/financial-express-hindi/media/media_files/2025/09/12/nfo-review-bajaj-allianz-life-bse-500-enhanced-value-50-index-fund-ai-gemini-2025-09-12-18-54-48.jpg)
Tata NFO Subscription Latest Update : मल्टीकैप कंजम्प्शन इंडेक्स फंड में निवेश का मौका. (AI Generated Image)
Tata Mutual Fund New Scheme: टाटा म्यूचुअल फंड ने कंजम्प्शन थीम पर आधारित एक नया इंडेक्स फंड लॉन्च किया है. इस नए फंड ऑफर में सब्सक्रिप्शन मंगलवार 9 दिसंबर को खुल गया है. टाटा बीएसई मल्टीकैप कंजम्प्शन 50:30:20 इंडेक्स फंड (Tata BSE Multicap Consumption 50:30:20 Index Fund) के नाम से लॉन्च यह एनएफओ भारत की बढ़ती खपत यानी कंजम्प्शन स्टोरी में निवेश का मौका दे रहा है. खास बात यह है कि इसके ज़रिए निवेशक लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप - तीनों मार्केट कैप सेगमेंट के स्टॉक्स में एक साथ बैलेंस्ड एक्सपोज़र ले सकते हैं. इस NFO में सब्सक्रिप्शन 23 दिसंबर 2025 तक खुला रहेगा.
कंजम्प्शन थीम क्यों मानी जाती है पावरफ़ुल?
भारत की अर्थव्यवस्था में कंजम्प्शन यानी खपत का योगदान लगभग 60% तक है. जैसे-जैसे इनकम बढ़ रही है, लोगों की जरूरतें बेसिक से लाइफस्टाइल और प्रीमियम कैटेगरी की तरफ शिफ्ट हो रही हैं. इससे कंजम्प्शन सेक्टर लगातार मजबूत हो रहा है. यही वजह है कि यह थीम लंबे समय के लिए बेहद आकर्षक मानी जा रही है.
टाटा एसेट मैनेजमेंट (Tata AMC) के चीफ बिजनेस ऑफिसर आनंद वरदराजन का कहना है कि “कंजम्प्शन भारत के लिए एक लॉन्ग-टर्म स्ट्रक्चरल थीम है. अब बेसिक जरूरतों से आगे बढ़कर लोग लाइफस्टाइल और एस्पिरेशनल ख़र्च कर रहे हैं. कंजम्प्शन थीम से जुड़े बड़े स्टॉक्स जहां पोर्टफोलियो को स्टेबिलिटी देंगे, वहीं उभरते मिड कैप और स्मॉल-कैप स्टॉक्स में कई बार असली ग्रोथ की गुंजाइश दिखाई देती है.”
उनका कहना है कि BSE Multicap Consumption 50:30:20 इंडेक्स पर आधारित इस फंड का 50:30:20 स्ट्रक्चर निवेशकों को पूरे कंजम्प्शन इकोसिस्टम में एक्सपोजर देगा, जिसमें किसी खास सब-सेगमेंट पर ज्यादा निर्भरता नहीं होगी.
Tata Mutual Fund NFO Details : कैसे तैयार होगा पोर्टफोलियो
टाटा म्यूचुअल फंड (Tata Mutual Fund) की यह स्कीम एक पैसिव फंड है. यानी इसमें फंड मैनेजमेंट एक्टिव रूप से स्टॉक सेलेक्शन नहीं करेगा. ये फंड सिर्फ अपने बेंचमार्क इंडेक्स (BSE Multicap Consumption 50:30:20 TRI) को रिप्लिकेट करेगा. इस इंडेक्स में BSE 500 यूनिवर्स से चुनी गई कंजम्प्शन से जुड़ी टॉप 100 कंपनियां शामिल की जाती हैं, जिनमें FMCG, कंज्यूमर डिस्क्रीशनरी, डिजिटल एंटरटेनमेंट, क्विक कॉमर्स, ट्रैवल, ऑटो एंसिलरी जैसे कई नए उभरते सेक्टर्स की कंपनियां शामिल हैं. यह ट्रेडिशनल FMCG-ऑटो आधारित इंडेक्स की तुलना में कहीं अधिक डायवर्सिफाइड और संतुलित एक्सपोज़र देता है.
इंडेक्स के 50:30:20 मॉडल का मतलब
BSE Multicap Consumption 50:30:20 इंडेक्स में 50% वेटेज लार्ज कैप स्टॉक्स (Large Cap Stocks) का होगा, जबकि 30% वेटेज मिड कैप (Mid Cap Stocks) और 20% वेटेज स्मॉल कैप स्टॉक्स (Small Cap Stocks) का होगा. इसका मतलब ये है कि इसमें पैसे लगाने पर निवेशकों को स्टेबिलिटी, ग्रोथ और नई संभावनाओं से भरी कंपनियों में एक साथ निवेश का मौका मिलेगा. इस तरह का मल्टी कैप कंजम्प्शन इंडेक्स भारत में पहली बार लॉन्च हुआ है.
Also read : NFO : बाजार में लॉन्च हुआ नया मल्टी कैप फंड, एबेकस म्यूचुअल फंड की पहली इक्विटी स्कीम
किस तरह काम करेगा फंड? (Investment Strategy)
इस नए फंड ऑफर (New Fund Offer) की पूरी रणनीति ट्रैकिंग एरर को कम से कम रखने पर आधारित है. यानी फंड की कोशिश रहेगी कि उसका प्रदर्शन इंडेक्स के परफॉर्मेंस के बेहद करीब रहे. इस स्कीम के फंड मैनेजर पोर्टफोलियो में सिर्फ तभी बदलाव करेंगे जब इंडेक्स में बदलाव होगा. इंडेक्स में रिबैलेंसिंग साल में दो बार - जून और दिसंबर में - होती है. अगर कोई स्टॉक उपलब्ध नहीं है तो अस्थायी तौर पर उस कंपनी के फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट में निवेश किया जा सकता है.
NFO से जुड़े रिस्क फैक्टर
इस नए फंड में इक्विटी एक्सपोज़र 100% के आसपास होगा. साथ ही यह एक सिंगल थीम फंड है, यानी इसका प्रदर्शन पूरी तरह कंजम्प्शन सेक्टर की चाल पर निर्भर करता है. यही वजह है कि इस NFO को रिस्कोमीटर पर बहुत अधिक रिस्क (Very High Risk) की रेटिंग दी गई है.
Also read : 30 साल में 23% CAGR का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड, 7 लाख का कुल निवेश बन गया 5 करोड़ से ज्यादा
किनके लिए सही है यह ऑप्शन?
यह नई स्कीम उन निवेशकों के लिए सही विकल्प हो सकती है, जो भारत की कंजम्प्शन ग्रोथ स्टोरी पर भरोसा करते हैं और उसमें लॉन्ग टर्म इनवेस्टमेंट करना चाहते हैं. साथ ही जिन्हें निवेश के लिए एक्टिव फंड (active fund) की जगह पैसिव (passive) और नियम आधारित (rule-based) तरीका पसंद है. इसके अलावा ऐसे निवेशक भी इस पर विचार कर सकते हैं, जो अपने पोर्टफोलियो में लार्ज कैप, मिडकैप और स्मॉल कैप का संतुलन चाहते हैं. ये फंड उन लोगों के लिए बेहतर है, जो थीमैटिक फंड्स (thematic funds) में निवेश से जुड़ी बारीकियों को समझते हैं और उससे जुड़े रिस्क को बर्दाश्त करने की क्षमता रखते हैं. नए निवेशकों को आमतौर पर थीमैटिक फंड्स में निवेश से बचना चाहिए.
फंड मैनेजमेंट
इस नए फंड को नितिन भारत शर्मा और राकेश प्रजापति मैनेज करेंगे, जो टाटा म्यूचुअल फंड के कई और सफल इंडेक्स फंड्स को भी संभालते हैं. दोनों के पास इक्विटी डीलिंग और इंडेक्स-आधारित निवेश रणनीति का लंबा अनुभव है.
NFO की बड़ी बातें
NFO खुलने की तारीख: 9 दिसंबर 2025
NFO बंद होने की तारीख: 23 दिसंबर 2025
मिनिमम निवेश : 5,000 रुपये
स्कीम का प्रकार : ओपन-एंडेड इंडेक्स फंड
थीम : Multicap Consumption (50:30:20 Structure)
लॉक-इन : कुछ नहीं
एग्ज़िट लोड: 15 दिन के अंदर रिडीम करने पर 0.25%, 15 दिन के बाद कुछ नहीं
निवेश के विकल्प: Growth और IDCW प्लान
रिस्क लेवल : बहुत अधिक जोखिम (Very High Risk)
बेंचमार्क : BSE Multicap Consumption 50:30:20 TRI
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी रजिस्टर्ड इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us