/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/20/kisan-credit-card-kcc-insta-image-agrigoi-2025-12-20-17-50-11.jpg)
KCC : किसान क्रेडिट कार्ड को लेकर फैली गलतफहमी, जानिए पूरा सच. (Image : Insta/Agrigoi)
Kisan Credit Card : किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) को लेकर आज भी गांव-देहात में कई तरह की गलतफहमियां फैली हुई हैं. बहुत से किसान मानते हैं कि KCC सिर्फ सरकारी बैंकों से ही मिलता है और इसके लिए जमीन का मालिक होना जरूरी है. लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है. सरकार और कृषि विभाग की ओर से साफ किया गया है कि KCC को लेकर फैले ये दोनों ही दावे मिथक हैं.
KCC को लेकर क्या है गलतफहमी और क्या है सच्चाई
सबसे बड़ी गलतफहमी यह है कि किसान क्रेडिट कार्ड सिर्फ सरकारी बैंकों से मिलता है. जबकि हकीकत यह है कि KCC राष्ट्रीयकृत बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों और कुछ निजी बैंकों से भी लिया जा सकता है. यानी किसान अपनी सुविधा और नजदीकी बैंक के आधार पर KCC के लिए आवेदन कर सकते हैं.
दूसरी बड़ी गलत धारणा यह है कि KCC के लिए जमीन का मालिक होना जरूरी है. सरकार ने साफ किया है कि किरायेदार किसान और शेयर फार्मिंग करने वाले किसान भी KCC के पात्र हैं. इसका मतलब यह है कि जिन किसानों के नाम पर जमीन नहीं है, वे भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं.
क्यों जरूरी है किसान क्रेडिट कार्ड
कृषि हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन छोटे और सीमांत किसानों के पास अक्सर इतनी पूंजी नहीं होती कि वे नई तकनीक अपनाकर वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकें. ऐसे में फसली ऋण किसानों के लिए बेहद अहम हो जाता है. समय पर और कम ब्याज पर मिलने वाला कृषि ऋण न सिर्फ फसल की पैदावार बढ़ाता है, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद करता है.
सरकार का जोर इस बात पर है कि ज्यादा से ज्यादा किसान बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ें और साहूकारों पर निर्भर न रहें. इसी सोच के तहत किसान क्रेडिट कार्ड को कृषि नीति का अहम हिस्सा बनाया गया है.
किसान क्रेडिट कार्ड योजना की खास बातें
सरकार की ओर से KCC योजना को और आसान व उपयोगी बनाने के लिए कई अहम बदलाव किए गए हैं—
किसान क्रेडिट कार्ड की वैधता 5 साल होती है
फसली ऋण का आकलन फसल की लागत, बीमा प्रीमियम और खेती से जुड़ी जरूरतों के आधार पर किया जाता है
समय पर भुगतान करने पर ब्याज में छूट का लाभ मिलता है
3 लाख रुपये तक के ऋण पर कोई प्रोसेसिंग फीस नहीं
क्रॉप लोन के साथ फसल बीमा योजनाओं का अनिवार्य कवर
किसान दुर्घटना बीमा योजना का लाभ
KCC से किसानों को क्या-क्या फायदे मिलते हैं
किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए किसान—
फसली ऋण की जरूरत आसानी से पूरी कर सकते हैं
कटाई के बाद के खर्च उठा सकते हैं
पुराने बाजार ऋण चुका सकते हैं
कठिन समय में परिवार की जरूरतें पूरी कर सकते हैं
कृषि उपकरणों की मरम्मत और अन्य खेती संबंधी खर्च कर सकते हैं
आवेदन कैसे करें
किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करना बेहद आसान है. इसके लिए किसान अपने नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क कर सकते हैं, चाहे वह सरकारी बैंक हो, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक या पात्र निजी बैंक.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us