/financial-express-hindi/media/media_files/2025/11/29/jeevan-pramaan-life-certificate-2025-11-29-02-36-44.jpg)
बिना रुकावट पेंशन का लाभ पाने के लिए केंद्र सरकार के सभी पेंशनर्स के लिए जीवन प्रमाण जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2025 है. यानी कल तक ही मौका है. (Image: X/@NICMeity)
अगर आप पेंशन लेते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है. हर महीने समय पर पेंशन मिलती रहे, इसके लिए जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) या लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य होता है. पेंशनर्स को अधिक सुविधा देने के लिए केंद्र सरकार इस बार बड़े पैमाने पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (Digital Life Certificate) अभियान चला रही है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को बैंक शाखाओं या सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग द्वारा 1 नवंबर से शुरू किया गया यह देशव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान अब अपने अंतिम चरण में है और 30 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है. ऐसे में जिन पेंशनर्स ने अभी तक अपना जीवन प्रमाण जमा नहीं किया है, उनके पास कल तक का आखिरी मौका है.
घर बैठे मोबाइल से जमा कर सकते हैं अपना जीवन प्रमाण
भारत सरकार के नेशनल इनफार्मेटिक्स सेंटर (NIC) ने पेंशनर्स के लिए एक अलर्ट जारी किया है. एक्स किए पोस्ट में एनआईसी ने कहा है कि क्या आपने अभी तक अपना जीवन प्रमाण जमा नहीं किया है? चिंता की कोई बात नहीं! अब आप घर बैठे, अपने मोबाइल फोन से ही जीवन प्रमाण जमा कर सकते हैं. न लाइन में लगना, न दफ्तर के चक्कर — बस कुछ मिनटों में प्रक्रिया पूरी! आज ही अपना जीवन प्रमाण जमा करें.”
प्रिय पेंशनधारकों ध्यान दें!
— NIC (@NICMeity) November 28, 2025
क्या आपने अपना जीवन प्रमाण अभी तक जमा नहीं किया है?
चिंता की कोई बात नहीं! अब आप घर बैठे, अपने मोबाइल फोन से ही #JeevanPramaan जमा कर सकते हैं।
न लाइन में लगना, न दफ़्तर के चक्कर - बस कुछ मिनटों में प्रक्रिया पूरी!
आज ही अपना जीवन प्रमाण जमा करें। pic.twitter.com/AGN0o4hBWr
घर बैठे फोन से ऐसे जमा करें जीवन प्रमाण
मौजूदा समय में जीवन प्रमाण पत्र जमा करना आसान है. फेस अथॉन्टिकेशन तकनीक के जरिए कोई भी घर बैठे अपना या अपने करीबियों का लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकता है. इसके लिए एंड्रॉयड स्मार्टफोन और इंटरनेट कनेक्टिविटी का होना जरूरी है.
ध्यान देने वाली बात ये है कि स्मार्टफोन में 5MP फ्रंट कैमरे का सपोर्ट भी होना चाहिए. फेस अथॉन्टिकेशन तकनीक के जरिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के यहां तरीके बताए गए हैं.
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के लिए उस एंड्रॉयड स्मार्टफोन का इस्तेमाल करें जिसमें 5MP का फ्रंट कैमरा और इंटरनेट कनेक्टिविटी हो.
बैंक या पोस्ट ऑफिस जैसे पेंशन जारी करने वाली संस्था के साथ पंजीकृत आधार नंबर को तैयार रखें.
अब फोन में गूगल प्ले स्टोर से ‘AadhaarFaceRD’ और ‘Jeevan Pramaan Face App’ डाउनलोड और इंस्टॉल करें. ध्यान रहे AadhaarFaceRD ऐप जीवन प्रमाण फेस ऐप के बैकग्राउंड सपोर्ट के लिए जरूरी है. फोन में इनस्टॉल होने के बाद भी AadhaarFaceRD ऐप का आईकन बाकी दूसरे ऐप की तरह नजर नहीं आता है.
- Jeevan Pramaan Face ऐप ओपन करें. बता दें कि अब आपरेटर बनने के लिए आधार नंबर और लाइव फोटो की जरूरत पड़ेगी. जिस किसी पेंशनर का जीवन प्रमाण पत्र जमा करना है वह या फिर कोई और भी ऑपरेटर हो सकता है.
- अब मांगी गई जानकारी भर कर ऑपरेटर बनने की प्रक्रिया पूरी करें.
- इसके बाद पेंशनर का जीवन प्रमाण पत्र जनरेट करने के लिए मांगी गई सभी जानकारी भरें.
- फ्रंट कैमरे से पेंशनर का फोटो कैप्चर करने के बाद सबमिट करें.
- पेंशनर के मोबाइल नंबर और इमेल आईडी पर जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड करने का लिंक वाला SMS भेजा जाएगा.
- उपरोक्त सभी स्टेप्स पर अमल करके कोई भी आसानी से फेस अथॉन्टिकेशन तकनीक के जरिए जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकता है. ध्यान दें कि जीवन प्रमाण पत्र (डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट) हासिल करने के लिए आधार नंबर या VID होना अनिवार्य है.
सवाल जवाब के जरिए समझिए जीवन प्रमाण से जुड़ी हर डिटेल
लाइफ सर्टिफिकेट क्या होता है?
लाइफ सर्टिफिकेट एक तरह का सबूत है, जिससे सरकार या बैंक को पता चलता है कि पेंशन लेने वाला व्यक्ति ज़िंदा है.
लाइफ सर्टिफिकेट क्यों जमा करना पड़ता है?
ताकि आपकी पेंशन हर महीने बिना रुकावट मिलती रहे. अगर यह सर्टिफिकेट जमा नहीं होगा तो पेंशन रोक दी जाती है.
लाइफ सर्टिफिकेट किसे जमा करना होता है?
हर उस पेंशनर को जो -
- केंद्र या राज्य सरकार से पेंशन ले रहा है
- फैमिली पेंशन पा रहा है
- पब्लिक सेक्टर बैंक से मासिक पेंशन लेता है
लाइफ सर्टिफिकेट कैसे जमा करें?
आप दो तरीकों से जमा कर सकते हैं—ऑफलाइन या ऑनलाइन.
ऑफलाइन तरीका
- अपनी बैंक शाखा या जिस जगह से पेंशन मिलती है, वहां जाएं.
- अपनी ID और पेंशन से जुड़े कागज़ लेकर जाएं.
- कुछ जगह फोटो भी मांग सकते हैं.
ऑनलाइन – Jeevan Pramaan ऐप या पोर्टल से
- जीवन प्रमाण पोर्टल jeevanpramaan.gov.in पर जाएं
- आधार नंबर से बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन करें
- डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनकर सीधे पेंशन ऑफिस में चला जाता है
लाइफ सर्टिफिकेट के लिए कौन-कौन से डॉक्यूमेंट चाहिए?
- आधार, पेंशन ID या बैंक पासबुक जैसी पहचान
- अगर ऑनलाइन कर रहे हैं तो Jeevan Pramaan ID
Jeevan Pramaan किसे मिल सकता है?
वही पेंशनर्स जो ऐसी संस्था से पेंशन ले रहे हैं, जो Jeevan Pramaan प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई है
जो पेंशनर्स दोबारा शादी कर चुके हैं या नौकरी में वापस लग चुके हैं, वे इस सुविधा का फायदा नहीं ले सकते
कौन-कौन सी संस्थाएं जुड़ी हैं, यह लिस्ट पोर्टल के “Circulars” सेक्शन में मिल जाएगी
क्या परिवार का कोई सदस्य लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकता है?
नहीं, यह काम पेंशनर को खुद ही करना पड़ता है. अगर चल-फिर नहीं सकते तो ऑनलाइन तरीका सबसे आसान है.
अब फैमिली पेंशन का बढ़ा हुआ रेट पाने के लिए दोनों माता-पिता को लाइफ सर्टिफिकेट क्यों देना पड़ता है?
सरकार ने नियम बदला है ताकि गलत भुगतान न हो. अब बढ़ी हुई फैमिली पेंशन तभी मिलेगी जब दोनों माता-पिता अपना-अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करेंगे.
जो सेंट्रल गवर्नमेंट पेंशनर्स विदेश में रहते हैं, वे कैसे जमा करें?
सरकार ने खास व्यवस्था की है. विदेश में रह रहे पेंशनर्स आसानी से अपना लाइफ सर्टिफिकेट भेज सकते हैं बिना भारत आए. (सरकार का विशेष नोटिफिकेशन जारी है.)
EPFO पेंशनर्स घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैसे जमा करें?
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) घर-घर जाकर यह सुविधा दे रहा है. वे फिंगरप्रिंट और फेस ऑथेंटिकेशन वाले डिवाइस से आपके घर पर ही DLC बना देते हैं. EPFO और IPPB का इस काम के लिए समझौता हुआ है.
अगर 30 नवंबर तक लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं किया तो क्या होगा?
आपकी पेंशन अस्थायी रूप से रोक दी जाएगी. लाइफ सर्टिफिकेट जमा करते ही पेंशन फिर से शुरू हो जाएगी.
कैसे पता लगेगा कि लाइफ सर्टिफिकेट स्वीकार हो गया?
ऑनलाइन किया है तो जीवन प्रमाण पोर्टल पर चेक करें. ऑफलाइन किया है तो बैंक या पेंशन ऑफिस में पूछ लें
क्या लाइफ सर्टिफिकेट हर साल जमा करना जरूरी है?
हां, हर साल एक बार जमा करना ज़रूरी है. तभी पेंशन बिना रुकावट मिलती है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us