/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/29/top-7-infrastructure-mutual-funds-freepik-2025-07-29-15-03-25.jpg)
Bajaj Life Pension Index Fund NFO: बीमा के साथ मार्केट-लिंक्ड रिटर्न का वादा. (Image : Freepik)
Bajaj Life Pension Index Fund NFO : बजाज लाइफ इंश्योरेंस के नए पेंशन इंडेक्स फंड में सब्सक्रिप्शन खुला हुआ है. बजाज लाइफ बीएसई 500 एनहांस्ड वैल्यू 50 पेंशन इंडेक्स फंड (Bajaj Life BSE 500 Enhanced Value 50 Pension Index Fund) के नाम से लॉन्च यह स्कीम एक यूलिप लिंक्ड पेंशन फंड(ULIP-linked Pension Fund)है. इस स्कीम का मकसद निवेशकों को बीमा कवरेज के साथ ही साथ लंबी अवधि में वैल्यू बेस्ड निवेश के जरिए रिटायरमेंट कॉर्पस तैयार करने का मौका देना है. इस न्यू फंड ऑफर में सब्सक्रिप्शन 3 नवंबर से 16 नवंबर 2025 तक खुला है.
इस पेंशन फंड में क्या है खास?
बजाज लाइफ BSE 500 एनहांस्ड वैल्यू 50 पेंशन इंडेक्स फंड के न्यू फंड ऑफर (New Fund Offer) का उद्देश्य निवेशकों को देश के इक्विटी मार्केट की ग्रोथ में शामिल होने का मौका देना है. यूलिप से जुड़ी यह मार्केट लिंक्ड स्कीम BSE 500 Enhanced Value 50 Index को ट्रैक करेगी, जिसमें बीएसई 500 यूनिवर्स से चुनी गई 50 कंपनियों में निवेश किया जाएगा. ये कंपनियां तीन प्रमुख फाइनेंशियल पैरामीटर्स - बुक टू प्राइस (Book-to-Price), अर्निंग्स टू-प्राइस (Earnings-to-Price) और सेल्स-टू-प्राइस (Sales-to-Price) रेशियो के आधार पर चुनी जाती हैं. इसका मकसद उन कंपनियों की पहचान करना है, जिनके फंडामेंटल्स मजबूत हैं, लेकिन फिलहाल बाजार में उनकी प्राइस अंडरवैल्यूड चल रही हैं.
Also read : UPS अपनाने वालों के लिए क्या हैं VRS के नियम, सरकारी कर्मचारियों के लिए लागू गाइडलाइन्स की 5 बड़ी बातें
ULIP स्कीम से जुड़ा ऑप्शन
बजाज लाइफ इंश्योरेंस (Bajaj Life Insurance) का यह नया फंड ऑफर कंपनी की यूलिप (ULIP) स्कीम बजाज लाइफ स्मार्ट पेंशन प्लान (Bajaj Life Smart Pension Plan)के तहत उपलब्ध कराया जा रहा है. यानी यह फंड उन पॉलिसीहोल्डर्स के लिए है जो एक ही स्कीम में इंश्योरेंस और इन्वेस्टमेंट दोनों का फायदा लेना चाहते हैं. ULIP में पॉलिसीहोल्डर को लाइफ कवर के साथ-साथ वेल्थ क्रिएशन का मौका मिलता है, जिससे लंबी अवधि में एक मजबूत रिटायरमेंट कॉर्पस तैयार करने में मदद मिलती है.
स्कीम की निवेश रणनीति
इंडेक्स फंड (Index Fund) होने के कारण यह स्कीम एक सिस्टमेटिक और रूल-बेस्ड मेथडोलॉजी के आधार पर निवेश करेगी, जिसमें स्टॉक्स का सेलेक्शन फिक्स्ड फाइनेंशियल डेटा और वैल्यू पैरामीटर्स के आधार पर किया जाएगा. इंडेक्स को ट्रैक करने के कारण स्टॉक्स के सेलेक्शन में ट्रांसपेरेंसी रहेगी और निवेशक इसके पोर्टफोलियो और परफॉर्मेंस को आसानी से ट्रैक कर सकते हैं.
नए फंड के बारे में जानकारी देते हुए बजाज लाइफ इंश्योरेंस के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर श्रीनिवास राव रावुरी ने कहा, “बजाज लाइफ BSE 500 एनहैंस्ड वैल्यू 50 पेंशन इंडेक्स फंड के साथ हमारा मकसद रिटायरमेंट प्लानिंग में वैल्यू इन्वेस्टिंग के डिसिप्लिन्ड फ्रेमवर्क को लाना है. यह फंड इक्विटी इन्वेस्टिंग का स्ट्रक्चर्ड तरीका अपनाते हुए उन कंपनियों पर फोकस करेगा, जिनके फंडामेंटल मज़बूत हैं और वैल्यू भी सही है.”
यह स्कीम जिस BSE 500 Enhanced Value 50 Index को ट्रैक करेगी, उसमें लार्ज कैप (Large Cap), मिड कैप (Mid Cap) और स्मॉल कैप (Small Cap) स्टॉक्स का बैलेंस रखा जाता है. किसी एक सेक्टर या सेगमेंट में ज्यादा एक्सपोजर न हो, इसके लिए एक कंपनी का मैक्सिमम वेटेज 4% और सेक्टर का अधिकतम वेटेज 30% रखा गया है. इस इंडेक्स को हर तीन महीने बाद - मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर में रीबैलेंस किया जाता है ताकि बाजार के नए हालात के मुताबिक पोर्टफोलियो को एडजस्ट किया जा सके.
Also read : ETF Investment Tips : सैकड़ों ETF की भीड़ में अपने लिए कैसे चुनें सही फंड, ये हैं 5 आसान टिप्स
रिटर्न और रिस्क प्रोफाइल
यह एक हाई रिस्क-हाई रिटर्न इनवेस्टमेंट ऑप्शन है. बीते वर्षों में, BSE 500 Enhanced Value 50 Index ने कई बार Sensex और BSE 500 जैसे बड़े इंडेक्स को मात दी है. बाजार की गिरावट के दौरान इसमें अधिक वोलैटिलिटी देखी गई है. लेकिन लंबी अवधि में यह इंडेक्स बेहतर प्रदर्शन करता आया है. इसी आधार पर कंपनी उम्मीद कर रही है कि यह फंड लंबी अवधि में कैपिटल एप्रिसिएशन (Capital Appreciation) दे सकता है. लेकिन इक्विटी मार्केट में पिछले प्रदर्शन के आगे भी जारी रहने की कोई गारंटी नहीं होती है.
Also read : SBI रिसर्च की रिपोर्ट ने ‘गोल्ड पॉलिसी’ को देश के लिए क्यों बताया जरूरी? सोने की कीमतों पर क्या जताया अनुमान
कैसा होगा फंड अलोकेशन
इस फंड का अलोकेशन स्ट्रक्चर इंडेक्स पर आधारित होगा, जिसमें 65%-100% तक निवेश इक्विटी और इक्विटी आधारित इंस्ट्रूमेंट्स (Equity and Equity-related Instruments) में किया जा सकता है. जबकि कैश, बैंक डिपॉजिट्स, लिक्विड फंड्स और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स (Cash, Bank Deposits, Liquid Mutual Funds & Money Market Instruments) में निवेश 0% से 35% तक रहेगा.
NFO की बड़ी बातें (Highlights)
फंड का नाम: Bajaj Life BSE 500 Enhanced Value 50 Pension Index Fund
NFO ओपनिंग डेट: 3 नवंबर 2025
NFO क्लोजिंग डेट: 16 नवंबर 2025
फंड टाइप: मार्केट-लिंक्ड पेंशन फंड (ULIP आधारित)
बेंचमार्क: BSE 500 Enhanced Value 50 Index
रिस्क प्रोफाइल: बहुत अधिक (Very High Risk)
फंड का उद्देश्य : वैल्यू-बेस्ड निवेश के जरिए लॉन्ग टर्म कैपिटल ग्रोथ
इन बातों का ध्यान रखें
इस एनएफओ में निवेश के बारे में कोई भी फैसला करने से पहले इस बात को ध्यान में रखें कि यूलिप से जुड़े होने के कारण यह स्कीम किसी आम म्यूचुअल फंड एनएफओ जैसी नहीं है. इसका मकसद वेल्थ क्रिएशन के साथ ही साथ इंश्योरेंस कवरेज देना भी है. यानी यह स्कीम उन्हीं निवेशकों के लिए सही है, जो एक ही स्कीम में निवेश और बीमा कवरेज दोनों लेना चाहते हैं. साथ ही इक्विटी में एक्सपोजर के कारण इसमें मार्केट रिस्क भी बहुत अधिक होगा. लिहाजा निवेश से पहले अपनी रिस्क लेने की क्षमता को भी ध्यान में रखें. निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला करने से पहले स्कीम के दस्तावेजों को अच्छी तरह पढ़ना और समझना जरूरी है.
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का मकसद सिर्फ जानकारी देना है, निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला अपने इनवेस्टमेंट एडवाइजर से सलाह-मशविरा करने के बाद ही करें)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us