/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/30/gold-rate-today-30-july-2025-ai-2025-07-30-18-29-16.jpg)
Gold Silver Price Today : चांदी ने फिर नया रिकॉर्ड बनाया, सोने में देखी गई मामूली बढ़त. Photograph: (AI Generated Image)
Gold Rate Today, Sone Chandi Ka Bhav Aaj Ka : देश के बुलियन बाजार में इस हफ्ते चांदी ने जबरदस्त रफ्तार दिखाई है. दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को चांदी 2,400 रुपये छलांग लगाकर 1.94 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई. इसके मुकाबले सोने में सिर्फ हल्की बढ़त देखी गई और यह 90 रुपये बढ़कर 1,32,490 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. तेज़ी का यह माहौल अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेजी, रुपये की कमजोरी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर कटौती के बाद और मजबूत हुआ है.
चांदी ने फिर बनाया नया रिकॉर्ड
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें (Silver Rate Today) लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचीं. बुधवार को ही चांदी 11,500 रुपये उछलकर 1,92,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंची थी और गुरुवार को इसमें फिर 2,400 रुपये की तेजी दर्ज हुई. साल की शुरुआत से अब तक चांदी 1,04,700 रुपये यानी लगभग 117% की छलांग लगा चुकी है.
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट दिलीप परमार ने कहा कि चांदी की रफ्तार का सबसे बड़ा कारण मजबूत फिजिकल और इन्वेस्टमेंट डिमांड है. उनके अनुसार, “चांदी की कीमतें नए रिकॉर्ड पर इसलिए पहुंची हैं क्योंकि बाजार में सप्लाई काफी सीमित है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी रिकॉर्ड स्तर पर है और रुपये की कमजोरी ने घरेलू कीमतों को और ऊपर धकेला है.”
परमार ने आगे बताया कि चांदी ने रिटर्न के मामले में इस साल सोने को पीछे छोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि चीन से आई तेजी, उद्योगों में बढ़ता इस्तेमाल और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई की कमी ने चांदी को और मजबूत किया है. उन्होंने कहा, “घरेलू बाजार में चांदी में तेजी का रुझान बना हुआ है और कीमतें आने वाले दिनों में 2,10,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक जा सकती हैं.”
सोने में मामूली बढ़त
चांदी के मुकाबले सोने में बड़ी उछाल नहीं दिखी. दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत (Gold Rate Today) सिर्फ 90 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ी. हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 15 डॉलर फिसलकर 4,213 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. यह गिरावट भी निवेशकों की नजर में चिंता का कारण नहीं बनी है क्योंकि सोने में लॉन्ग टर्म डिमांड अब भी मजबूत बनी हुई है.
अंतरराष्ट्रीय मार्केट में क्या चल रहा है
अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ 62.88 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई, जो ऐतिहासिक स्तर है. इस साल इसमें 117% की तेजी देखी गई है. वहीं सोना हल्की गिरावट के बावजूद सुरक्षित निवेश के रूप में अपनी पकड़ बनाए हुए है.
ग्लोबल फैक्टर्स में सबसे बड़ा असर अमेरिका के फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती किए जाने का रहा है.
Also read : NPS, UPS, और APY जैसे पेंशन फंड अब गोल्ड-सिल्वर ETF और Nifty 250 में भी लगा पाएंगे पैसे, PFRDA का बड़ा फैसला
यूएस फेड के रेट कट का असर
जियोजीत इनवेस्टमेंट्स (Geojit Investments Ltd) के हेड ऑफ कमोडिटी रिसर्च हरीश वी ने कहा कि US Fed के 25 बेसिस पॉइंट के रेट कट (3.50%-3.75%) ने कीमती मेटल्स में तेजी को और मजबूती दी है. उन्होंने कहा, “ब्याज दर कम होने से सोना और चांदी जैसे बिना ब्याज वाले एसेट को रखना और फायदेमंद हो जाता है. इसलिए इसमें नई इनवेस्टमेंट डिमांड नजर आ रही है.”
हरीश वी ने आगे कहा, “रेट कट के बाद डॉलर कमजोर हुआ है और कमजोर डॉलर की वजह से दुनिया भर के खरीदारों के लिए सोना-चांदी खरीदना सस्ता पड़ता है. यही वजह है कि इनमें और मजबूती आ रही है.”
उन्होंने यह भी बताया कि सप्लाई की कमी, चांदी की बढ़ती औद्योगिक मांग और ईटीएफ निवेश बढ़ने की वजह से यह रैली अभी और आगे बढ़ सकती है. हरीश वी के अनुसार तकनीकी ब्रेकआउट और जियो-पोलिटिकल टेंशन भी इस तेजी को मजबूत आधार दे रहे हैं.
Also read : Small Cap Funds 2025 : इस साल हर स्मॉल कैप फंड ने कराया घाटा, क्या करें निवेशक?
आगे का रुझान : क्या करें निवेशक?
विशेषज्ञों की राय साफ है कि मौजूदा तेजी सिर्फ शॉर्ट टर्म नहीं है. चांदी की मजबूत इंडस्ट्रियल डिमांड, इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में इसके इस्तेमाल, सोलर पैनल इंडस्ट्री की बढ़ती खपत और सप्लाई गैप आने वाले महीनों में भी कीमतों को ऊंचा रख सकते हैं. सोने में भले ही सीमित बढ़त दिख रही हो, लेकिन आर्थिक अनिश्चितता और महंगाई के बीच यह अभी भी सुरक्षित ऑप्शन की तरह काम करता रहेगा.
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने और अपने इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेने के बाद ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us