/financial-express-hindi/media/media_files/2025/05/05/hzqKbRkY5kSTDx0Zx1hZ.jpg)
HDFC Bank ने RBI के रेपो रेट कट के बाद FD पर ब्याज दरें घटाईं. (File Photo : Reuters)
HDFC Bank Latest FD Rates : एचडीएफसी बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD में निवेश करने वालों को एक झटका दिया है. देश के सबसे बड़े निजी बैंक ने चुनिंदा अवधि की FD पर ब्याज दरें घटा दी हैं. यह बदलाव 17 दिसंबर 2025 से लागू हो गया है और इसका असर 3 करोड़ रुपये से कम की जमा राशि पर पड़ेगा. खास बात यह है कि यह फैसला RBI के हालिया रेपो रेट कट और उसके बाद SBI के FD रेट घटाने के बाद लिया गया है. ऐसे में आम ग्राहक और सीनियर सिटिजन दोनों के मन में सवाल है कि अब उन्हें कितनी ब्याज दर मिलेगी और उनकी बचत पर क्या असर पड़ेगा.
HDFC बैंक ने RBI के फैसले के बाद क्यों घटाए FD रेट
हाल ही में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती कर इसे 5.25 प्रतिशत कर दिया. रेपो रेट वह दर होती है जिस पर बैंक RBI से कर्ज लेते हैं. जब यह दर घटती है, तो बैंकों के लिए फंड सस्ता हो जाता है. इसी वजह से बैंक धीरे-धीरे लोन और डिपॉजिट दोनों की ब्याज दरों में बदलाव करते हैं. SBI के बाद अब HDFC Bank ने भी इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए FD की कुछ अवधि पर ब्याज दरें कम कर दी हैं.
किस किस अवधि की FD पर असर पड़ा
HDFC Bank ने 18 महीने से लेकर 21 महीने से कम अवधि वाली FD पर ब्याज दरों में 15 बेसिस पॉइंट की कटौती की है. यह कटौती आम ग्राहकों और सीनियर सिटिजन दोनों के लिए की गई है. पहले जहां इस अवधि की FD पर आम ग्राहकों को 6.6 प्रतिशत ब्याज मिल रहा था, अब वह घटकर 6.45 प्रतिशत हो गया है. वहीं सीनियर सिटिजन के लिए ब्याज दर 7.1 प्रतिशत से घटकर 6.95 प्रतिशत रह गई है.
आम ग्राहकों के लिए लेटेस्ट FD ब्याज दरें
HDFC Bank की वेबसाइट के मुताबिक, 3 करोड़ रुपये से कम की FD पर नई ब्याज दरें लागू हो चुकी हैं. छोटी अवधि यानी 7 से 14 दिन की FD पर अब 2.75 प्रतिशत ब्याज मिलेगा. 6 महीने से 9 महीने के बीच की FD पर 5.50 प्रतिशत और 1 साल से कम अवधि की FD पर 5.75 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है.
अगर लंबी अवधि की बात करें, तो 1 साल से 15 महीने की FD पर 6.25 प्रतिशत और 15 से 18 महीने की FD पर 6.35 प्रतिशत ब्याज मिलेगा. 18 से 21 महीने, 2 साल और करीब 3 साल तक की अधिकतर अवधि में ब्याज दर 6.45 प्रतिशत रखी गई है. 5 साल से 10 साल की FD पर अब 6.15 प्रतिशत ब्याज मिलेगा.
सीनियर सिटिजन को कितना फायदा
सीनियर सिटिजन के लिए HDFC Bank अब भी आम ग्राहकों से ज्यादा ब्याज दे रहा है, लेकिन कटौती का असर यहां भी दिखता है. 7 से 14 दिन की FD पर सीनियर सिटिजन को 3.25 प्रतिशत ब्याज मिलेगा. 6 महीने से 9 महीने के बीच की FD पर यह दर 6.00 प्रतिशत है.
1 साल से 15 महीने की FD पर सीनियर सिटिजन को 6.75 प्रतिशत और 15 से 18 महीने की FD पर 6.85 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है. 18 महीने से लेकर करीब 3 साल तक की FD पर 6.95 प्रतिशत ब्याज मिलेगा. 5 साल से 10 साल की FD पर सीनियर सिटिजन के लिए ब्याज दर 6.65 प्रतिशत रखी गई है.
Also read : SBI Research Report : रुपये में अब तक की सबसे तेज गिरावट, 349 दिन में 85 से 90 पर पहुंचा डॉलर
FD पर क्या है TDS का नियम
FD से मिलने वाले ब्याज पर टैक्स की भी अहम भूमिका होती है. अगर एक वित्त वर्ष में FD और RD से मिलने वाला कुल ब्याज 50,000 रुपये से ज्यादा होता है, तो आम ग्राहकों के लिए TDS कटता है. सीनियर सिटिजन के लिए यह सीमा 1 लाख रुपये है.
अगर कोई व्यक्ति TDS से छूट चाहता है, तो उसे फॉर्म 15G या 15H जमा करना होता है. यह फॉर्म बैंक की शाखा में या ऑनलाइन नए वित्त वर्ष के शुरुआती हफ्ते में और हर नई FD बुक करने पर देना जरूरी होता है. HDFC Bank के मुताबिक, मासिक या तिमाही ब्याज भुगतान वाली FD में TDS सीधे लिंक्ड सेविंग या करंट अकाउंट से काटा जाता है.
निवेशकों के लिए क्या है संकेत
HDFC Bank का यह फैसला साफ दिखाता है कि आने वाले समय में FD की ब्याज दरों में और भी नरमी आ सकती है. ऐसे में जिन निवेशकों को सुरक्षित रिटर्न चाहिए, उन्हें FD की अवधि और टैक्स नियमों को ध्यान में रखकर फैसला लेना होगा. सीनियर सिटिजन के लिए अब भी FD एक भरोसेमंद विकल्प है, लेकिन बेहतर रिटर्न के लिए अलग-अलग अवधि की FD की तुलना करना जरूरी है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us