/financial-express-hindi/media/media_files/2025/06/27/jio-blackrock-broking-2025-06-27-13-21-07.jpg)
Jio BlackRock ने बाजार नियामक (SEBI) से 8 नए फंड शुरू करने की मंजूरी मांगी है. इससे पहले कंपनी ने पिछले महीने 3 फंड लॉन्च किए थे. (AI Generated)
Jio BlackRock Asset Management : जियो ब्लैकरॉक एएमसी ने अपने तीन कैश/डेट म्यूचुअल फंड स्कीम (NFO) जियोब्लैकरॉक ओवरनाइट फंड, जियोब्लैकरॉक लिक्विड फंड और जियोब्लैकरॉक मनी मार्केट फंड से कुल 17,800 करोड़ रुपये का निवेश जुटाया है. अब इन तीनों स्कीम में रेगुलर लम्प सम या एसआईपी की जा सकती है. फिलहाल इस सफल एनएफओ से उत्साहित एसेट मैनेजमेंट कंपनी अब म्यूचुअल फंड मार्केट (Mutual Fund) में बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है.
जियो ब्लैकरॉक एएमसी इस साल के अंत तक भारत में लगभग दर्जन भर (करीब 12) इक्विटी और डेट फंड लॉन्च करने की योजना बना रहा है. कंपनी का फोकस छोटे निवेश (कम राशि जैसे 500 रुपये) करने वालों पर होगा और वह डिस्ट्रीब्यूटर्स) को हटाकर सीधे निवेशकों तक पहुंचेगी ताकि खर्च कम हो सके. रायटर्स के अनुसार यह जानकारी कंपनी की योजना से जुड़े लोगों ने दी.
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और अमेरिकी कंपनी ब्लैकरॉक की 50:50 ज्वॉइंट वेंचर कंपनी भारत के 72 लाख करोड़ के एयूएम वाले म्यूचुअल फंड बाजार में एक नया तरीका अपनाकर प्रवेश कर रहा है. यह अपना बड़ा डिजिटल नेटवर्क इस्तेमाल करके उन पारंपरिक तरीकों को बदलने की कोशिश करेगा, जिनका इस्तेमाल बाकी कंपनियां करती हैं.
SEBI से 8 नए फंड शुरू करने की मंजूरी मांगी
सूत्रों ने बताया कि Jio BlackRock ने बाजार नियामक (SEBI) से 8 नए फंड शुरू करने की मंजूरी मांगी है. इससे पहले कंपनी ने पिछले महीने 3 फंड लॉन्च किए थे. इन नए फंड्स में सिर्फ 500 रुपये से भी निवेश किया जा सकेगा. कंपनी के 3 डेट म्यूचुअल फंड स्कीम्स में अब तक 17,800 करोड़ रुपये का निवेश जुटाया है. इनमें 90 संस्थागत निवेशक और 67,000 रिटेल (छोटे) निवेशक शामिल हैं.
कम लागत में निवेश का मौका
वर्तमान में एक्टिव फंड्स का औसत खर्च अनुपात (टोटल एक्सपेंस रेश्यो) 1.78% है, जो अधिकतम 2.5% तक हो सकता है. डायरेक्ट फंड्स में यह खर्च 0.5% से 0.6% कम होता है. लेकिन जियो ब्लैकरॉक डिस्ट्रीब्यूटर्स को बायपास करके सीधे संस्थागत और खुदरा निवेशकों को फंड ऑफर करने की योजना बना रहा है. इससे फंड की फीस और एक्सपेंस रेश्यो कम होगा, जिससे निवेशकों को कम लागत में निवेश का मौका मिलेगा.
पैसिव और ऐक्टिव दोनों तरह के फंड्स
रिपोर्ट के अनुसार Jio BlackRock भारत में पैसिव और ऐक्टिव दोनों तरह के फंड्स का मिश्रण पेश करेगी. भारत में अभी भी ऐक्टिव फंड्स का ज्यादा चलन है. भारत में हर साल पैसिव फंड्स का चलन बढ़ रहा है और ब्लैकरॉक के पास इस क्षेत्र को और बढ़ाने का अच्छा मौका है. मई तक भारत में पैसिव फंड्स की कुल संपत्ति 12.11 लाख करोड़ थी, जो कुल फंड बाजार का 16.78% हिस्सा है. यह पिछले साल की तुलना में 25% ज्यादा है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us