/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/03/gold-rate-today-3-july-2025-increase-rs-450-freepik-2025-07-03-18-18-05.jpg)
Gold Silver Futures Market Today : अंतरराष्ट्रीय तनाव और ब्याज दर में कटौती की उम्मीदों से वायदा बाजार में सोना-चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर. (Image : Freepik)
Gold and Silver Futures hit record high amid global uncertainty : सोना और चांदी के दाम एक बार फिर नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए हैं. वायदा बाजार (Futures Market) में सोना 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार करता दिखा, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 4,500 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गई. चांदी भी पीछे नहीं रही और लगातार तेजी के साथ नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और बढ़ता जियो-पोलिटिकल टेंशन बड़ी वजह है.
वायदा बाजार में सोने की ऊंची उड़ान
Gold Rate Today : बुधवार को एमसीएक्स (MCX) पर फरवरी डिलीवरी वाले सोने के वायदा भाव में लगातार तीसरे सत्र में तेजी देखने को मिली. कीमत 791 रुपये बढ़कर 1,38,676 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई. यह दिखाता है कि घरेलू निवेशक भी सोने को लेकर मजबूत भरोसा जता रहे हैं. बाजार में अनिश्चितता बढ़ने पर सोना पारंपरिक रूप से सुरक्षित निवेश माना जाता है और यही ट्रेंड इस समय साफ नजर आ रहा है.
चांदी ने भी बनाया नया रिकॉर्ड
Silver Rate Today :सोने के साथ-साथ चांदी वायदा में भी जबरदस्त तेजी जारी रही. मार्च 2026 कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी चौथे दिन भी चढ़ती रही और 4,234 रुपये की तेजी के साथ 2,23,887 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई. इंडस्ट्रियल डिमांड के साथ-साथ सेफ हेवन डिमांड ने भी चांदी की कीमतों को सपोर्ट किया है.
इंटरनेशनल मार्केट में मजबूत सपोर्ट
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने-चांदी की चमक फीकी नहीं पड़ी. कॉमेक्स (Comex) पर सोने का वायदा लगातार चौथे दिन चढ़ा और 4,555 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर पहुंच गया. इसी तरह चांदी का वायदा भी 72.75 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया. यह तेजी सिर्फ घरेलू कारणों से नहीं, बल्कि ग्लोबल फैक्टर्स से भी जुड़ी है.
एक्सपर्ट की राय में क्या है वजह
रिलायंस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी के मुताबिक, “सोना 4,500 डॉलर प्रति औंस के पार नए रिकॉर्ड पर पहुंच गया है. इसकी बड़ी वजह फेडरल रिजर्व की ओर से आगे भी मौद्रिक नरमी की उम्मीद और बढ़ते जियो-पोलिटिकल टेंशन हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “निवेशक अब भी 2026 में दो बार ब्याज दरों में कटौती की संभावना को ध्यान में रखते हुए कीमतों पर विचार कर रहे हैं. महंगाई दर के कम होने और रोजगार बाजार में धीरे-धीरे नरमी के संकेत मिल रहे हैं. इसी बीच अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ता तनाव सेफ हेवन डिमांड को बढ़ा रहा है, जिसका असर कमोडिटी बाजारों पर साफ दिख रहा है.”
Also read : HDFC Gold ETF में मार्जिन ट्रेडिंग का मिलेगा ऑप्शन, HDFC SKY प्लेटफॉर्म की MTF फेसिलिटी में शामिल हुआ फंड
आगे क्या हैं संकेत
जिगर त्रिवेदी के अनुसार, इस साल अब तक सोने की कीमतों में करीब 70 फीसदी की तेजी आ चुकी है और यह 1979 के बाद का सबसे मजबूत सालाना प्रदर्शन हो सकता है. केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीद और गोल्ड-बैक्ड फंड्स में निवेश से सोने को मजबूत सपोर्ट मिल रहा है. मौजूदा हालात में जब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अस्थिरता बनी रहती है, तब तक सोने-चांदी की चमक कायम रहने के संकेत मिलते हैं.
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी रजिस्टर्ड इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us