/financial-express-hindi/media/media_files/JLi18P72ulccwMBgPbPk.jpg)
Social Security Scheme: आज से शुरू हुआ सरकारी कैंपेन 28 नवंबर तक चलेगा. इसके तहत सभी 24 जिलों में पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर लोगों को एक ही जगह पर कई सेवाएं उपलब्ध कराए जाएंगी. (Image : Pixabay)
झारखंड सरकार ने राज्य के 25 साल पूरे होने के मौके पर आज से एक हफ्ते का विशेष अभियान शुरू किया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई वाली सरकार ने यह फैसला लोगों तक योजनाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लिया है. इस खास अभियान में राज्य की सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के आवेदन पंचायत स्तर पर ही लिए जा रहे हैं, ताकि किसी को ब्लॉक या जिला मुख्यालय न जाना पड़े.
सभी 24 जिलों में पंचायत स्तर पर कैंप लगाए गए हैं, जहां लोग जरूरी दस्तावेज लेकर अपनी पात्रता के अनुसार पेंशन योजना का आवेदन जमा कर सकते हैं. कौन-कौन सी पेंशन योजनाओं के आवेदन लिए जा रहे हैं? नीचे कुछ प्रमुख सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के बारे में डिटेल देखें
राज्य सरकार कई सामाजिक सुरक्षा योजनाएं चला रही है. अभियान के दौरान इन प्रमुख योजनाओं के आवेदन लिए जा रहे हैं:
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना
राज्य में इस योजना के तहत 9 लाख से ज्यादा बुजुर्गों (60 वर्ष से अधिक उम्र के बीपीएल वृद्ध) को मंथली 1000 रुपये मिल रहे हैं. इसके लिए 200 रुपये केंद्र और 800 रुपये राज्य सरकार देती है. योजना के तहत 80 साल से अधिक आयु के लोगों को केंद्र सरकार द्वारा हर महीने 500 रुपये पेंशन दी जाती है, शेष राशि राज्य सरकार देती है. गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले 60 साल से ऊपर को लोगों को भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जाता है. अगर आपने 60 साल की उम्र पूरी कर ली है तो इसके वृद्धावस्था पेंशन के लिए अप्लाई कर सकते हैं. यह योजना पुरुष और महिला दोनों के लिए हैं.
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना
इस योजना के तहत राज्य में कुल 2.50 लाख से ज्यादा लोग जुड़े हैं. योजना के तहत 40 साल से ऊपर की विधवा को 60 साल की उम्र तर हर महीने 1000 रुपये पेंशन दी जाती हैं. इसके तहत 300 रुपये केंद्र सरकार और 700 रुपये राज्य सरकार देती है. योजना का लाभ पाने के लिए विधवा महिला का बीपीएल श्रेणी का होना अनिवार्य है. इस योजना के लाभुकों को बीते चार माह से पेंशन राशि नहीं मिली है. गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली 40 से 60 वर्ष की विधवा महिलाएँ इसके लिए अप्लाई कर सकती हैं
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना
इस योजना के तहत राज्य के कुल 25 हजार से ज्यादा लोगों को (80 फीसदी से अधिक दिव्यांगता से ग्रसित) को हर महीने 1000 रुपये पेंशन दी जाती है. इस योजना का लाभ लेनेवाले लाभुक का बीपीएल श्रेणी का होना अनिवार्य है. इस योजना के लिए केंद्र सरकार 300 रुपये, जबकि राज्य सरकार 700 रुपये देती है. दिव्यांग पेंशन योजना के लाभुकों को भी अक्तूबर से राशि नहीं मिल रही है. गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली 40 से 60 साल की आयु की दिव्यांगजन इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं.
इसके अलावा राज्य स्तर पर सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही है. जिसके लिए पात्र लोग पंचायत स्तर पर हफ्तेभर लगने वाले कैंप में पहुंचकर अपना आवेदन जरूरी दस्तावेजों के साथ दे सकते हैं.
राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना
- आदिम जनजाति पेंशन योजना
- राज्य विधवा सम्मान पेंशन योजना
- राज्य सुरक्षा पेंशन योजना
- राष्ट्रीय पारिवारीक लाभ योजना
- आम आदमी बीमा योजना
- हिट एण्ड रन योजना
हफ्तेभर आपके नजदीक लगे कैंप में मिलेंगी सरकारी सेवाएं
रांची जिला प्रशासन ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी देते हुए कहा है कि “सर्वजन की सरकार आपके द्वार” अभियान फिर एक बार आज से शुरू हो रहा है. झारखंड राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आज 21 नवंबर से शुरू हुआ खास अभियान 28 नवंबर 2025 तक चलेगा.
सर्वजन की सरकार आपके द्वार...🛣️🏠
— DC Ranchi (@DC_Ranchi) November 20, 2025
रजत पर्व के उत्सव पर
आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार फिर एक बार... 21 नवंबर से 28 नवंबर 2025 तक
🌟उपलब्ध मुख्य सेवाएं🌟
🔹 जाति प्रमाण पत्र
🔹 आय प्रमाण पत्र
🔹 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र
🔹 नया राशन कार्ड
🔹 दाखिल-खारिज
🔹 सामाजिक सुरक्षा… pic.twitter.com/UAHQPWOyhD
इस एक सप्ताह की अवधि में जिलेभर में लगाए जा रहे कैंपों में लोगों को कई सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर, बिना दौड़-भाग उपलब्ध कराई जाएंगी.
कैंप में मिलने वाली प्रमुख सेवाएं
- जाति प्रमाण पत्र
- आय प्रमाण पत्र
- जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र
- नया राशन कार्ड
- दाखिल-खारिज
- सामाजिक सुरक्षा पेंशन
- स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र
- जमीन की मापी
- भूमि धारण प्रमाण पत्र
- विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के आवेदन
इसके अलावा झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम 2011 के तहत लिस्टेड अन्य सेवाएं और कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us