/financial-express-hindi/media/media_files/2025/10/20/zerodha-bse-sensex-index-fund-nfo-ai-2025-10-20-17-40-07.jpg)
JioBlackRock Arbitrage Fund NFO : शॉर्ट टर्म के लिए लो-रिस्क इनवेस्टमेंट का नया ऑप्शन (AI Generated Image)
JioBlackRock Arbitrage Fund NFO Review : जियो ब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड ने एक ऐसी नई म्यूचुअल फंड स्कीम लॉन्च की है, जिसके जरिये शेयर मार्केट में लो रिस्क इनवेस्टमेंट (Low Risk Investement) किया जा सकता है. जियो ब्लैकरॉक आर्बिट्राज फंड के नाम से लॉन्च इस स्कीम में सब्सक्रिप्शन 9 दिसंबर 2025 को खुलेगा. कंपनी का कहना है कि यह फंड बाज़ार में मौजूद छोटे-छोटे प्राइस गैप्स को भुनाकर स्टेबल रिटर्न देने की कोशिश करेगा.
क्या होते हैं आर्बिट्राज फंड?
शेयर बाज़ार में अक्सर एक ही स्टॉक की कीमत कैश मार्केट और फ्यूचर मार्केट में अलग होती है. आर्बिट्राज फंड्स (Arbitrage Funds) के मैनेजर इन दोनों कीमतों के अंतर को कैप्चर करके कमाई करते हैं. यही कारण है कि इसमें रिस्क बहुत कम होता है. जियो ब्लैकरॉक की नया फंड ऑफर (New Fund Offer) भी इसी मॉडल पर काम करेगा और ज़रूरत पड़ने पर निवेश का कुछ हिस्सा डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में भी लगाएगा.
NFO की निवेश रणनीति
जियो ब्लैकरॉक आर्बिट्राज फंड (JioBlackRock Arbitrage Fund) का 65 से 100% हिस्सा इक्विटी और इक्विटी-डेरिवेटिव्स में लगाया जाएगा, जबकि 0–35% हिस्सा डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश किया जाएगा. कंपनी ने बताया है कि फंड मैनेजर अपने निवेश के फैसले लेने में कैश–फ्यूचर्स आर्बिट्राज, कैलेंडर स्प्रेड, इंडेक्स आर्बिट्राज, मर्जर आर्बिट्राज और हेजिंग समेत 8 तरह की रणनीतियों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
जियो ब्लैकरॉक (JioBlackRock Mutual Fund) का कहना है कि मार्केट वॉलैटिलिटी जितनी ज्यादा होती है, प्राइस गैप्स उतने ही बढ़ते हैं और ऐसे समय में आर्बिट्राज रणनीति अच्छा प्रदर्शन करती है. हालांकि इस NFO के वास्तविक एक्सपेंस रेशियो (Expense Ratio) की जानकारी तो फंड के शुरू होने के कुछ समय बाद सामने आएगी, लेकिन फंड हाउस ने 0.30% के इंडिकेटिव एक्सपेंस रेशियो (Indicative Expense Ratio) का जिक्र करके उसका कुछ संकेत दिया है.
नई निवेश तकनीक का इस्तेमाल
जियो ब्लैकरॉक का कहना है कि उसका इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म अलादीन (Aladdin) रियल-टाइम रिस्क मैनेजमेंट और डेटा-ड्रिवन फैसलों में मदद करेगा. इससे पोर्टफोलियो अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मैनेज हो सकेगा.
इस फंड को अनुभवी मैनेजमेंट टीम संभालेगी, जिसमें आनंद शाह, हरेश मेहता, सिद्धार्थ देब और अरुण रामचंद्रन शामिल हैं. Nifty 50 Arbitrage (TRI) इस स्कीम का बेंचमार्क इंडेक्स होगा.
फंड हाउस का कहना है कि अगर किसी समय बाज़ार में बेहतर आर्बिट्राज अवसर नहीं मिलते, तो यह फंड अस्थायी रूप से डेट और मनी मार्केट में शिफ्ट हो सकता है, ताकि कम रिस्क में स्टेबल रिटर्न मिलते रहें.
Also read : RBI Rate Cut Impact : रिजर्व बैंक के रेट घटाने से कितनी होगी बचत? 40 लाख के होम लोन पर EMI का कैलकुलेशन
किनके लिए सही है ये ऑप्शन
कम समय के लिए मार्केट में पैसे लगाने हों और ज्यादा जोखिम न लेना हो, तो आर्बिट्राज फंड हमेशा एक अच्छा विकल्प माने जाते हैं. जियो ब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड की इस स्कीम को “Low Risk” कैटेगरी में रखा गया है. यह नया फंड ऑफर उन निवेशकों के लिए सही ऑप्शन हो सकता है, जो 3 महीने से 1 साल की अवधि के लिए कम रिस्क वाले इनवेस्टमेंट ऑप्शन खोज रहे हैं. यानी अगर आपके पास 3, 6 या 12 महीने के लिए एक्स्ट्रा फंड हैं और आप उन्हें किसी सुरक्षित जगह पार्क करना चाहते हैं, तो यह फंड आपके लिए सही हो सकता है. इसके साथ ही यह स्कीम टैक्स एफिशिएंसी भी देती है, क्योंकि इसमें इक्विटी फंड के टैक्स नियम लागू होते हैं.
Also read : SBI MF का बच्चों के लिए नंबर 1 प्लान, इस सुपर अचीवर स्कीम ने तमाम हाइब्रिड फंड्स को पीछे छोड़ा
NFO की बड़ी बातें
NFO के खुलने की तारीख: 09 दिसंबर 2025
NFO बंद होने की तारीख : 11 दिसंबर 2025
रिस्क लेवल : कम रिस्क (Low Risk)
एक्जिट लोड: 15 दिनों के भीतर रिडेम्पशन पर 0.25%. 15 दिनों के बाद रिडीम करने पर कुछ नहीं.
मिनिमम निवेश (lumpsum) : 500 रुपये
मिनिमम SIP: 500 रुपये
बेंचमार्क: Nifty 50 Arbitrage (TRI)
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी रजिस्टर्ड इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us