपनिंग डेटा का भी इंतजार कर रहे हैं, जिससे फेड की आगे की नीति पर संकेत मिल सकते हैं.
क्या है सोने का आउटलुक
एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी और रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एंड करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स गोल्ड में 16 डॉलर यानी 0.40% की तेजी दिखी, जबकि एमसीएक्स गोल्ड 130 रुपये की मामूली बढ़त के साथ 1,30,100 रुपये पर बंद हुआ. उन्होंने कहा, “रुपये की मजबूती से घरेलू बाजार में सोने की तेजी सीमित रही. फेड की बैठक पर बाजार की नजरें टिकी हैं, जहां 0.25% की कटौती पहले से तय मानी जा रही है.”
उन्होंने आगे कहा कि जेरोम पॉवेल के कार्यकाल के अंतिम चरण के चलते लंबे समय तक सॉफ्ट इंटरेस्ट रेट साइकल की उम्मीदें बनी हुई हैं, जिससे सोने–चांदी का आउटलुक मजबूत दिख रहा है. उनकी राय में सोना अभी 1,28,000 से 1,31,500 रुपये के दायरे में रह सकता है.
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने और अपने इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेने के बाद ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us