/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/30/gold-rate-today-30-july-2025-ai-2025-07-30-18-29-16.jpg)
Gold Silver Price Today : दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 2 लाख रुपये के पार, सोना भी मजबूत. (AI Generated Image)
Gold Rate Today, Silver Rate Today, Sone Chandi Ka Bhav Aaj Ka : घरेलू सर्राफा बाजार में आज की शुरुआत जबरदस्त रही. चांदी ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो पहले कभी नहीं देखा गया. दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी पहली बार 2 लाख रुपये प्रति किलो के पार निकल गई, जबकि सोने के भाव में भी मजबूती देखने को मिली. घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों से मिल रहे मजबूत संकेतों ने इन कीमती मेटल्स को नई मजबूती दी है.
दिल्ली में चांदी ने बनाया नया इतिहास
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक बुधवार को चांदी की कीमत में एक ही दिन में 7,300 रुपये की जोरदार तेजी आई. इसके साथ ही चांदी 2,05,800 रुपये प्रति किलो के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गई. इससे पहले इसका बंद भाव 1,98,500 रुपये प्रति किलो था. यह पहली बार है जब चांदी ने दिल्ली के बाजार में 2 लाख रुपये का मनोवैज्ञानिक स्तर पार किया है.
इस साल की शुरुआत से अब तक चांदी की चाल और भी जोरदार रही है. 1 जनवरी 2025 को चांदी 90,500 रुपये प्रति किलो के स्तर पर थी. यानी अब तक इसमें 1,15,300 रुपये या करीब 127 फीसदी की बढ़त दर्ज की जा चुकी है.
Also read : SBI Research Report : रुपये में अब तक की सबसे तेज गिरावट, 349 दिन में 85 से 90 पर पहुंचा डॉलर
घरेलू बाजार में क्यों उछली चांदी
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट दिलीप परमार का कहना है कि घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों में तेजी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में बने नए रिकॉर्ड हैं. उनका कहना है कि “चांदी की कीमतें घरेलू बाजार में रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई हैं, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सिल्वर का रेट नई हाइट्स को टच कर रहा है.” यानी जब ग्लोबल मार्केट में कीमतें बढ़ती हैं, तो उसका सीधा असर भारत जैसे इंपोर्ट पर निर्भर बाजारों पर भी दिखता है.
सोने के भाव में भी तेजी
चांदी के साथ-साथ सोने के दाम भी बढ़े. दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 600 रुपये महंगा होकर 1,36,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इससे पहले इसका भाव 1,35,900 रुपये प्रति 10 ग्राम था. अंतरराष्ट्रीय संकेतों और डॉलर की कमजोरी ने सोने को भी सपोर्ट दिया.
ऑगमोंट की हेड ऑफ रिसर्च रेनिशा चेनानी के मुताबिक अमेरिकी डॉलर इंडेक्स दो महीने के निचले स्तर पर आ गया है. उन्होंने कहा कि डॉलर कमजोर होने से कीमती मेटल्स विदेशी खरीदारों के लिए सस्ते पड़ते हैं, जिससे मांग बढ़ती है और कीमतों को सपोर्ट मिलता है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिल रहा मजबूत संकेत
विदेशी बाजारों में भी सोना मजबूती के साथ कारोबार कर रहा है. स्पॉट गोल्ड करीब 0.43 फीसदी की बढ़त के साथ 4,321 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गया. मिरे एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट प्रवीण सिंह का कहना है कि निवेशकों की नजर अमेरिकी कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स के आंकड़ों पर टिकी है. उनके अनुसार, “सीपीआई डेटा से पहले सोना करीब 0.4 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है और बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.”
दिलीप परमार का यह भी कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना रिकॉर्ड हाई के करीब बना हुआ है. निवेशक वेनेजुएला में बढ़ते जियो-पोलिटिकल टेंशन और अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Federal Reserve) की लगातार तीसरे इंटरेस्ट रेट कट के बाद आगे और राहत के संकेत तलाश रहे हैं. ब्याज दरें पर इंटरेस्ट इनकम नहीं देने वाले सोना और चांदी जैसे एसेट्स में निवेश ज्यादा आकर्षक हो जाता है.
ग्लोबल मार्केट में चांदी का जलवा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी ने भी नया इतिहास रच दिया. स्पॉट सिल्वर पहली बार 66 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गई और 66.52 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची. कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी कमोडिटी रिसर्च कायनात चैनवाला के मुताबिक यह तेजी कई वजहों से आई है. उन्होंने बताया कि फिजिकल सप्लाई की कमी, सेफ हेवन डिमांड में इजाफा, सिल्वर ईटीएफ में मजबूत निवेश और यूएस फेड की संभावित इंटरेस्ट रेट कट की उम्मीदों ने चांदी को नई ऊंचाई दी है.
उन्होंने यह भी कहा कि चीन 2026 से चांदी के एक्सपोर्ट पर रोक लगाने की योजना बना रहा है. चीन में चांदी का स्टॉक पहले ही एक दशक के निचले स्तर पर है. ऐसे में अगर सप्लाई और घटी, तो कीमतों पर और दबाव बन सकता है और तेजी लंबे समय तक बनी रह सकती है.
Also read : 5 साल में 1 लाख को 3.3 लाख बनाने वाली स्कीम, 211 % का एब्सोल्यूट रिटर्न, AUM में भी कैटेगरी टॉपर
सोने में आगे कितनी रहेगी हलचल
एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के मुताबिक सोने में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. उनके अनुसार, “सोने की कीमतें 1,35,200 रुपये के आसपास खुलीं, लेकिन रुपये में मजबूती और संभावित आरबीआई हस्तक्षेप के चलते गिरावट आई.” उन्होंने बताया कि अमेरिकी आंकड़ों से भरे हफ्ते में सोना 1,31,000 से 1,36,000 रुपये के दायरे में घूम सकता है. कुल मिलाकर, सोना और चांदी दोनों में तेजी के पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अस्थिरता, कमजोर डॉलर और मजबूत इनवेस्टमेंट डिमांड बड़ी वजह बन रही है.
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने और अपने इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेने के बाद ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us