/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/26/cm-bhagwant-singh-punjab-govt-mukh-mantri-sehat-yojna-2025-12-26-14-48-41.jpg)
पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना का लाभ हर पंजाब निवासी को मिलेगा - चाहे वह सरकारी कर्मचारी हो, पेंशनर हो या कोई आम नागरिक. इसमें आय की कोई सीमा नहीं होगी. (Image : X/@BhagwantMann)
Punjab to roll out free medical treatment upto Rs 10 lakh : पंजाब के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. राज्य सरकार ने हेल्थ केयर सर्विसेज को लेकर एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए जनवरी 2026 से हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Punjab CM Bhagwant Singh Mann) ने मुख्यमंत्री सेहत योजना के शुभारंभ को मंजूरी दे दी. इस योजना के लागू होने के बाद पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा, जहां हर परिवार को बिना किसी शर्त के 10 लाख रुपये तक का फ्री इलाज का लाभ मिलेगा.
हर पंजाबी परिवार का होगा 10 लाख रुपये तक फ्री इलाज
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पहले एक परिवार को सिर्फ 5 लाख रुपये तक का इलाज मिलता था, लेकिन अब इस सीमा को बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है. उन्होंने साफ किया कि इस योजना का लाभ हर पंजाब निवासी को मिलेगा, चाहे वह सरकारी कर्मचारी हो, पेंशनर हो या कोई आम नागरिक. इसमें आय की कोई सीमा नहीं होगी. उन्होंने कहा कि अब पंजाब का कोई भी नागरिक पैसों की कमी की वजह से इलाज से वंचित नहीं रहेगा और वह किसी भी सरकारी या सूचीबद्ध निजी अस्पताल में मुफ्त इलाज करा सकेगा.
किन इलाजों को मिलेगा कवर?
मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत गंभीर बीमारियां, सर्जरी, ICU और क्रिटिकल केयर, जीवन रक्षक उपचार, जांच, दवाइयां, अस्पताल में भर्ती से पहले और बाद के इलाज का हेल्थ केयर कवरेज होगा. इन सभी खर्चों को तय पैकेज के तहत कवर किया जाएगा.
इलाज पंजाब और चंडीगढ़ के सरकारी और इम्पैनल्ड प्राइवेट अस्पतालों में कराया जा सकेगा.
कैशलेस और पेपरलेस होगा पूरा इलाज
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना को पूरी तरह डिजिटल बनाया जाएगा. इलाज कैशलेस और पेपरलेस होगा, जिससे मरीजों को अस्पतालों में किसी तरह की आर्थिक या कागजी परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी. इसके साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए शिकायत निवारण और लाभार्थी सहायता की व्यवस्था भी की जाएगी.
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह योजना राज्य में यूनिवर्सल हेल्थ केयर सर्विस (universal health care) की नींव मजबूत करेगी. इसका मकसद हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण इलाज तक आसान और सुरक्षित पहुंच देना है.
सरकार का मानना है कि इस योजना से शहरों और गांवों, दोनों जगह रहने वाले लोगों की जेब से होने वाला इलाज का खर्च काफी हद तक कम होगा और स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा बढ़ेगा.
पंजाब सरकार की फ्री हेल्थ कवरेज स्कीम से जुड़ी अहम बातें
- पूरे पंजाब में जनवरी 2026 से मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना लागू होगी
- संभवतः राज्य के 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज का लाभ मिलेगा
- पंजाब के निवासी अपने आधार और वोटर कार्ड के जरिए सेहत कार्ड बनवा सकेंगे.
- पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार है. राज्य सरकार की मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना सभी 23 जिलों में एक साथ लागू होगा. पार्टी ने अपने एक एक्स पोस्ट में योजना के लिए विभागीय तैयारियां पूरी होने का दावा किया है.
- पोस्ट में किए गए दावों के मुताबिक लोगों को 10 लाख रुपये फ्री इलाज की सुविधा पंजाब और चंडीगढ़ के सरकारी और इम्पैनल्ड प्राइवेट हास्पिटल में मिलेगी.
- AAP पंजाब का दावा है कि पंजाब में बिना प्रीमियम परिवार के सभी सदस्यों को फ्री इलाज का लाभ मिलेगा.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us