/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/31/sbi-mutual-fund-scheme-delivers-4x-return-in-5-years-ai-2025-07-31-17-18-45.jpg)
Nippon India Small Cap Fund ने 8000 रुपये की SIP से 15 साल में करीब 1 करोड़ रुपये का फंड तैयार किया है. (AI Generated Image)
Nippon India Small Cap Fund Long Term Track Record : निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड लॉन्ग टर्म रिटर्न के लिहाज से अपनी कैटेगरी की नंबर वन स्कीम है, जिसने लंबी अवधि के लिए निवेश करने वाले इनवेस्टर्स को लगातार अच्छा मुनाफा कराया है. अगर किसी ने इस फंड में अब से 15 साल पहले निवेश शुरू किया होगा और हर महीने सिर्फ 8000 रुपये भी लगाए होंगे, तो उसकी मौजूदा फंड वैल्यू 1 करोड़ रुपये के बेहद करीब पहुंच चुकी होगी. इस स्कीम ने सिर्फ सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान यानी SIP पर ही नहीं, बल्कि एकमुश्त (Lumpsum) निवेश करने वालों को भी लंबी अवधि में 20% से ज्यादा की दर से सालाना रिटर्न दिया है. यह स्कीम एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) के लिहाज से भी स्मॉल कैप फंड कैटेगरी में सबसे बड़ी है.
3 साल से 15 साल तक हर अवधि में चमकदार प्रदर्शन
निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड (Nippon India Mutual Fund) की इस इक्विटी स्कीम की शुरुआत 16 सितंबर 2010 को हुई थी. उसके बाद से अब तक इस स्कीम ने 3 साल से लेकर 15 साल तक, हर अवधि में अपने निवेशकों को लंपसम और सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान यानी SIP, दोनों पर बेहद आकर्षक रिटर्न दिए हैं.
लंपसम निवेश पर शानदार रिटर्न
निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड में लंपसम इनवेस्टमेंट पर सालाना रिटर्न (CAGR) इस प्रकार है :
3 साल में : 20.90 % (रेगुलर प्लान), 21.87% (डायरेक्ट प्लान)
5 साल में : 28.94 % (रेगुलर प्लान), 30.02% (डायरेक्ट प्लान)
7 साल में : 22.99 % (रेगुलर प्लान), 24.04% (डायरेक्ट प्लान)
10 साल में : 19.87 % (रेगुलर प्लान), 21.02% (डायरेक्ट प्लान)
15 साल में : 20.58 % (रेगुलर प्लान)
इस स्कीम का डायरेक्ट प्लान 1 जनवरी 2013 को शुरू हुआ था, इसलिए इसके 15 साल के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं.
निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड का SIP रिटर्न
निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड ने सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान (Systematic Investment Plan) यानी SIP के जरिये किए गए निवेश पर भी आकर्षक एन्युलाइज्ड रिटर्न दिए हैं, जो इस प्रकार हैं :
3 साल में : 14.87 % (रेगुलर प्लान), 15.81 % (डायरेक्ट प्लान)
5 साल में : 20.64 % (रेगुलर प्लान), 21.68 % (डायरेक्ट प्लान)
7 साल में : 25.57 % (रेगुलर प्लान), 26.66 % (डायरेक्ट प्लान)
10 साल में : 22.18 % (रेगुलर प्लान), 23.25 % (डायरेक्ट प्लान)
15 साल में : 22.98% % (रेगुलर प्लान)
15 साल तक 8000 रुपये मंथली SIP करने पर कुल निवेश : 14.40 लाख रुपये
15 साल बाद SIP की फंड वैल्यू : 99,50,832 रुपये (रेगुलर प्लान)
फंड की निवेश रणनीति
निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड के मैनेजर्स का फोकस ऐसी स्मॉल कैप कंपनियों के स्टॉक्स में निवेश करने पर रहता है, जिनमें लंबी अवधि के दौरान मिड कैप बनने की क्षमता नजर आ रही हो. यानी इन कंपनियों में तेज ग्रोथ की संभावना छिपी रहती है. इस रणनीति की वजह से लॉन्ग टर्म में बेहतर रिटर्न मिलने की उम्मीद रहती है. स्मॉल कैप स्टॉक्स का मतलब है उन कंपनियों के शेयर, जो मार्केट कैपिटलाइजेशन के हिसाब से देश की टॉप 250 कंपनियों के बाद आती हैं. यानी जिनकी रैंकिंग मार्केट कैप के हिसाब से 251 या उससे नीचे होती है.
पोर्टफोलियो में टॉप 10 सेक्टर
सेक्टर / पोर्टफोलियो में हिस्सेदारी
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स : 7.97 %
बैंक : 6.9 %
इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स : 6.44 %
इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट : 6.35 %
ऑटो कंपोनेंट्स : 6.09 %
कैपिटल मार्केट्स : 5.49 %
फार्मा एंड बॉयोटेक : 5.26 %
केमिकल्स एंड पेट्रोकेमिकल्स : 3.7%
हेल्थकेयर सर्विसेज : 3.7%
फाइनेंस : 3.47%
Also read : SBI MF का बच्चों के लिए नंबर 1 प्लान, इस सुपर अचीवर स्कीम ने तमाम हाइब्रिड फंड्स को पीछे छोड़ा
पोर्टफोलियो के टॉप 10 शेयर (Top 10 Holdings)
कंपनी / पोर्टफोलियो में हिस्सेदारी
MCX : 2.48 %
HDFC Bank : 1.9 %
SBI : 1.41 %
Karur Vysya Bank : 1.34 %
Kirloskar Brothers : 1.22 %
eClerx Services : 1.17 %
Zydus Wellness: 1.16 %
TD Power Systems: 1.15 %
Apar Apar Industries : 1.13 %
Bharat Heavy Electricals : 1.1 %
(Source : Fund Fact Sheet, AMFI, Value Research)
रिस्क लेवल और खर्च
निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड को रिस्कोमीटर पर बहुत अधिक जोखिम (Very High Risk) की रेटिंग मिली हुई है. इस स्कीम का एक्सपेंस रेशियो (Expense Ratio) रेगुलर प्लान में 1.39% और डायरेक्ट प्लान में 0.63% है.AMFI के पोर्टल पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक 1 दिसंबर 2025 को इस स्कीम का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 68,548 करोड़ रुपये था, जो स्मॉल कैप फंड्स में सबसे अधिक है.
निवेश से पहले ध्यान रखें
निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड ने भले ही 3 साल से लेकर 15 साल तक की हर अवधि में बेहतर रिटर्न दिए हों, लेकिन किसी भी म्यूचुअल फंड में पिछला प्रदर्शन आगे भी जारी रहने की गारंटी नहीं होती. इस स्कीम को वेरी हाई रिस्क की रेटिंग मिली है. हालांकि अधिकांश इक्विटी फंड्स को यही रेटिंग मिलती है, लेकिन लार्ज कैप और मिड कैप फंड्स की तुलना में स्मॉल कैप फंड्स (Small Cap Funds) को ज्यादा रिस्की माना जाता है. इसलिए इसमें निवेश करने से पहले अपनी रिस्क लेने की क्षमता को जरूर परख लें और अपने इक्विटी पोर्टफोलियो में स्मॉल कैप का हिस्सा 20-25 फीसदी से ज्यादा न रखें. इन फंड्स में पैसे तभी लगाएं, जब आप अपने निवेश को 5 साल या उससे ज्यादा समय के लिए होल्ड कर सकते हों. ऐसा इसलिए क्योंकि स्मॉल कैप फंड्स में शॉर्ट टर्म में तेज उतार-चढ़ाव आने की संभावना रहती है.
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और अपने इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us