scorecardresearch

Gold, Silver Rate Today : सोना 1.4 लाख की नई ऊंचाई पर, चांदी ने बनाया 2,17,250 रुपये का नया रिकॉर्ड, एक्सपर्ट्स ने क्या बताई वजह

Gold Silver Price Today : दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 1.40 लाख और चांदी 2.17 लाख के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे. गोल्ड, सिल्वर में इस तेजी पर क्या है एक्सपर्ट्स की राय?

Gold Silver Price Today : दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 1.40 लाख और चांदी 2.17 लाख के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे. गोल्ड, सिल्वर में इस तेजी पर क्या है एक्सपर्ट्स की राय?

author-image
FE Hindi Desk
New Update
Gold Price Today : Gold and Silver prices hit record high in Indian market

Gold Silver Price Today : सोना और चांदी, दोनों ने बनाया नया रिकॉर्ड, निवेशकों की बढ़ी दिलचस्पी (AI Generated Image)

Gold, Silver Rate Today, Sone Chandi Ka Bhav Aaj Ka : मंगलवार को सोना और चांदी दोनों ने नए रिकॉर्ड बना दिए. दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 1,40,850 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया, जबकि चांदी ने 2,17,250 रुपये प्रति किलो का नया रिकॉर्ड छू लिया. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला. कमजोर डॉलर, ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और बढ़ते जियो-पोलिटिकल टेंशन इस तेजी की बड़ी वजह माने जा रहे हैं.

घरेलू बाजार में सोने की कीमत क्यों उछली

Gold Rate Today : ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, मंगलवार को सोने की कीमत में एक दिन में 2,650 रुपये की तेजी दर्ज की गई. इससे पहले सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,38,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. साल 2025 की शुरुआत से अब तक घरेलू बाजार में सोना करीब 61,900 रुपये महंगा हो चुका है. यानी दिसंबर 2024 के आखिर में 78,950 रुपये प्रति 10 ग्राम रहने वाला सोना अब लगभग 78 प्रतिशत की छलांग लगा चुका है. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती का सीधा असर भारतीय कीमतों पर भी दिख रहा है.

Advertisment

Also read : Axis Bank MSME Loan : एक्सिस बैंक का डिजिटल मर्चेंट कैश एडवांस लोन, छोटे दुकानदारों को बिना गारंटी के मिलेगा कर्ज

चांदी ने भी बनाया नया इतिहास

चांदी की बात करें तो इसमें तेजी और भी ज्यादा चौंकाने वाली रही है. मंगलवार को चांदी 2,750 रुपये उछलकर 2,17,250 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. इससे पहले के सत्र में ही चांदी में 10,400 रुपये प्रति किलो की तेज बढ़त देखी गई थी. साल 2025 में अब तक चांदी की कीमत में 1,27,550 रुपये का इजाफा हो चुका है. दिसंबर 2024 के अंत में चांदी 89,700 रुपये प्रति किलो थी, यानी अब तक इसमें 142 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है.

ग्लोबल मार्केट से मजबूत सपोर्ट

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतें नए स्तर पर पहुंच गई हैं. स्पॉट गोल्ड मंगलवार को 1.22 प्रतिशत या 54.3 डॉलर चढ़कर 4,498 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. वहीं, चांदी पहली बार 70 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गई. साल की शुरुआत से अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना करीब 1,892 डॉलर महंगा हो चुका है, जबकि चांदी में 41 डॉलर से ज्यादा की तेजी आई है.

Also read : Best Hybrid Fund Category 2025 : मल्टी एसेट फंड ने 2025 में दिया सबसे ज्यादा मुनाफा, 23.89% तक रहा टॉप 5 स्कीम का रिटर्न

ब्याज दर और जियो-पोलिटिकल टेंशन 

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट सॉमिल गांधी का कहना है, “बुलियन में एतिहासिक तेजी जारी है और स्पॉट गोल्ड 4,500 डॉलर के अहम स्तर के करीब पहुंच गया है. यह तेजी इस उम्मीद से जुड़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व 2026 में एक से ज्यादा बार ब्याज दरों में कटौती कर सकता है. इसके साथ ही बढ़ते जियो-पोलिटिकल टेंशन सोने और चांदी को सुरक्षित निवेश के तौर पर और मजबूत बना रहे हैं.”

मिरे एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट प्रवीण सिंह के मुताबिक, “जियो-पोलिटिकल लेवल पर अस्थिरता और कमजोर डॉलर के चलते सोने की कीमत करीब 4,500 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई है. बाजार को उम्मीद है कि फेड अगले साल दो से ज्यादा बार ब्याज दरों में कटौती कर सकता है, जिससे कीमती धातुओं को सपोर्ट मिल रहा है.”

Also read : PSU बैंकों का मजबूत प्रदर्शन, पर्सनल, होम और ऑटो लोन में प्राइवेट बैंकों से छीना मार्केट शेयर : रिपोर्ट

आगे किन संकेतों पर रहेगी बाजार की नजर

ऑगमॉन्ट की हेड ऑफ रिसर्च रेनिशा चेनानी का कहना है, “निवेशकों की नजर अब अमेरिका के तीसरी तिमाही के जीडीपी के दूसरे अनुमान पर रहेगी. इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सेहत और फेडरल रिजर्व की आगे की मौद्रिक नीति को लेकर संकेत मिल सकते हैं.”

एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के अनुसार, “एमसीएक्स पर सोना मजबूती के साथ 1,38,250 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा. डॉलर में नरमी और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से सोने को सपोर्ट मिला है. भले ही कीमतें फिलहाल ओवरबॉट जोन में हों, लेकिन जब तक भाव 1,32,000 रुपये के ऊपर बने रहते हैं, तब तक तेजी का रुख बरकरार रह सकता है.”

(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी रजिस्टर्ड इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें.)

Gold Rate Today Silver Rate Today Silver Rate Gold Rate