/financial-express-hindi/media/media_files/2025/06/10/YyQAU65mcN5C2slUS9th.jpg)
NPS New Rules 2025: गोल्ड, सिल्वर और निवेश नए विकल्पों से कितनी बदली रिटायरमेंट प्लानिंग की तस्वीर? (AI Generated Image)
NPS New Rules 2025 explained | National Pension System Benefits : रिटायरमेंट की बात आते ही अक्सर लोगों के चेहरों पर चिंता की लकीरें गहरी हो जाती हैं. लेकिन नेशनल पेंशन सिस्टम (National Pension System) यानी NPS में हाल ही में हुए बदलावों से निवेशकों की ये जर्नी थोड़ी आसान होने की उम्मीद की जा रही है. इक्विटी में ज्यादा निवेश और गोल्ड, सिल्वर, ETF व AIF जैसे नए ऑप्शन जुड़ने के बाद एनपीएस अब एक “सेफ लेकिन बोरिंग” स्कीम नहीं रह गया है. बल्कि PFRDA के नए नियमों ने इसे ज्यादा फ्लेक्सिबल, मॉडर्न और निवेशकों की बदलती जरूरतों के करीब ला दिया है. सवाल ये है कि क्या एनपीएस अब वाकई ज्यादा पावरफुल रिटायरमेंट टूल बन गया है और इन बदलावों से आपको असल में क्या फायदा होगा?
NPS में क्या बदला और क्यों बड़ा है ये अपडेट
पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी PFRDA ने 10 दिसंबर 2025 को एनपीएस के निवेश नियमों में बड़े बदलाव किए. इन बदलावों का मकसद है निवेश के मामले में ज्यादा ऑप्शन देकर रिटायरमेंट प्लानिंग को मार्केट के साथ और बेहतर तरीके से जोड़ना. अब एनपीएस टियर-I और टियर-II दोनों में इक्विटी, डेट और अल्टरनेटिव एसेट्स की रेंज पहले से कहीं ज्यादा चौड़ी हो गई है. इसे ऐसे समझिए जैसे अब आपकी रिटायरमेंट की थाली में सिर्फ दाल-चावल नहीं, बल्कि सलाद और मिठाई भी जुड़ गई है.
इक्विटी में ज्यादा निवेश का क्या है फायदा
इक्विटी निवेश को लेकर एनपीएस ने अपनी सोच को आगे बढ़ाया है. अब निवेश का दायरा Nifty 250 और चुनिंदा BSE 250 शेयरों तक बढ़ गया है. इसके साथ ही इक्विटी म्यूचुअल फंड, IPO और FPO जैसे विकल्प भी जोड़े गए हैं. खास बात यह है कि कुछ स्कीम्स में इक्विटी एक्सपोजर 100 फीसदी तक लेने का ऑप्शन मिलेगा. जिन निवेशकों की रिस्क लेने की क्षमता ज्यादा है, उनके लिए यह कंपाउंडिंग का जबरदस्त मौका हो सकता है. लंबी अवधि में यही हाई इक्विटी एक्सपोजर रिटायरमेंट कॉर्पस को मजबूत बना सकता है.
Also read : Parag Parikh Flexi Cap Fund : सबसे बड़े इक्विटी फंड का कैसा है पोर्टफोलियो, 1 लाख को बना चुका है 9.50 लाख
गोल्ड, सिल्वर और ETF में निवेश से कितना बदलेगा गेम
नए नियमों के तहत एनपीएस फंड्स अब गोल्ड और सिल्वर ETF में निवेश कर सकते हैं. इसके अलावा इक्विटी ओरिएंटेड अल्टरनेटिव इनवेस्टमेंट फंड्स (AIF) और REIT जैसे ऑप्शन भी शामिल किए गए हैं, हालांकि इन सबका कुल एक्सपोजर मैक्सिमम 5 फीसदी तक ही सीमित रहेगा. फिर भी इससे निवेशकों को ये फायदा होगा कि शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव के समय गोल्ड और सिल्वर जैसे एसेट्स उनके पोर्टफोलियो का बैलेंस बनाए रखने में मददगार साबित होंगे. यानी डायवर्सिफिकेशन थोड़ा बढ़ेगा, जिससे रिस्क को कम रखने में आसानी होगी.
डेट निवेश भी हुआ ज्यादा स्मार्ट और सुरक्षित
डेट साइड पर भी बदलाव कम नहीं हैं. अब एनपीएस फंड्स सिर्फ कॉरपोरेट बॉन्ड या बैंक एफडी तक सीमित नहीं रहेंगे. इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड, म्युनिसिपल बॉन्ड, REIT और InvIT डेट, यहां तक कि मॉर्गेज और एसेट बैक्ड सिक्योरिटीज तक को जगह मिली है. साथ ही कम रेटिंग वाले बॉन्ड्स पर सख्त नियम और क्रेडिट प्रोटेक्शन जैसे सेफगार्ड्स भी जोड़े गए हैं. इससे रिटर्न की संभावना और सुरक्षा के बीच बेहतर संतुलन बनता है.
Also read : HDFC फ्लेक्सी कैप फंड ने 5 साल में 3 गुना, 10 साल में 5 गुना किए पैसे, SIP पर भी हाई रिटर्न
मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क से बनेगा कस्टमाइज्ड प्लान
एनपीएस अब मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क की ओर बढ़ रहा है, जहां एक ही अकाउंट में इनवेस्टमेंट से जुड़ी अलग-अलग रणनीतियों को शामिल किया जा सकता है. इसका मतलब ये है कि आप अपनी उम्र, जोखिम लेने की क्षमता और रिटायरमेंट टाइमलाइन के हिसाब से पोर्टफोलियो को ज्यादा कस्टमाइज कर सकते हैं. यही वजह है कि इन बदलावों को भारत के रिटायरमेंट सिस्टम के सबसे अहम सुधारों में गिना जा रहा है.
लॉक-इन और लिक्विडिटी
इतने बदलावों के बावजूद एनपीएस की कुछ लिमिटेशन्स यानी सीमाएं अब भी बनी हुई हैं. लंबा लॉक-इन और सीमित लिक्विडिटी इसे शॉर्ट टर्म गोल्स के लिए सही नहीं बनाती. निकासी पर टैक्स ट्रीटमेंट की तुलना भी डायवर्सिफाइड इक्विटी म्यूचुअल फंड्स या ELSS जैसे विकल्पों से सोच-समझकर करनी चाहिए. हालांकि भविष्य में 80 फीसदी तक लंपसम विदड्रॉल की चर्चा अगर हकीकत बनती है, तो एनपीएस रिटायरमेंट के बाद कैश फ्लो के मामले में और मजबूत हो सकता है.
कुल मिलाकर एनपीएस के नए नियम इसे ज्यादा इनवेस्टर फ्रेंडली और समय के हिसाब से अपडेटेड स्कीम बनाते हैं. गोल्ड, सिल्वर, ETF और AIF में निवेश इसे पेंशन स्कीम के साथ ही साथ एक स्मार्ट लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म बना सकता है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us