/financial-express-hindi/media/media_files/2025/09/14/post-office-from-india-post-2025-09-14-15-18-01.jpg)
PPF, SCSS, SSY, NSC जैसी पोस्ट ऑफिस स्कीम्स की दरें 31 दिसंबर 2025 के आसपास रिवाइज की जाएंगी. (Image: X/@IndiaPostOffice)
Post Office Small Saving Scheme : पोस्ट ऑफिस की स्मॉल सेविंग स्कीम्स में निवेश करने वालों के लिए आने वाले कुछ दिन बेहद अहम हैं, क्योंकि वित्त मंत्रालय चालू वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी और आखिरी तिमाही के लिए ब्याज दरों की समीक्षा करने जा रहा है. जनवरी से मार्च 2026 की अवधि के लिए PPF, SCSS, SSY समेत सभी छोटी बचत योजनाओं की नई ब्याज दरों का ऐलान 31 दिसंबर 2025 के आसपास किया जाएगा.
दरअसल, मंत्रालय हर तीन महीने में इन योजनाओं की ब्याज दरों की समीक्षा कर अगली तिमाही के लिए दरें तय करता है, और इसी प्रक्रिया के तहत अब अंतिम तिमाही पर फैसला लिया जाना है, जिसका सीधा असर करोड़ों निवेशकों पर पड़ेगा. इससे पहले अक्टूबर-दिसंबर 2025 की तिमाही के लिए सितंबर में की गई समीक्षा के दौरान सरकार ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया था और सभी स्मॉल सेविंग स्कीम्स की दरें यथावत रखी गई थीं.
पिछले 7 क्वॉर्टर से नहीं बदलीं ब्याज दरें
ऐसा लगातार सातवीं तिमाही में हुआ जब इन स्कीम्स की दरें जस की तस रखी गईं. इसका मतलब है कि निवेशकों को फिलहाल वही रिटर्न मिल रहा है जो अप्रैल-जून 2024 तिमाही में तय हुआ था. अब सवाल ये है कि क्या चालू वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही यानी जनवरी-मार्च 2026 की तिमाही में इसमें कोई बदलाव देखने को मिलेगा. जिन स्कीम्स की ब्याज दरों पर फैसला होना है उनमें ये सबसे लोकप्रिय हैं.
सुकन्या समृद्धि योजना
सुकन्या समृद्धि योजना यानी SSY में इस समय 8.2% सालाना ब्याज दिया जा रहा है. यह स्कीम खासतौर पर बेटियों की पढ़ाई और शादी के खर्च को ध्यान में रखकर बनाई गई है. इसमें सालाना आधार पर ब्याज जुड़ता है और कंपाउंड होकर आगे बढ़ता है.
सीनियर सिटिजन्स सेविंग स्कीम
सीनियर सिटिजन्स सेविंग स्कीम (SCSS) भी 8.2% सालाना ब्याज देती है. इसमें खास बात यह है कि ब्याज की रकम हर तीन महीने में सीधे खाते में आती है. इसलिए रिटायर लोगों के लिए यह एक स्थिर इनकम का भरोसेमंद जरिया माना जाता है.
पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम
अगर किसी को हर महीने तय इनकम चाहिए तो पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS) बेहतर विकल्प है. इसमें 7.4% सालाना ब्याज मिलता है और यह रकम हर महीने सीधे खाते में पहुंचती है.
PPF और NSC
पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (PPF) लंबे समय के लिए सबसे लोकप्रिय योजनाओं में शामिल है. इसमें 7.1% सालाना ब्याज मिलता है जो टैक्स फ्री होता है. वहीं नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC) पर 7.7% ब्याज तय है. दोनों ही स्कीमें सुरक्षित निवेश चाहने वालों के लिए बेहतरीन मानी जाती हैं.
किसान विकास पत्र और पोस्ट ऑफिस एफडी
किसान विकास पत्र (KVP) पर 7.5% ब्याज मिल रहा है और यह पैसा तय समय में दोगुना हो जाता है. पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट यानी पोस्ट ऑफिस एफडी पर ब्याज दरें अलग-अलग टेन्योर पर निर्भर करती हैं. तीन साल के एफडी पर 7.1% और पांच साल के एफडी पर 7.5% ब्याज तय है.
पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट
पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट (POSA) पर सालाना 4% की दर से ब्याज मिल रहा है. खास बात यह है कि यह दर पिछले 14 साल से एक जैसी बनी हुई है. दिसंबर 2011 के बाद से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है.
आगे क्या है उम्मीद?
अब सारी नजरें 31 दिसंबर को होने वाली घोषणा पर टिकी हैं. महंगाई और ब्याज दरों के मौजूदा माहौल को देखते हुए सरकार बदलाव कर सकती है. आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा कि PPF, SCSS और SSY जैसी लोकप्रिय स्कीम्स में रिटर्न उतना ही रहेगा या फिर उसमें कोई बदलाव होगा.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us